राष्ट्रीय जनता दल आज बुधवार (5 जुलाई) को 27वां स्थापना दिवस मनाएगा. इस अवसर पर कई कार्यक्रम रखे गए हैं. पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में खुद आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पहुंचेंगे. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता भी रहेंगे. इस मौके पर जिला मुख्यालयों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है.
महाराष्ट्र में मचे राजनीतिक घमासान के बीच बिहार में बड़े सियासी बदलाव के कयास लगाए जा रहे हैं। अटकलों पर आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि बिहार में कोई सियासी बदलाव नहीं होने वाला है। जगदानंद सिंह ने कहा कि इस तरह के कयासों में कोई सच्चाई नहीं है। इस दौरान उन्होंने बताया कि बुधवार को आरजेडी का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। स्थापना दिवस समारोह में पार्टी प्रमुख लालू यादव भी शिरकत करेंगे। आरजेडी अपना 27वां स्थापना दिवस मनाएगा। आरजेडी की स्थापना 5 जुलाई 1997 को हुआ था।
धन दौलत के आगे बिहार नहीं बिका
पटना में पत्रकारों से बात करते हुए जगदानंद सिंह ने कहा कि बिहार कभी भी धन दौलत के आगे नहीं बिका है। बिहार में टूट की कोई संभावना नहीं है। दरअसर, एनसीपी में टूट के बाद बिहार बीजेपी के नेताओं द्वारा दावा किया जा रहा है कि बिहार में भी सियासी खेला होने वाला है। बीजेपी नेताओं के कहना है कि जेडीयू के कई नेता उनके संपर्क में हैं। बीजेपी नेताओं के दावों पर जगदानंद सिंह ने पलटवार करते हुए हमला बोला। आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने पूछा कि क्या खरीद-बिक्री से लोकतंत्र चलेगा? उन्होंने कहा कि पूरे दुनिया में भारत मजाक का पात्र बन जाता है। आरजेडी नेता ने कहा कि बिहार कभी भी धन दौलत के आगे नहीं बिका। ऐसे में महागठबंधन में टूट की कोई संभावना नहीं है।
स्थापना दिवस समारोह में शिरकत करेंगे लालू यादव
जगदानंद सिंह ने बताया कि आरजेडी का स्थापना दिवस बुधवार को है। आरजेडी कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि पार्टी सुप्रीमो लालू यादव खुद इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। जगदानंद सिंह ने आगे कहा कि लालू यादव समझने में बीजेपी को लोग भूल कर रहे हैं। लालू यादव तानाशाही विचाराधार वाले लोग के सामने झुकने वाले नहीं हैं। जगदानंद सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकरा सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्था का कितना भी दुरुपयोग हो समाजवाद नहीं झुकेगा। विपक्ष को किस तरह डराया जा रहा है, ये सभी जानते हैं।
स्थापना दिवस पर पार्टी की ओर से की गई पूरी तैयारी
आरजेडी के स्थापना दिवस को लेकर पार्टी की ओर से पूरी तैयारी की गई है. बड़ी बात यह है कि खुद आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पटना में हैं और वह इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. इस अवसर पर पार्टी कार्यालय, वीरचंद पटेल पथ, आयकर गोलंबर, शहीद स्मारक, आर ब्लॉक, बेली रोड को तोरणद्वार और झंडा-बैनर से सजाया गया है. प्रदेश कार्यालय में हरे रंग के बल्ब और झालर लगाए गए हैं.
जिला मुख्यालयों में भी होना है कार्यक्रम
आरजेडी प्रवक्ता चितरंजन गगन ने आगे बताया कि पटना के अलावा जिला मुख्यालयों में भी स्थापना दिवस के मौके पर कार्यक्रम होना है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक, भोला यादव और प्रदेश उपाध्यक्ष वृषण पटेल सहित अन्य नेताओं ने पटना और राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में होने वाले कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा की है.







