तरारी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए एनडीए ने अपने उम्मीदवार के नाम की औपचारिक घोषणा कर दी है. कयासों का बाजार खत्म हो चुका है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बाहुबली नेता सुनील पांडे के पुत्र विशाल प्रशांत को अपना उम्मीदवार घोषित किया है.यह चर्चा लंबे समय से थी कि सुनील पांडे खुद चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन बीजेपी ने उन्हें टिकट नहीं दिया. इसके बजाय, उनके बेटे विशाल प्रशांत को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है.
कुछ समय पहले पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सुनील पांडे और उनके बेटे विशाल प्रशांत बीजेपी में शामिल हुए थे. तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि विशाल प्रशांत को उपचुनाव में बीजेपी का टिकट मिलेगा, और अब यह कयास सही साबित हुए हैं. चार बार के विधायक रहे सुनील पांडे पहले समता पार्टी, फिर जेडीयू और निर्दलीय रह चुके हैं. अब उन्होंने पहली बार बीजेपी का दामन थामा है, और इसके तुरंत बाद उनके बेटे को उपचुनाव में टिकट मिलने का तोहफा मिला है.
तरारी विधानसभा की स्थिति
तरारी विधानसभा सीट पर पहले सीपीआई(एमएल) के सुदामा प्रसाद विधायक थे, लेकिन आरा लोकसभा सीट से चुनाव जीतने के बाद उनके संसद बनने से यह सीट खाली हो गई. चुनाव आयोग द्वारा इस उपचुनाव की घोषणा की गई, जिसमें अब विशाल प्रशांत को बीजेपी का उम्मीदवार बनाया गया है.
इंडिया गठबंधन ने किया प्रत्याशी का ऐलान
वहीं, जनसुराज पार्टी ने रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल एसके सिंह को अपने उम्मीदवार के रूप में घोषित किया है. दूसरी ओर, इंडिया गठबंधन की तरफ से सीपीआई(एमएल) के प्रत्याशी के रूप में राजू यादव का नाम चर्चा में है, लेकिन औपचारिक घोषणा अभी नहीं की गई है. राजू यादव 2014 में आरा लोकसभा सीट से बीजेपी के आरके सिंह के खिलाफ सीपीआई(एमएल) के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं.







