कर्नाटक में 224 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना शुरू होते ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना की। रूझानों में बढ़त मिलते देख ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उत्सव के मूड में देखा गया, उन्होंने पार्टी मुख्यालय में ढोल और नगाड़ों के साथ भांगड़ा की धुन पर नृत्य किया। पार्टी नेताओं ने जीत की कामना के लिए पार्टी मुख्यालय के बाहर भगवान हनुमान की विशेष पूजा भी की। कांग्रेस दफ्तर के बाहर एक कार्यकर्ता ने अपनी फैमिली के साथ पार्टी की जीत के लिए हवन किया।
कर्नाटक चुनाव परिणामों के शुरुआती रुझानों में कांग्रेस को बढ़त मिलने के बाद कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि कर्नाटक में बात मुद्दों की है और मुद्दों की ही जीत हुई है। उन्होंने कहा कि हम जिन मुद्दों पर लड़े उनकी जीत हुई है। हम बहुत ही भारी बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाने जा रहे हैं। हमारी पांचों गारंटियों ने काम किया है।
खेड़ा ने इस दौरान भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कर्नाटक में नकारात्मक प्रचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में पीएम मोदी का नकारात्मक प्रचार काम नहीं आया। उनका कहना है कि भाजपा ने जनता के असल मुद्दों को भटकाने का प्रयास किया था, लेकिन कांग्रेस जनता के मुद्दों पर चुनाव लड़ी। इसलिए कांग्रेस की जीत हुई है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी पूर्ण बहुमत से कर्नाटक में सरकार बनाने जा रही है। हालांकि उन्होंने अभी यह नहीं बताया कि उनकी सरकार बनने पर कर्नाटक का मुख्यमंत्री किसे बनाया जाएगा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत और पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए भी नारे लगाए।
कर्नाटक विधानसभा के लिए मतदान 10 मई को हुआ था। कांग्रेस ने दक्षिणी राज्य में खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी के साथ आक्रामक प्रचार किया था। कांग्रेस को दक्षिणी राज्य में सत्ता में वापसी की उम्मीद है। कर्नाटक में अगली सरकार किस पार्टी की बनेगी ये अगले कुछ घंटे में पता चल जाएगा। 224 सीटों पर वोटों की गिनती के लिए पूरे राज्य में 36 सेंटर्स बनाए गए हैं। इन सेंटर्स पर ठीक सुबह 8 बजे से गिनती जारी है।







