शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री सजंय झा‚ भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी एवं विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह ने तमाम जिलों से आए आमलोगों की शिकायतों को सुनकर संबंधित अधिकारी को निष्पादन हेतु दिशा–निदæश दिया। इस दौरान जल संसाधन मंत्री संजय झा ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि जीतन राम मांझी अब कहीं भी जाने के लिए स्वतंत्र हैं। उनके हावभाव से मालूम पडता है कि वो पहले से भाजपा के सम्पर्क में थे। उन्होंने कहा कि हमारे लिए गौरव का विषय है कि आज दशरथ मांझी जी के परिजनों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। देश–दुनिया इस बात का गवाह है कि पर्वत पुरुष दशरथ मांझी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कितना अधिक सम्मान दिया।
दरभंगा एम्स से जुडे सवालों का जवाब देते हुए मंत्री संजय झा ने कहा कि दरभंगा एम्स के प्रति केंद्र सरकार की नीयत ठीक नहीं लगती है। तकनीकी रूप से दुनिया इतनी विकसित हो चुकी है कि समुंदर के अंदर पूरा शहर बस रहा है मगर केंद्र की सरकार को जमीन की गहराई से आपत्ति है। आगे उन्होंने कहा कि बिहार सरकार द्वारा आवंटित जमीन की जांच–पडताल के लिए जब केंद्रीय टीम बिहार आई थी तब उन्हें कोई आपत्ति नहीं थी परन्तु दिल्ली जाते उन्होंने जमीन को अयोग्य करार दे दिया। भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि जीतन राम मांझी के पास मुख्यमंत्री बनने की कोई काबिलियत नहीं थी बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें बिहार जैसे बडे प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया‚ और बदले में उन्होंने अपना व्यक्तिगत हित साधने के लिए महागठबंधन को दगा देने का काम किया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता सह विधान पार्षद संजय गांधी भी मौजूद थे।







