लोकसभा चुनाव से पहले तमाम विपक्षी दलों ने मोदी सरकार के खिलाफ एक महागठबंधन बनाने की तैयारी कर ली है. इसे लेकर नीतीश कुमार के नेतृत्व में पहली बैठक पटना में हो चुकी है. जिसमें विपक्षी एकता के एजेंडे पर चर्चा हुई. वहीं दूसरी तरफ बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त तमाम दल अकेले पीएम मोदी खिलाफ एक साथ आ गए हैं. ऐसे में हम आपको बता रहे हैं कि विपक्षी दलों के किन नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के क्या-क्या मामले चल रहे हैं.
राहुल गांधी
विपक्षी दल कांग्रेस के सबसे बड़े नेता राहुल गांधी के खिलाफ यूं तो कई मामले दर्ज हैं और अलग-अलग कोर्ट में इन पर सुनवाई चलती है, लेकिन सबसे बड़ा मामला नेशनल हेराल्ड का है, जिसमें गैर कानूनी तरीके से अधिग्रहण का आरोप है. इस मामले में राहुल गांधी और सोनिया गांधी से पूछताछ हो चुकी है.
अरविंद केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी बीजेपी भ्रष्टाचार के आरोप लगाती रही है. उनके डिप्टी रहे मनीष सिसोदिया शराब घोटाला मामले में जेल जा चुके हैं, वहीं कुछ और नेताओं पर भी भ्रष्टाचार के मामले चल रहे हैं. दिल्ली के एलजी कई मामलों में केजरीवाल सरकार के खिलाफ जांच के आदेश दे चुके हैं.
ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की सीएम और तृणमूल कांग्रेस चीफ ममता बनर्जी के खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई मामला नहीं है, लेकिन उनकी पार्टी के बड़े नेताओं के खिलाफ गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप हैं. जिसे विपक्ष ममता बनर्जी को घेरने के लिए इस्तेमाल करता है. ममता के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी शिक्षा घोटाले में जेल में हैं, वहीं उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी से भी पूछताछ की जा रही है.
शरद पवार, स्टालिन और फारूक अब्दुल्ला
महाराष्ट्र के बड़े नेता और एनसीपी चीफ शरद पवार के करीबी भी भ्रष्टाचार के मामलों में जेल जा चुके हैं. पूर्व मंत्री अनिल देशमुख और नवाब मलिक भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार हुए थे. उनके अलावा डीएमके नेता और तमिलनाडु के सीएम एम के स्टालिन के बेटे और दामाद पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं. वहीं जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला से जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन में भ्रष्टाचार के मामले में पूछताछ हो चुकी है.
ठाकरे और लालू परिवार पर भी जांच
इन विपक्षी नेताओं के अलावा महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे के करीबी संजय राउत भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जा चुके हैं, वहीं पूर्व मंत्री अनिल परब पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं. आरजेडी चीफ लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती और बेटे तेजस्वी यादव पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं. वहीं झारखंड के सीएम और जेएमएम के नेता हेमंत सोरेन से अवैध खनन मामले में ईडी पूछताछ कर चुकी है.
इस साल मार्च में सुप्रीम कोर्ट के समक्ष चौदह विपक्षी दलों द्वारा दायर याचिका में आरोप लगाया था कि ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग के 95 प्रतिशत मामले विपक्षी नेताओं के खिलाफ हैं. अधिकांश विपक्षी दलों के नेता, जो पटना में बैठक में भाग लेने जा रहे हैं, उनके खिलाफ ईडी, सीबीआई या इनकम टैक्स विभाग ने या तो जांच की है या छापेमारी की है या फिर उन्हें गिरफ्तार किया है. यहां हम आपको विपक्षी दलों के कुछ प्रमुख चेहरों के बारे में बता रहे हैं जिनके खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों ने कार्रवाई की है.
कांग्रेस
राहुल गांधी: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नेशनल हेराल्ड केस में ईडी की रडार पर हैं. उनसे 50 घंटे की पूछताछ हो चुकी है.
सोनिया गांधी: राहुल के साथ-साथ कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी भी नेशनल हेराल्ड केस में ईडी की रडार पर हैं. PMLA एक्ट के तहत भी सोनिया गांधी से पूछताछ हो चुकी है.
मल्लिकार्जुन खड़गे: कांग्रेस के मौजूदा अध्यक्ष खड़गे के खिलाफ भी ईडी की जांच चल रही है. यहां मामला नेशनल हेराल्ड केस से जुड़े यंग इंडिया लिमिटिड के वित्तीय लेन-देन से संबंधित है.
कार्ति चिदंबरम: कांग्रेस सांसद कार्ति पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के बेटे हैं. उनके खिलाफ सीबीआई और ईडी दोनों की जांच चल रही है. मामला चीन के कर्मियों को वीजा दिलाने के बदले 50 लाख की घूस लेने से जुड़ा है.
पी चिदंबरम: कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के खिलाफ INX मीडिया और एयरसेल मैक्सिस से जुड़े मामले हैं. इसमें ईडी और सीबीआई जांच कर रही है. INX मीडिया केस में सीबीआई और ईडी ने पी चिदंबरम को गिरफ्तार भी किया था.
शिव सेना (उद्धव ठाकरे गुट)
संजय राउत: सांसद राउत के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का दर्ज है. इसमें उनकी पत्नी का भी नाम शामिल है. मामला मुंबई के गोरेगांव में स्थित पात्रा चॉल घोटाले से जुड़ा है. इसमें ईडी ने केस दर्ज किया हुआ है. उनको ईडी ने अरेस्ट भी किया था. फिलहाल राउत जमानत पर बाहर हैं.
ठाकरे परिवार: प्रवर्तन निदेशालय ने हाल में मनी लॉन्ड्रिंग के कुछ केस दर्ज किए थे. इसमें उद्धव ठाकरे और उनके परिवार के नजदीकी कुछ लोगों के यहां छापेमारी हुई थी.
अनिल परब: ईडी ने महाराष्ट्र के पूर्व परिवहन मंत्री और शिवसेना नेता (यूबीटी) अनिल परब के खिलाफ केस दर्ज किया हुआ है. इसमें उन्होंने ईडी के सामने बयान भी दर्ज करवाया है. उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला है.
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP)
शरद पवार: शरद मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की जांच के दायरे में हैं. अभी तक उन्हें ईडी के सामने पेश होने के लिए नहीं कहा गया है.
अजीत पवार: वरिष्ठ एनसीपी नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री रहे अजीत पवार अपने परिवार के सदस्यों से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की जांच के दायरे में हैं. ईडी ने आरोप लगाया है कि कई बेनामी संपत्तियों में अवैध धन का इस्तेमाल किया गया, जिन्हें हाल ही में कुर्क किया गया था.
प्रफुल्ल पटेल: पूर्व मंत्री और वरिष्ठ राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल से मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी जांच कर रही है. उनसे जुड़ी कई उनसे जुड़ी कई संपत्तियों को ईडी ने जब्त कर लिया है.
नवाब मलिक: एनसीपी नेता और पूर्व मंत्री नवाब मलिक को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया था. इस मामले में जमानत मिलने में उन्हें कई महीने लग गए. अनिल देशमुख के खिलाफ भी सीबीआई जांच कर रही है.
आम आदमी पार्टी (AAP)
अरविंद केजरीवाल: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से हाल ही में एक्साइज पॉलिसी मामले में सीबीआई ने पूछताछ की थी. माना जा रहा है कि ईडी उनसे मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भी पूछताछ कर सकती है.
मनीष सिसोदिया: दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को शराब घोटाला मामले में पहले पहले सीबीआई और बाद में ईडी ने गिरफ्तार किया था. सिसोदिया अभी भी जेल में हैं.
सत्येन्द्र जैन: दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येन्द्र जैन की जांच सीबीआई, ईडी और आईटी कर रही है. जैन को ईडी ने गिरफ्तार किया था और महीनों जेल में बिताने के बाद हाल ही में उन्हें मेडिकल आधार पर जमानत पर रिहा किया गया था.
तृणमूल कांग्रेस (TMC)
अभिषेक बनर्जी: कोयला तस्करी मामले की जांच के सिलसिले में अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के महासचिव अभिषेक बनर्जी से से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पूछताछ कर रही है. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी और उनकी पत्नी से ईडी कई बार पूछताछ कर चुकी है.
पार्थ चटर्जी: तृणमूल कांग्रेस नेता पार्थ चटर्जी को शिक्षक भर्ती घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद से ईडी ने पार्थ चटर्जी की कई आय से अधिक संपत्ति का खुलासा किया है.
अनुब्रत मंडल: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पशु तस्करी मामले में उनकी संलिप्तता के बारे में पूछताछ के बाद बीरभूम जिले के टीएमसी अध्यक्ष अनुब्रत मंडल को गिरफ्तार किया था. मंडल को पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गिरफ्तार किया था ….
द्रमुक (DMK)
सेंथिल बालाजी: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हाल ही में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तमिलनाडु के बिजली और उत्पाद शुल्क मंत्री वी सेंथिल बालाजी से जुड़े परिसरों पर तलाशी के बाद उन्हें गिरफ्तार किया था. मंत्री को नौकरी के बदले नकदी घोटाले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया था. बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी दिल की बीमारी के लिए बाईपास सर्जरी की गई. बालाजी पर आयकर विभाग की भी जांच चल रही है.
राष्ट्रीय जनता दल (RJD)
तेजस्वी यादव: बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की बेनामी संपत्तियों के संबंध में सीबीआई जांच कर रही है, जमीन के बदले नौकरी घोटाले में अर्जित धन का उपयोग करके जमीन खरीदी गई थीं. ईडी भी उसकी जांच कर रही है.
लालू यादव और उनका परिवार: लालू यादव, उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी और उनकी दो बेटियां नौकरी के बदले जमीन घोटाले में ईडी की जांच के दायरे में हैं. उनसे हाल ही में केंद्रीय एजेंसियों ने पूछताछ की थी.
समाजवादी पार्टी (SP)
शीर्ष सरकारी सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव अवैध रेत खनन मामले में सीबीआई की रडार पर हैं.अखिलेश यादव 2012 से 2017 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और 2012 से 2013 तक राज्य के खनन मंत्री रहे.
आजम खान: समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की जांच के घेरे में हैं. ईडी सपा नेता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले की जांच कर रही है, जो पहले सीतापुर जेल में बंद थे.







