लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव (No-Confidence Motion In Lok Sabha) पर चर्चा चल रही है। आज पक्ष-विपक्ष की ओर से कई सांसद बोलेंगे। कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी का भाषण (Rahul Gandhi Speech In Lok Sabha) दोपहर 12 बजे होगा। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी सदन में आज अपनी बात रखेंगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी सरकार की ओर से जवाब देंगे। शाह का संबोधन बुधवार शाम 5 बजे होना है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब 10 अगस्त को दे सकते हैं। उधर, राज्यसभा में मणिपुर समेत कई मुद्दों पर हंगामा जारी है।
लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव का दूसरा दिन ऐक्शन से लबरेज रहने वाला है। राहुल गांधी, स्मृति इरानी और खुद अमित शाह, आज चर्चा में भाग लेंगे। दिलचस्प बात यह है कि राहुल गांधी 12 बजे अपना भाषण शुरू करेंगे, तो इसके बाद स्मृति इरानी चर्चा में हिस्सा लेंगी। जाहिर है संसद में आज जबर्दस्त वार-पलटवार दिखाई देना वाला है।
1942 टू 2023: कितना बदल गया ‘क्विट इंडिया’
अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए राहुल ने आज क्यों चुना 12 बजे का वक्त
अविश्वास प्रस्ताव पर आज लोकसभा में दोपहर 12 बजे राहुल गांधी बोलेंगे। पहले राहुल को अविश्वास प्रस्ताव के पहले दिन पहले वक्ता के तौर पर बोलना था। लेकिन राहुल की जगह गौरव गोगोई ने बोलना शुरू किया था। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि राहुल गांधी आज लोकसभा में बोलेंगे। वह दोपहर 12 बजे चर्चा की शुरुआत करेंगे। कल राहुल को नहीं बोलने पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस से सवाल भी पूछा था। उन्होंने कहा था कि हम राहुल गांधी को सुनने को लेकर उत्सुक हैं लेकिन पता नहीं क्यों कांग्रेस ने अंतिम वक्त में राहुल का नाम वक्ता से हटा लिया था।
राहुल ने क्यों चुना 12 बजे का वक्त, समझे
गौरतलब है कि आज भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ है। इसके अलावा आज विश्व आदिवासी दिवस है। राहुल ने ये मौका जानकार चुना है क्योंकि इन दो अहम मौकों के जरिए वह केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला कर सकते हैं। मणिपुर हिंसा पर पीएम नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर राहुल लगातार सवाल उठाते रहे हैं। वह मणिपुर दौरे पर भी गए थे और पीड़ितों से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि राहुल अपने भाषण में मणिपुर के हालात को लेकर केंद्र को घेर सकते हैं।
मोदी सरनेम केस में सुप्रीम कोर्ट से सजा के रोक के बाद राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल हो गई है। सूरत की कोर्ट ने मोदी सरनेम केस में राहुल को दो साल की सजा सुनाई थी। शीर्ष अदालत ने इसी सजा पर रोक लगा दी थी। इसके बाद लोकसभा सचिवालय ने राहुल की सदस्यता को बहाल कर दी थी। इसके अलावा राहुल को 12 तुगलक लेन वाला बंगला भी आवंटित कर दिया गया।
लोकसभा में आज होगी असली ‘जंग’
लोकसभा में राहुल गांधी के बोलने के बाद सत्ता पक्ष से भी दो दिग्गज नेताओं का बोलने का कार्यक्रम है। राहुल के भाषण के बाद स्मृति इरानी बोलेंगी जबकि गृह मंत्री अमित शाह शाम 5 बजे विपक्षी वार पर पलटवार करेंगे। जाहिर है राहुल के भाषण पर इरानी के तरकश से भी कई तीर निकलेंगे। ऐसे में आज लोकसभा में काफी जोरदार नजारा देखने को मिल सकता है।







