ओडिशा के बालासोर में बहनागा रेलवे स्टेशन के पास कुछ दिनों पहले हुई भीषण ट्रेन दुर्घटना में बिहार के 39 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा 52 लोग जख्मी हुए हैं तथा 22 लापता हैं। यह जानकारी मंगलवार को आपदा प्रबंधन विभाग ने दी। विभाग ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इस हादसे में मुजफ्फरपुर के 9‚ मधुबनी के 7‚ भागलपुर व पूर्वी चंपारण के 4-4‚ पश्चिमी चंपारण‚ दरभंगा‚ नवादा‚ जमुई व पूर्णिया जिले के 2-2‚ समस्तीपुर‚ बांका व बेगूसराय के 1-1 लोग शामिल हैं।
इनमें से 13 लोगों के शवों को परिजनों के सुपुर्द किया जा चुका है। वहीं घायलों में मुजफ्फरपुर के 24‚ बेगूसराय व बांका के 2-2 तथा नवादा‚ भागलपुर‚ समस्तीपुर‚ दरभंगा‚ सीतामढी‚ कटिहार‚ कैमूर‚ जमुई‚ मधेपुरा‚ मधुबनी व मुंगेर के 11 यानी कुल 39 लोग हैं। शेष 13 घायलों का पूर्ण पता एवं विवरण प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। बिहार के २४ यात्रियों के लापता होने की सूचना है। इनमें मधुबनी के ५‚ दरभंगा‚ भागलपुर‚ समस्तीपुर‚ पूर्वी चंपारण व बेगूसराय के 2-2‚ सीतामढ़ी के 3 तथा शेखपुरा‚ पटना‚ सीवान‚ खगडि़या‚ वैशाली एवं गया के 1-1 लोग शामिल हैं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र तथा ओडिशा के कंट्रोल रूम से समन्वय कर इन्हें लगातार खोजने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के बाद 4 जून को बालासोर से दो यात्री बसों से कुल 66 यात्री यहां लाये गये हैं। सभी को उनके घरों तक सुरक्षित पहंचाया गया है।
बिहार के आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक ओडिशा के बालासोर में पिछले दिनों हुए ट्रिपल ट्रेन हादसे में राज्य के 21 यात्री अब भी लापता हैं। हादसे में बिहार के 39 यात्रियों की मौत हुई है। जबकि 47 यात्री घायल हुए हैं। उधर, ओडिशा के बालासोर में हादसे का शिकार हुई कोरोमंडल एक्सप्रेस के मामले में सीबीआई ने एफआईआर दर्ज करने के साथ ही कथित आपराधिक लापरवाही की जांच शुरू कर दी है।
जॉइंट डायरेक्टर (स्पेशल क्राइम) विप्लव कुमार चौधरी की अगुवाई में छह सदस्यीय अफसरों की टीम फोरेंसिक विशेषज्ञों और रेलवे अफसरों के साथ मंगलवार को बहनागा बाजार स्टेशन पहुंची और दोपहर 2:15 बजे एफआईआर दर्ज की। सीबीआई ने जांच में उस एफआईआर को भी शामिल किया है, जो जीआरपी ने दर्ज की है। टीम ने मैन लाइन, लूप लाइन और सिग्नल रूम का दौरा किया। जल्द ही असिस्टेंट स्टेशन मास्टर एसबी मोहंती और अन्य कर्मियों से पूछताछ होगी।
मृतकों की संख्या बढ़कर 288
ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप कुमार जेना ने बताया कि ट्रिपल ट्रेन हादसे में मृतक संख्या बढ़कर 288 हो गई है। इनमें से 193 शव भुवनेश्वर और 94 बालासोर भेजे गए। भुवनेश्वर भेजे गए 193 शवों में से 110 की पहचान हो गई है। 83 की पहचान नहीं हो पाई है। पूर्वोत्तर मध्य रेलवे के मैनेजर रिंकेश रॉय ने बताया कि 200 लोगों का ओडिशा के अस्पतालाें में इलाज चल रहा है। शवों के डीएनए सैंपल भी लिए गए हैं।
रेल मंत्री ने की उच्च स्तरीय बैठक
बालासोर से दिल्ली लौटे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इसमें वैष्णव ने रेलवे बोर्ड के अधिकारियों को रेल नेटवर्क को बाहरी तत्वों से पूरी तरह छेड़छाड़ मुक्त बनाने की योजना बनाने का निर्देश दिया है।
फोरेंसिक विशेषज्ञों की जरूरत पड़ेगी
अधिकारियों के मुताबिक, एजेंसी को रेलवे के कामकाज से बारे में बहुत कम विशेषज्ञता है। इसलिए उसे रेल सुरक्षा और फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद की जरूरत पड़ सकती है। सीबीआई की टीम यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि कोरोमंडल एक्सप्रेस काे पटरी से जानबूझकर उतारा गया या यह मानवीय भूल थी। इस बीच, रेलवे सतर्कता आयुक्त ने भी जांच शुरू कर दी। उन्होंने मंगलवार को चश्मदीदों के बयान लिए।






