विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी के बाद अब जदयू से अलग होकर नई पार्टी बनाने वाले उपेंद्र कुशवाहा को भी केंद्र सरकार ने Y + श्रेणी की सुरक्षा मुहैया करायी है। राष्ट्रीय लोक जनता पार्टी के सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा को केंद्र सरकार के तरफ से दी गई विशेष सुरक्षा को लेकर जेडीयू हमलावर है।
उपेंद्र कुशवाहा को सुरक्षा दिए जाने के मामले पर जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। 2015 के विधानसभा चुनाव को याद कीजिए कितना सीट उपेन्द्र कुशवाहा लड़े थे और कितना जीते थे? यह सबको पता है। जिनकों वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गयी है वो शून्य पर आउट हुए थे। इसलिए इनके संबंध में ज्यादा कुछ कहना सही नहीं होगा। यह सब चलता रहता है।
उपेंद्र कुशवाहा के बारे में ललन सिंह आगे कहते हैं कि वाई प्लस की सुरक्षा मिला उपेंद्र कुशवाहा के लिए महज स्टेटस सिंबल है। उपेंद्र कुशवाहा पहले भी एनडीए के साथ ही चुनाव लड़े थे कितने सीट जीते यह सबको मालूम है। 2020 का चुनाव भी वह अकेले लड़े थे तब क्या किये थे यह भी सबको मालूम है। उपेंद्र कुशवाहा को बीजेपी के साथ जाना है। बीजेपी के लोग इस तरह के लोगों को सुरक्षा नहीं देगी तो फिर वह उनके पास कैसे जाएंगे?