लोकसभा चुनाव के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में रोड शो और जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं. मंगलवार (9 अप्रैल) को पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. पीएम मोदी के साथ मंच पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, सीएम योगी आदित्यनाथ, पूर्व मंत्री सुरेश राणा और पीलीभीत से से बीजेपी के उम्मीदवार जितिन प्रसाद भी मौजूद रहे. पीलीभीत में रैली संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, भारत एक ग्लोबल पावर बनने को अग्रसर है. देश में सुरक्षा भी है सम्मान भी है. विकास की बड़ी बड़ी परियोजनाएं भी हैं और गरीब कल्याण की योजनाएं भी हैं. सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस की कुटिल चालों से भारत का विभाजन हुआ.
वहीं पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “आज से चैत्र नवरात्रि भी शुरू हो गई है, देशभर में शक्ति की उपासना उसकी धूम मची हुई है. नवरात्रि का वर्ष हो हर कोई भक्ति में डूबा हुआ है शक्ति उपासना में डूबा हुआ हो. ऐसे समय इतनी बड़ी रैली ये अपने आप में एक अजूबा है.”
पीएम मोदी ने कहा कि, “नवरात्रि के पावन पर्व पर भी इतनी बड़ी संख्या में आप हमें आशीर्वाद देने आए. आज भारत के लोग विकसित भारत के संकल्प पर काम कर रहे हैं. सारी दुनिया की मुश्किलों के बीच भारत ये दिखा रहा है कि उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है.” पीएम मोदी ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती आर्थिक ताकत बना तो आपको गर्व हुआ कि नहीं, हमारे चंद्रयान ने जब चांद पर तिरंगा फहराया तो आपको गर्व हुआ कि नहीं हुआ.
कभी कांग्रेस सरकारें दुनिया से मदद मांगती थी, लेकिन कोरोना के संकट में भारत ने दुनिया को दवाईयां भेजी. वैक्सीन भेजी, दुनिया में कहीं भी संकट आया हम एक एक भारतीय को सुरक्षित वापस लाए, अफगानिस्तान से गुरुग्रंथ साहब के पवित्र स्वरूपों को भी वापस लाए. उन्होंने कहा कि जब देश मजबूत होता है तो दुनिया उसकी सुनती है.







