उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी की यात्रा का मंगलवार को 38वां दिन है। जबकि यूपी में यात्रा का पांचवां दिन है। राहुल आज मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट में पेश हुए। यहां से जमानत मिल गई है। इसके बाद राहुल अमेठी से सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचे।
यहां राहुल ने कहा, अब रास्ता जाति जनगणना क्रांतिकारी का है। पहले पता लगाओ दलित, आदिवासी, पिछड़े कितने हैं और उनके हाथ में कितना धन है।
जिस दिन आप लोगों को पता लग गया कि दलितों के हाथ में, पिछड़ों के हाथ में, आदिवासियों के हाथ में कुछ नहीं है। उस दिन आप लोग जाग जाएंगे।
जो आपको करना है दो मिनट में कर दोगे। इसीलिए कांग्रेस पार्टी ने अपने मैनिफेस्टो में जाति जनगणना पहले नंबर पर लगा रखा है।
राहुल गांधी ने कहा अयोध्या राम मंदिर जाओ, वहां आपको नरेंद्र मोदी मिलेगा, अडानी दिखेगा, अंबानी मिलेगा।
रायबरेली के बछरावां से न्याय यात्रा लखनऊ में एंट्री कर गई है। यहां शहर के 15 बड़े क्षेत्रों से होते हुए राहुल घंटाघर के पास जनसभा करेंगे। इस दौरान न्याय यात्रा मोहनलाल गंज और लखनऊ लोकसभा दोनों क्षेत्रों से गुजरेगी।
इससे पहले, सोमवार को राहुल गांधी ने प्रतापगढ़ से न्याय यात्रा शुरू की थी। इसके बाद अपने पुराने संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंचे। गौरीगंज में करीब 1 किलोमीटर की पदयात्रा की। बाबूगंज की जनसभा में केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने युवक से पूछा- OBC और एससी-एसटी का मतलब
रायबरेली के सुपरमार्केट चौराहे पर राहुल गांधी ने हाथ में पोस्टर लिये खड़े एक युवक को अपनी जीप पर चढ़ाया और माइक पकड़ाते हुए उससे कहा कि पोस्टर में क्या लिखा है, युवक ने बताया एससी-एसटी-ओबीसी। जिसपर राहुल ने युवक से तीनों का मतलब पूछा। युवक घबरा गया तो उसके कंधे पर हाथ रखते हुए कहा खुलकर बोलो- तुम बब्बर शेर हो…
फिर एक-एक कर एससी-एसटी ओबीसी की आबादी पूछी। फिर युवक से कहा कि जब देश में पिछड़े, दलितों और आदिवासियों की इतनी बड़ी आबादी है तो रोने की जरूरत नहीं है। बताइये देश के बड़े बिजनेसमैनों में कितने मौर्या, पासी, यादव, जाटव, कुर्मी, लोधी का नाम आता है। जिसपर युवक ने कहा इनमें कहीं पर भी नहीं आता।
फिर राहुल ने पूछा कितने मीडिया चैनलों में इन वर्गों का नाम आता है? कहीं नहीं आता। अगर इनका नाम आता है तो मनरेगा कार्ड उठाकर देख लो, उसमें मजदूरी करने वालों में एसएसी एसटी ओबीसी और आदिवासियों का नाम मिल जाएगा। ये सरकार आप लोगों से सिर्फ मजदूरी करा रही है।







