जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कर्नाटक में दिए बयान पर जमकर हमला बोला है। जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जेपी नड्डा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भारत ने ना कभी किसी देश के सामने घुटना टेका है और ना ही टेकेगा। जदयू ने बीजेपी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान में अगर बीजेपी लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश करेगी‚ इतिहास को बदलने की कोशिश करेगी तो नीतीश कुमार की अगुवाई में भारत के तमाम राजनीतिक दल उसे सबक सिखाने का हौसला रखते हैं।
श्री सिंह ने कहा कि जेपी नड्डा का ये बयान उनके राजनीतिक दिवालिएपन को दर्शाता है। उन्हें अपने इतिहास की समझ को थोडा पॉलिश करना चाहिए और भारत के हजारों साल के इतिहास को समझना चाहिए। उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत की धरती ने राम को भी जन्म दिया है‚ भगवान महावीर को भी दिया है और गौतम बुद्ध का संदेश भी यहीं से निकला है।
जदयू अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यह वही धरती है जहां गांधी भी थे‚ सुभाष चंद्र बोस भी थे और भगत सिंह और चंद्रशेखर भी थे। यहां नेहरू‚ पटेल जैसे राष्ट्र भक्त भी थे जिन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखी। यहां लाल बहादुर शास्त्री‚ इंदिरा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे प्रधानमंत्री भी हुए जिन्होंने एक नहीं कई बार पाकिस्तान के दांत खट्टे किए। नड्डा जी‚ मैं आपको १९७१ का युद्ध भी विशेषकर याद दिलाता हूं जब भारत ने पाकिस्तान के दो टुकडे कर बांग्लादेश को आजाद करवाया और विश्व की तमाम शक्तियों को घुटने पर ला खडा किया था। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यहां जेपी‚ लोहिया कर्पूरी जी जैसे नेता भी थे जिन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए सरकार से लडाई लडी और देश में लोकतंत्र को दोबारा स्थापित किया।