संविदा आधारित सहायक प्राध्यापक के लिए समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 43 वर्ष है। चयन प्रक्रिया 100 अंकों पर धारित होगी, जिसमें 88 अंक अकादमिक स्कोर और 12 अंक साक्षात्कार के लिए निर्धारित किए गए हैं। आवेदन के लिए तीन जुलाई को पोर्टल खुल गया है। अंतिम तिथि 15 जुलाई तक पड़ने वाले आवेदनों की स्क्रीनिंग के बाद 17-18 जुलाई को साक्षात्कार के लिए पत्र जारी होगा। 20 से 27 जुलाई तक साक्षात्कार होगा। 29 जुलाई को मेधा सूची जारी होगी।
बिहार में 3687 सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति होगी। नए 211 डिग्री कॉलेजों में संविदा पर बिहार राज्य विश्वविद्यालय आयोग के माध्यम से नियुक्ति की जाएगी। कॉलेजों को सात अगस्त तक सहायक प्राध्यापक मिल जाएंगे।
फिलहाल छह विषयों हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र विषयों में नियुक्ति होगी। इन पदों के लिए आवश्यक योग्यता न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ पीजी डिग्री, नेट-सेट व पीएचडी होगी। नियुक्ति में नियमानुसार उम्र में छूट दी जाएगी।
इन विषयों के लिए योग्य अभ्यर्थियों से 15 जुलाई तक समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। 20 एवं 27 जुलाई को अभ्यर्थियों से साक्षात्कार लिया जाएगा। 29 जुलाई को अभ्यर्थियों की मेधा सूची जारी होगी। इसके बाद आवंटित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में सात अगस्त तक योगदान करना होगा। बिहार राज्य विश्वविद्यालय आयोग द्वारा इनकी नियुक्ति के लिए विस्तृत शेड्यूल जारी किया गया है। इनमें हिंदी में 625, अर्थशास्त्र में 597, इतिहास में 662, राजनीति विज्ञान में 596, अंग्रेजी में 674 और समाजशास्त्र में 533 पद हैं। इन्हें सहायक प्राध्यापक का वेतनमान मिलेगा। इसके तहत चयनित सहायक प्राध्यापकों को 57700 रुपये मूल वेतन के अलावा महंगाई भत्ता भी मिलेगा।







