बिहार में विजयादशमी धूमधाम से मनाया जा रहा है। बिहार के राज्यपाल और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यवासियों और देश के लोगों को दशहरा की शुभकामनाएं दी हैं। सीएम नीतीश कुमार ने सोशल साइड एक्स पर बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर बधाई दी।
उन्होंने लिखा है कि इसे विजय पर्व के रूप में मनाया जाता है। यह असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह हमारे जीवन में संयम एवं आत्मिक बल का संचरण करने वाला पर्व है। इस पर्व को सद्भाव, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण तरीके से हर्षोल्लास के साथ मनाएं।
राज्यपाल ने भी दी शुभकामना
वहीं,राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने भी बधाई और शुभकामनाएं दी है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने दुर्गापूजा एवं विजयादशमी के पावन अवसर पर समस्त बिहारवासियों व देशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। राज्यपाल ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि ये हमें ईमानदारी, सच्चरित्रता, सहिष्णुता, सेवा और करूणा आदि शाश्वत जीवन मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की है कि यह त्योहार राज्य एवं देश में सुख, शांति और सौभाग्य लेकर आये तथा सबके जीवन में साहस, संयम और एक नई ऊर्जा का संचार करे।राज्यपाल ने इस त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भावना के साथ मनाने की अपील की है।







