केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने केंद्र की मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर यहां राजधानी में पत्रकारों से परिचर्चा की। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को विस्तृत तरीके से रखा। उन्होंने कहा कि बीते नौ सालों में देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास देखा। देश के सभी नागरिक इसके साक्षी हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है एवं विश्व को मार्ग दिखा रहा है।
उन्होंने कहा कि विगत नौ वर्षों में हमारी सरकार ने न केवल वंचित‚ शोषितों को मुख्यधारा से जोड़ा बल्कि उनका सशक्तिकरण भी किया। आज दुनिया के बड़े–बड़े अर्थशास्त्री‚ विश्लेषक‚ विचारक सभी एक स्वर में कह रहे हैं कि २१वीं सदी भारत की है। आज पूरी दुनिया भारत को लेकर विश्वास से भरी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के नौ साल के नौ प्रमुख आधार सेवा‚ सुशासन‚ गरीब कल्याण‚ नवाचार‚ दृढ़ इच्छाशक्ति‚ भ्रष्टाचार और आतंकवाद पर जीरो टोलरेंस‚ नीतिगत पहल‚ साहसिक निर्णय तथा सबका साथ‚ सबका विकास‚ सबका विश्वास और सबका प्रयास रहा है। आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। विकास की यह अभूतपूर्व यात्रा प्रधानमंत्री के द्वरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण संभव हुआ है। यह सुखद संयोग है कि भारत अपने स्वतंत्रता के अमृतकाल में है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अमृतकाल के सभी लक्ष्यों की प्राप्ति हो रही है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही है जिन्होंने विकासवाद को मुख्यधारा में ला दिया। भारतीय राजनीतिक पटल पर उन्होंने सुनिश्चित किया कि अब राजनीति सेवा की होनी चाहिए‚ परफॉरमेंस की होनी चाहिए‚ नीतिगत बदलावों की होनी चाहिए‚ रिफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की होनी चाहिए। २०१४ में पदभार संभालने के बाद से प्रधानमंत्री जी ने हर नीति में भारत प्रथम का संकल्प स्थापित किया है। इन नौ वर्षों में सर्वांगीण‚ सर्वसमावेशी‚ सर्वस्पर्शी विकास ने सुनिश्चित किया है कि इस विकास विकास यात्रा में कोई व्यक्ति‚ कोई वर्ग‚ कोई भू–भाग और देश का कोई कोना पीछे नहीं छूटना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज विश्व के लगभग एक दर्जन देशों ने मोदी को अलग अलग सम्मानों से सम्मानित किया। यह शक्तिशाली बढ़ते भारत का प्रतीक है‚ यह प्रधानमंत्री की कुशल कूटनीति का परिचायक भी है।
शेखावत ने कहा कि अन्त्योदय के उद्ेश्य को साकार करने और समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को सरकार की योजनाओं और पहल का लाभ मिले‚ यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों के कारण आज संभव हुआ। इन नौ सालों में युवाओं को नए अवसर मिले हैं‚ किसान समृद्ध हुए हैं‚ गरीबों के जीवन सुधार में हुआ है‚ महिलाओं का उत्थान हुआ है‚ श्रमिकों को सम्मान मिला है। हमारी सरकार के मूल में लोक कल्याण की भावना निहित है। आज भारत की पहचान शक्तिशाली देश के रूप में हो रही है। भारत आज ग्लोबल एजेंड़ा सेट करने की भूमिका में है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारा कृषि बजट २०१३–१४ की अपेक्षा ५.६ गुना बढ़ा है जो दर्शाता है कि हम किसानों के समग्र विकास के लिए संकल्पित हैं। आज दिल्ली से पूर्वोत्तर की दूरियां भी कम हुई हैं। और वह क्षेत्र शांति के साथ विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर में अभूतपूर्व विकास का मार्ग खोला है। आज वहां कनेक्टिविटी‚ एअरपोर्ट से लेकर तमाम गरीब कल्याण की योजनायें सुचारु रूप से पहुंच रही है।
मीडिया संवाद को सम्बोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार सेवा‚ सुशासन व गरीबों के कल्याण के प्रति समर्पित है। कार्यक्रम में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा‚ केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह‚ सांसद रामकृपाल यादव‚ पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकेश्वर प्रसाद‚ पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव‚ नीरज बबलू‚ प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल‚ प्रदेश मीडि़या प्रभारी अशोक भट्ट‚ राजेश झा राजू और राकेश कुमार सिंह शामिल थे।







