अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस अपनी पत्नी उषा वेंस और तीन बच्चों के साथ पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंचे. पालम हवाई अड्डे पर गार्ड ऑफ ऑनर और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के स्वागत ने माहौल को खास बना दिया. उनके बच्चे कुर्ता-पायजामा और बेटी लहंगा पहने हुए नजर आए. उनके भारत आने से पहले दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. चाणक्यपुरी और अक्षरधाम में स्वागत होर्डिंग्स और कड़ी सुरक्षा है. यह यात्रा 21 अप्रैल से 24 अप्रैल तक चलेगी. वाइट हाउस प्रेस पूल के अनुसार, वांस अपने परिवार के साथ इटली की यात्रा कर रहे थे और रविवार रात को एयरफोर्स टू (AF2) में सवार हुए. सोमवार सुबह लगभग 9.30 बजे उनका विमान नई दिल्ली के पालम एयरफोर्स स्टेशन पर उतरा है. औपचारिक रूप से सुबह 10:00 बजे उनका स्वागत किया जाएगा. उपराष्ट्रपति वेंस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार शाम 6.30 बजे प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास, 7 लोक कल्याण मार्ग पर औपचारिक मुलाकात करेंगे. एयरफोर्स-2 में सवार होने से पहले, वेंस को अपनी सोती हुई बेटी मिराबेल को कार से धीरे-धीरे उठाते हुए देखा गया, जबकि उनके बेटे इवान और विवेक खिलौने की तलवारें लहराते हुए सवार हुए. उनके साथ अमेरिका की दूसरी महिला उषा वेंस भी थीं.
वेंस का प्लेन सुबह 9:45 बजे दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उतरा। यहां केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें रिसीव किया। एयरपोर्ट पर ही उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वेंस, उनकी पत्नी और बच्चों के सामने कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य पेश किया। प्रधानमंत्री मोदी आज शाम वेंस और उनके परिवार के लिए डिनर होस्ट करेंगे। वेंस विदेश मंत्री एस जयशंकर, NSA अजित डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिस्री और अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा से भी मुलाकात करेंगे।
अक्षरधाम मंदिर पहुंचकर किया दर्शन
जेडी वेंस लाइव न्यूज अपडेट: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस, उनकी पत्नी उषा वेंस और तीन बच्चों ने दिल्ली के स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर में दर्शन किया. इसके बाद मंदिर परिसर से वह निकल गए. पालम हवाई अड्डे पर गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत के बाद वे सीधे मंदिर पहुंचे थे, जहां उन्होंने भगवान स्वामीनारायण की प्रतिमा के दर्शन किए और मंदिर की भव्य स्थापत्य कला देखी थी. वेंस और उनका परिवार दर्शन के बाद माला पहने हुए था.
भारतीय कपड़ों में वेंस के बच्चों ने जीता सबका दिल
जेडी वेंस भारत यात्रा लाइव न्यूज: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस अपनी पहली भारत यात्रा पर पत्नी उषा वेंस और तीन बच्चों- ईवान, विवेक और मरिबेल के साथ दिल्ली पहुंचे. पालम हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनका स्वागत किया, जहां गार्ड ऑफ ऑनर ने दौरे की शुरुआत को यादगार बनाया. वेंस के बच्चे भारतीय परिधानों में सबका दिल जीत रहे हैं. लड़कों ने नीला और पीला कुर्ता पायजामा पहना, तो मरिबेल नीले अनारकली सूट में नन्हीं परी लग रही थीं. उषा, जो भारतीय मूल की हैं, लाल ड्रेस और सफेद कोट में शानदार दिखीं. आज शाम 6:30 बजे वेंस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 7, लोक कल्याण मार्ग पर मिलेंगे, जहां व्यापार, रक्षा और ट्रंप के टैरिफ पर बात होगी.
भारत-अमेरिकी साझेदारी को मिलेगी मजबूती- विदेश मंत्रालय
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस, उनकी पत्नी उषा वेंस और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का भारत में शानदार स्वागत हुआ. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ट्वीट किया, ‘केंद्रीय रेल व सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पालम हवाई अड्डे पर वेंस का स्वागत किया. 21 से 24 अप्रैल तक दिल्ली, जयपुर और आगरा की यह आधिकारिक यात्रा भारत-अमेरिका की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी.’ वेंस आज अक्षरधाम मंदिर (Akshardham Mandir) पहुंचे. शाम को वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे.
13 साल बाद भारत दौरे पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ उनकी पत्नी उषा, उनके तीन छोटे बच्चे इवान, विवेक, मीराबेल और अमेरिकी प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। 13 साल में यह किसी अमेरिकी उपराष्ट्रपति की पहली भारत यात्रा होगी। पिछली बार जो बाइडेन उपराष्ट्रपति के रूप में 2013 में भारत आए थे।
वेंस का भारत दौरा दो वजहों से अहम
जेडी वेंस का भारत दौरा दो वजहों से अहम है। इस वक्त भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील, टैरिफ को लेकर तनाव की स्थिति है। प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति वेंस के बीच व्यापार, टैरिफ, क्षेत्रीय सुरक्षा और बाइलेट्रल कोऑपरेशन को बढ़ाने के तरीकों सहित कई अहम मुद्दों पर बातचीत होगी।
1. द्विपक्षीय व्यापार समझौता: यह दौरा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के पहले चरण को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। दोनों देश 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 500 अरब डॉलर तक बढ़ाने का लक्ष्य रखते हैं। वेंस और मोदी के बीच व्यापार, आयात शुल्क और गैर-टैरिफ बाधाओं को कम करने पर चर्चा हो सकती है।
2. टैरिफ विवाद: यह यात्रा ट्रम्प प्रशासन की टैरिफ नीति के कारण बढ़े तनाव के बीच हो रही है। ट्रम्प ने 2 अप्रैल, 2025 को भारत पर 26% टैरिफ की घोषणा की थी, जिसे बाद में 90 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया। वेंस की यात्रा से इस मुद्दे पर बातचीत को आगे बढ़ाने और तनाव कम करने की उम्मीद है।







