प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए कहा कि आजादी के बाद इतने लंबे समय तक देश की सत्ता पर काबिज रहने वाली पार्टी के पतन और गिरावट को लेकर उनके मन में संवेदनाए हैं और वह ‘‘प्रार्थना” करेंगे कि वह अगले आम चुनाव में 40 सीट बचा ले. राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के एक बयान का हवाला देते हुए कहा कि वह प्रार्थना करेंगे कि आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 40 सीट ही बचा ले.
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की सोच भी ‘आउटडेटेड (पुरानी)’ हो गई है. जब उसकी सोच ही ‘आउटडेटेड’ हो गई है तो उसने अपना कामकाज भी ‘आउटसोर्स (बाहर से काम)’ कर लिया है. देखते ही देखते इतनी पुरानी पार्टी…इतने दशकों तक देश पर राज करने वाले दल का ऐसा पतन…ऐसी गिरावट…. हमें खुशी नहीं हो रही है. आपके प्रति हमारी संवेदनाए हैं.
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस पर देश को उत्तर और दक्षिण में बांटने का भी आरोप लगाया.
उन्होंने कहा, ‘‘जिस कांग्रेस ने सत्ता के लालच में सरेआम लोकतंत्र का गला घोंट दिया था, जिस कांग्रेस ने दर्जनों बार लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकारों को रातों-रात बर्खास्त कर दिया था, जिस कांग्रेस ने अखबारों पर भी ताले लगाने की कोशिश की थी… अब उसने देश को तोड़ने का विमर्श गढ़ना शुरू कर दिया है.”उन्होंने कहा, ‘‘अब देश को उत्तर-दक्षिण में तोड़ने के बयान दिए जा रहे हैं.”
उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को पूरी तरह कभी आरक्षण नहीं दिया, जिसने सामान्य वर्ग के गरीबों को कभी आरक्षण नहीं दिया, जिसने बाबा साहब को भारत रत्न के योग्य नहीं माना और केवल अपने परिवार को भारत रत्न देते रहे…वह अब हमें उपदेश दे रहे हैं, वो अब हमें सामाजिक न्याय का पाठ पढ़ा रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘जिस कांग्रेस के अपने नेता की कोई गारंटी नहीं है, वो मोदी की गारंटी पर सवाल उठा रहे हैं.”
उन्होंने कहा, ‘‘मैं (कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन) खरगे जी का विशेष आभार व्यक्त करना चाहता हूं.” उन्होंने किसी का नाम लिये बिना कहा कि लोकसभा में तो कभी कभी मनोरंजन का मौका मिल जाता है किंतु आजकल कम मिलता है क्योंकि वे दूसरी ड्यूटी पर हैं. ‘‘लेकिन लोकसभा में मनोरंजन की जो कमी थी वह आपने (खरगे ने) पूरी कर दी.’
मोदी ने कहा कि खरगे ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को 400 सीटें पाने का आशीर्वाद दिया है और वह चाहें तो अब इस आशीर्वाद को वापस ले सकते हैं.
इससे पहले, प्रधानमंत्री के उच्च सदन में प्रवेश करते ही सत्ताधारी दल के सदस्यों ने खड़े होकर और मेजे थपथपाकर उनका स्वागत किया. इस दौरान कुछ सदस्यों ने ‘जय श्री राम’ के नारे भी लगाए.
आरक्षण के ख़िलाफ़ थे पंडित नेहरू, बाबासाहेब न होते तो रिज़र्वेशन मिलता ही नहीं : राज्यसभा में बोले PM नरेंद्र मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया. इस दौरान पीएम मोदी कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा, बाबासाहेब ना होते तो रिज़र्वेशन भी नहीं मिलता है. पीएम मोदी ने राज्यसभा में कहा है कि पंडित नेहरू आरक्षण के खिलाफ थे. पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस ने अंबेडकर को भारत रत्न योग्य नहीं माना. ये हमें उपदेश दे रहे हैं. जिस कांग्रेस के अपने नेता की कोई गारंटी नहीं है, अपनी नीति की गारंटी नहीं है, वो मोदी की गारंटी पर सवाल उठा रहे हैं.
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “मैं आदरपूर्वक नेहरूजी को ज्यादा याद करता हूं. एक बार नेहरूजी ने चिट्ठी मुख्यमंत्रियों को लिखी. उन्होंने उस चिट्ठी में लिखा था, मैं किसी भी आरक्षण को पसंद नहीं करता. खासकर नौकरी में आरक्षण तो कतई नहीं. मैं ऐसे किसी भी कदम के खिलाफ हूं, जो अकुशलता को बढावा दे, जो दोयम दर्जे की तरफ ले जाए.”
पीएम मोदी ने कहा, “वो कहते थे कि अगर एससी-एसटी, ओबीसी को आरक्षण मिला तो सरकारी कामकाज का स्तर गिर जाएगा. आज जो आंकड़े गिनाते हैं ना उसका मूल यहां है. उस समय सरकार में भर्ती हुई होती और वो प्रमोशन करते आगे बढ़ते तो आज यहां पर पहुंचते.”
राज्यसभा में PM मोदी की कही 10 बड़ी बातें
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर पीएम मोदी ने कहा कि ये 75वां गणतंत्र दिवस अपने आप में मील का पत्थर है. संविधान की यात्रा के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर राष्ट्रपति जी के भाषण का ऐतिहासिक महत्व भी रहता है. उन्होंने अपने भाषण में भारत के आत्मविश्वास और भारत के उज्जवल भविष्य के प्रति विश्वास व्यक्त किया भारत के सामर्थ्य को बहुत कम शब्दों में और बहुत शानदार तरीके से व्यक्त किया है. विकसित भारत का संकल्प देने के लिए मैं हृदय से उनका बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूं
मामले से जुड़ी अहम जानकारियां :
- पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मुझे पिछले वर्ष का प्रसंग बराबर याद है. उस सदन में बैठते थे. देश के पीएम की आवाज का गला घोंटने का भरपूर प्रयास किया गया. हम बहुत धैर्य और नम्रता के साथ आपके एक-एक शब्द को सुनते रहे. आपने पूरे पौने 2 घंटे तक क्या जुर्म किया था, इसके बावजूद मैंने अपने शब्दों की मर्यादा नहीं तोड़ी. वही आज आप ना सुनने की तैयारी के साथ आए हैं, लेकिन मेरी आवाज को आप दबा नहीं पाएंगे, मैं पूरी तैयारी के साथ आया हूं.
- पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल से आपको जो चैलेंज आया है… कांग्रेस 40 पार नहीं कर पाएगी…. मैं प्रार्थना करता हूं कि आप 40 बचा पाएं. वैसे मेरा विश्वास पक्का हो गया है कि इस पार्टी की सोच आउटडेटेड हो गई है, इसलिए उन्होंने अपना कामकाज भी आउटसोर्स कर दिया है. हमारे प्रति आपकी संवेदनाएं हैं.
- पीएम मोदी ने कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि जिस कांग्रेस ने सत्ता के लालच में सरेआम लोकतंत्र का गला घोंट दिया था, रातों-रात चुनी हुई सरकार बर्खास्त कर दी गई, लोकतंत्र की मर्यादा को जेल के पीछे बंद कर दिया था, अखबारों पर ताले लगाने की कोशिश की थी, देश को जात-पात और भाषा के नाम पर देश को तोड़ने की कोशिश की थी, इतना कम नहीं था कि अब उत्तर और दक्षिम को तोड़ने के लिए बयान दे रहे हैं.
- पीएम मोदी ने आगे कहा कि जिन्होंने नक्सलवाद को चुनौती बनाकर छोड़ दिया. देश की बहुत बड़ी जमीन को दुश्मनों के हवाले कर दिया. देश की सेना का आधुनिकीकरण होने से रोका, वे हमें राष्ट्रीय और आंतरिक सुरक्षा को लेकर भाषण दे रहे हैं.
- पीएम मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस ने ओबीसी को आरक्षण नहीं दिया, सामान्य वर्ग के गरीबों को कभी आरक्षण नहीं दिया, जो कांग्रेस बाबा साहेब को भारत रत्न देने के बजाय अपने परिवार को ही भारत रत्न देती रही, वे हमें सामाजिक न्याय का पाठ पढ़ा रहे हैं. जिस कांग्रेस के नेता की कोई गारंटी नहीं, नीति की कोई गारंटी नहीं, वो मोदी सरकार की गारंटी पर सवाल उठा रहे हैं.
- पीएम मोदी ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि अंग्रेजों से कौन प्रभावित था. मैं ये नहीं पूछ रहा कि कांग्रेस को जन्म किसने दिया. आजादी के बाद भी देश में गुलामी की गुलामी की मानसिकता को किसने बढ़ावा दिया.अगर आप अंग्रेजों से प्रभावित नहीं थे तो अंग्रेजों की बनाई दंडसंहिता क्यों नहीं बदली.अंग्रेजों को जमाने के सैकड़ों कानून क्यों चलते रहे. लाल बत्ती कल्चर क्यों चलाते रहे.
- पीएम मोदी ने आगे कहा कि अगर आप अंग्रेजों से प्रभावित नहीं थे तो बजट 5 बजे क्यों आता था. ब्रिटेन की पार्लियामेंट के अनुरूप बजट की परंपरा को सालों क्यों चलाते रहे. हमारी सेनाओं के चिह्नों में गुलामी के प्रतीक क्यों बने हैं, हम हालांकि एक-एक करके उन्हें हटा रहे हैं. राजपथ को कर्तव्य पथ बनने के लिए मोदी का इंतजार क्यों करना पड़ा.अंडमान निकोबार में अंग्रेजी सत्ता के निशान क्यों लटके हैं. देश के जवानों के सम्मान में वार मेमोरियल क्यों नहीं बनाया. आपने भारतीय भाषाओं को हीन भावना से क्यों देखा. स्थानीय भाषा में पढ़ाई से बेरुखी क्यों बरती.






