मणिपुर की इनर लोकसभा सीट के 11 बूथ पर सोमवार (22 अप्रैल) को दोबारा वोटिंग हो रही है। 19 अप्रैल को फर्स्ट फेज में वोटिंग के दौरान यहां फायरिंग और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई थीं। इसमें तीन लोग घायल हुए थे। EVM तोड़ी गई थीं। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी।
20 अप्रैल को चुनाव आयोग ने यहां दोबारा वोटिंग कराने के आदेश जारी किए थे। जिन 11 बूथों पर दोबारा वोटिंग हो रही, उनमें साजेब, खुरई, थोंगम, लेइकाई बामन कंपू (नॉर्थ-ए), बामन कंपू (नॉर्थ-बी), बामन कंपू (साउथ-वेस्ट), बामन कंपू (साउथ-ईस्ट), खोंगमान जोन-V(ए), इरोइशेम्बा, इरोइशेम्बा ममांग लेइकाई, इरोइशेम्बा मयाई लेइकाई और खैदेम माखा शामिल हैं।
आज वोटिंग के दौरान हिंसा न हो इसके लिए चुनाव आयोग ने इन बूथों पर सुरक्षाबलों की अतिरिक्त तैनाती की है। हिंसा प्रभावित मणिपुर की दोनों लोकसभा क्षेत्र- इनर और आउटर मणिपुर सीट के लिए 19 अप्रैल को 72 फीसदी वोटिंग हुई थी। आउटर सीट के कुछ अतिसंवेदनशील इलाकों में 26 अप्रैल को भी वोटिंग होगी।
मणिपुर के कई मतदान केंद्रों पर 19 अप्रैल को जमकर हिंसा हुई थी। कई जगह ईवीएम को भी नुकसान पहुंचाया गया था। इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने 47 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने की मांग की थी। इसमें इनट मणिपुर के 36 और आउटर मणिपुर के 11 मतदान केंद्र शामिल थे। हालांकि, चुनाव आयोग ने 11 केंद्रों पर ही दोबारा मतदान कराने का फैसला किया है। यह सभी केंद्र इनर मणिपुर के हैं। बाहरी मणिपुर के कुछ हिस्सों में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होना है।
हिंसा की वजह से दोबारा मतदान
मणिपुर में पिछले एक साल के अंदर जमकर हिंसा हुई है। यहां दो समुदायों के बीच संघर्ष जारी है, जिसके कारण कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है और सैकड़ों परिवार भी इससे प्रभावित हुए हैं। अब हजारों लोग अपना घर छोड़कर राहत शिविर में रहने के लिए मजबूर हैं। ऐसे में यहां चुनाप के प्रति ज्यादा उत्साह नहीं था। सभी उम्मीदवारों ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रचार किया। चुनाव आयोग को पहले ही मतदान के दौरान हिंसा का डर था। इस वजह से आउटर मणिपुर सीट पर दो चरण में मतदान कराने का फैसला किया गया ताकि कानून व्यवस्था बनाई जा सके और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए निष्पक्ष तरीके से मतदान हो। हालांकि, भीतरी मणिपुर में एक ही चरण में मतदान होना था, लेकिन यहां भी कई बूथों पर हिंसा हुई। इसके बाद आयोग ने 11 बूथों पर दोबारा मतदान कराने का फैसला किया।







