पटना जिले में रविवार को भी सभी मतदान केदों पर विशेष मतदाता पुनरीक्षण शिविर सुबह 7 से अपराह्न 12 तक लगा रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम को बहुत आसान कर दिया गया है। इसमें मतदाताओं को एक पासपोर्ट आकार का फोटो, वोटर आईडी कार्ड का एपिक नंबर और जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित समुचित कागजात की जरूरत है, जो एक सामान्य व्यक्ति के पास उपलब्ध रहता है।
मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में मतदाताओं को कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए शनिवार को प्रत्येक बूथ पर शिविर लगाया गया। कई केंद्र खुले थे तो कई बूथ बंद थे। जो लोग बूथ पर पहुंचे थे, उनका कहना था कि सत्यापन में काफी परेशानी हो रही है।
बांकीपुर विस क्षेत्र के किदवईपुरी के बूथ संख्या 82, 83 और 85 शनिवार को बंद रहे। यहां तीन मतदान केंद्र हैं। तीनों बूथ पर बीएलओ का मोबाइल नंबर भी दिया गया है। शनिवार को इस बूथ पर भी गहन मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए शिविर लगना था। आसपास के लोगों का कहना था कि शुक्रवार को बीएलओ बूथ पर आए थे, लेकिन शनिवार को पूरे दिन नहीं रहे। इसीलिए मतदाताओं को निराश होकर लौटना पड़ा। प्राथमिक विद्यालय रूकनपुरा में भी तीन मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यह मतदान केंद्र शनिवार को खुला हुआ था। यहां बीएलओ बैठे हुए थे। जो मतदाता आ रहे थे, उनका कागजात जमा किया जा रहा था। एक बीएलओ तो मतदान केंद्र से ही मोबाइल एप से ऑनलाइन कर रहा था। खाजपुरा स्थित किड्स स्कूल में तीन बूथ हैं। यहां मतदाताओं को शनिवार को मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए बुलाया गया था। यहां तैनात गार्ड ने कहा कि सुबह से कई मतदाता कागजात लेकर पहुंचे, लेकिन बीएलओ नहीं आई थी। खाजपुरा स्थित एक स्कूल में बीएलओ फॉर्म ले रहे थे। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि 26 जून से ही सभी मतदान केंद्रों पर फॉर्म लेने और भरने का काम बीएलओ कर रहे हैं।
पुनरीक्षण कार्य नहीं करने पर महिला कर्मी निलंबित
शनिवार को डीएम ने एक महिला कर्मचारी को निलंबित कर दिया। मध्य विद्यालय फुलवारीशरीफ पर तैनात मतदान केंद्रस्तरीय पदाधिकारी रेणु मिश्रा पर आरोप है कि वे निर्वाचन कार्य में भाग नहीं ले रही है। बार-बार कहने के बाद भी बूथ पर नहीं पहुंच रही हैं।
1.12 करोड़ गणना फॉर्म हुए जमा, 94% को मिला आवेदन
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान शनिवार की शाम 7 बजे तक 1,12,01,674 गणना फॉर्म चुनाव आयोग को प्राप्त हो चुके हैं। यह बिहार में 24 जून 2025 की स्थिति में दर्ज कुल 7,89,69,844 (लगभग 7.90 करोड़) मतदाताओं का 14.18 प्रतिशत है। कुल अपलोड किए गए गणना फॉर्म की संख्या 23,90,329 रही, जिसमें से 23,14,602 फॉर्म बीएलओ के माध्यम से अपलोड किए गए हैं, जबकि 75,789 फॉर्म आम मतदाताओं द्वारा ऑनलाइन माध्यम से अपलोड किए गए। गणना फॉर्म वितरण का आंकड़ा भी बढ़कर 93.57 प्रतिशत हो गया है, जिसमें अबतक 7,38,89,333 फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं।
शनिवार को चुनाव आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण जोर शोर से जारी है। बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ), बीएलओ पर्यवेक्षक, निर्वाचन से जुड़े सभी अधिकारी, राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए (बूथ लेवल एजेंटस) और स्वयंसेवक मिलकर जमीनी स्तर पर यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।







