बिहार सरकार पूरे राज्य में ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम करेगी। सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों यानी 534 प्रखंडों में यह होगा। इसमें अधिकारियों के अलावा जिले के प्रभारी मंत्री भी शामिल होंगे। यह अगले महीने से शुरू होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इस कार्यक्रम के लिए 225.78 करोड़ रुपए मंजूर किए गए। अगले विधानसभा चुनाव के पहले तक चलाए जाने वाले इस कार्यक्रम में सरकार, जीविका दीदियों से बातचीत करेगी। महिलाओं को आत्मनिर्भर व स्वावलंबी बनाने के लिए सरकार और क्या करे, ऐसे कई मसलों पर दीदियों से राय ली जाएगी।
जीविका दीदियां कृषि, पशुपालन, हस्तशिल्प, लघु उद्योग व जीविकोपार्जन की अन्य गतिविधियों में शामिल हैं। फिलहाल जीविका के तहत 10.63 लाख स्वयं सहायता समूह हैं। इससे 1.34 करोड़ से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। 6 हजार स्वयं सहायता समूह की महिलाएं ‘बैंक सखी’ बनकर गांवों में वित्तीय सुविधाएं मुहैया करा रही हैं। सरकार का दावा है कि इन योजनाओं से गांव की महिलाएं आत्मनिर्भर बन अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर रही हैं। उनके बनाए उत्पादों को बेहतर मूल्य भी मिलता है।
सेना या सीपीएमएफ में शहीद होने पर अब 11 लाख की जगह राज्य सरकार 21 लाख रुपए देगी
बिहार सरकार ने सेना (सशस्त्र सेनाओं) और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीपीएमएफ) के शहीद कर्मियों के निकटतम आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह अनुदान राशि में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। सोमवार को कैबिनेट की बैठक में जवानों का मनोबल ऊंचा रखने के लिये अनुग्रह अनुदान राशि में बढ़ोतरी की मंजूरी दी गई। उसके तहत सेना में तैनात बिहारी या फिर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में देश के किसी कोने में काम करने वाले बिहारी/बिहार में किसी घटना में शामिल देश के किसी राज्य के निवासी हो उनके शहीद होने पर अब 11 लाख की जगह राज्य सरकार द्वारा 21 लाख अनुग्रह अनुदान राशि दी जाएगी।
पटना गया रेल लाइन पर आरओबी बनेगा
कैबिनेट ने तीन सड़क-पुल परियोजनाओं की मंजूरी दी है। पटना गया रेल लाइन पर डुमरी हॉल्ट और पोठही रेलवे स्टेशन के बीच आरओबी बनेगा। 109.22 करोड़ रुपए खर्च होंगे। आरओबी एसएच-1 (मुस्नापुर-मसौढ़ी-नौबतपुर-छोटी टंगरैला पथ के 11 वें किलोमीटर पर बनेगा। वहीं, छपरा बाईपास से छपरा मेडिकल कॉलेज तक 4लेन व पूर्वी एवं पश्चिमी पथ पर 2लेन सड़कों का निर्माण होगा। कुल 3.4 किमी सड़क के निर्माण के लिए 44 करोड़ मंजूर हुए हैं। साथ ही रामपुर एनएच 80 से श्रृंगि ऋषि धाम पथ तक 45 करोड़ की लागत से 21.85 किमी लंबी सड़क बनेगी।
अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय बनेंगे
पटना के मसौढ़ी और पश्चिम चंपारण के चनपटिया में 560-560 बेड क्षमता वाले अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय बनेंगे। पटना में इसके निर्माण पर 56.66 करोड़, पश्चिम चंपारण में 50.48 करोड़ रुपए खर्च होंगे। कैबिनेट ने दोनों के निर्माण की मंजूरी दी है। वहीं, अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में भोजन, नाश्ता, पोशाक की आपूर्ति, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई व वस्त्रों की धुलाई भी अब जीविका दीदियां करेंगी। कैबिनेट ने भवन निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता तारणी दास के रिटायर होेने के बाद योगदान की तिथि से अगले 2 वर्ष तक के लिए संविदा पर नियोजन की मंजूरी दी है।







