जदयू मुख्यालय के कर्पूरी सभागार में माउंटेन मैन के नाम से दुनियाभर में मशहूर दशरथ मांझी के बेटे और दामाद ने प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की उपस्थिति में जदयू की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान बिहार जद(यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि हमारी पार्टी का सौभाग्य है कि दशरथ मांझी के परिवार से जुडे लोग आज हमारे साथ मिलकर समाज और देशहित में कार्य करने के लिए उत्सुक हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘माउंटेन मैन’ दशरथ मांझी को मीडिया में जितनी जगह मिलनी चाहिये थी‚ दलित समाज से होने के कारण उन्हें उतना तवज्जो नहीं दिया गया। परन्तु जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें एक बार जनता दरबार के कार्यक्रम में अपनी कुर्सी पर बैठाया तब जाकर देश–दुनिया का ध्यान दशरथ मांझी और उनके ऐतिहासिक कारनामों पर गया। मुख्यमंत्री ने दशरथ मांझी जी को सही मायनों में उचित सम्मान दिया है।
जदयू के वरिष्ठ नेता सह सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि यह दिन हमारे लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि आज एक इतिहास पुरुष की स्मृति को नमन करने का मौका हमें मिल रहा है। आज देश में असली लडाई इतिहास बचाने की है‚ और इस लडाई का नेतृत्व नीतीश कुमार जी कर रहे हैं। नीतीश कुमार के व्यक्तित्व से प्रभावित होकर दशरथ मांझी के पुत्र ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की‚ पार्टी और प्रदेश के लिए यह एक सुखद खबर है।
वहीं‚ नवनियुक्त मंत्री रत्नेश सदा ने कहा कि महादलितों के असली मसीहा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। पहले अनुसूचित जाति और जनजाति के लोग नेता नहीं बनते थे लेकिन मुख्यमंत्री ने पंचायत में आरक्षण देकर दलित–महादलित समाज को लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अवसर दिया। उन्होंने जीतन राम मांझी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस व्यक्ति को मुख्यमंत्री ने सम्मान दिलाया‚ उन्हें मुख्यमंत्री पद तक पहुंचाया उसी जीतन राम मांझी ने बार–बार हमारे नेता नीतीश कुमार की पीठ में छुरा डालने का काम किया। संतोष मांझी की राजनीतिक और सामाजिक जीवन में शून्य भागीदारी रही है‚ उन्होंने बस अपने पिता की बदौलत मंत्री पद हासिल की।
इस मौके पर पार्टी की सदस्यता लेने वाले पर्वत पुरुष दशरथ मांझी के दामाद मिथुन मांझी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुशहर व भुईयां समाज को जो सम्मान दिया है‚ उसका कर्ज कभी चुकता नहीं किया जा सकता है। इससे पहले हम लोग किसी पार्टी के सदस्य नहीं थे लेकिन जीतन राम मांझी के द्वारा समाज को बेचने का काम किया जा रहा है। इसी से आहत होकर हमलोगों ने पूरे परिवार के साथ जदयू की सदस्यता ग्रहण की है। मंच का संचालन मुख्यालय प्रभारी चन्दन कुमार सिंह ने किया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी‚ जल संसाधन मंत्री संजय झा‚ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह‚ पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला‚ विधान पार्षद संजय गांधी‚ मुख्यालय प्रभारी वासुदेव कुशवाहा‚ सतेन्द्र गौतम मांझी‚ हुलेश मांझी‚ मुन्ना चौधरी‚ दीपक रजक‚ जॉर्ज मांझी‚ शिव कुमार मांझी‚ अजीत शर्मा‚ शत्रुघ्न पासवान मौजूद थे।







