आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव 10 फरवरी को सिंगापुर से दिल्ली लौटेंगे। ये जानकारी आरजेडी के पूर्व सासंद मो. अली अशरफ फातमी ने ओसामा जाकारिया के ट्वीट को रिट्वीट करके दी। अली अशरफ फातमी ने ट्वीट कर लिखा है कि आज लालू यादव से सिंगापुर में करीब तीन घंटे तक मुलाकात की।
इस दौरान उनकी बड़ी बेटी और राज्य सभा सांसद बहन मीसा भारती और रोहिणी आचार्या भी साथ में मौजूद रहीं। उन्होंने लालू प्रसाद सहित उनकी बेटियों मीसा भारती और किडनी डोनेट करने वाली रोहिणी आचार्या के साथ फोटो भी सोशल मीडिया पर डाली है।
स्वस्थ दिख रहे लालू प्रसाद
तस्वीर में लालू प्रसाद और रोहिणी आचार्या दोनों ऑपरेशन के बाद स्वस्थ दिख रहे हैं। लालू प्रसाद हाफ सफेद शर्ट पहने हुए हैं और रोहिणी आचार्या भी सफेद कुर्ती में हैं। लालू प्रसाद के चेहरे पर चमक भी दिख रही है। बता दें कि लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के परिवार में जल्द खुशियां आने वाली हैं।

लालू प्रसाद दादा और राबड़ी देवी दादी बनने वाली हैं। उनके बेटे बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मार्च तक पापा बनने वाले हैं। इसलिए सफल किडनी ट्रांसप्लांट के बाद यह दूसरी खुशी का समय है। लालू प्रसाद किडनी सहित की बीमारियों से ग्रस्त हैं, इसलिए उनके तमाम शुभचिंतक डरे हुए थे। लेकिन सभी की दुआओं और बेहतर इलाज से लालू प्रसाद स्वस्थ्य हैं।
विनोद जायसवाल भी मिले थे और कहा था फरवरी माह के दूसरे सप्ताह में आएंगे लालू
लालू प्रसाद का किडनी ट्रांसप्लांट सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ हॉस्पिटल में दो माह पूर्व हुआ है। बेटी रोहिणी आचार्या ने उन्हें एक किडनी दिया है। लेकिन लालू प्रसाद लगातार सिंगापुर के डॉक्टरों के संपर्क में हैं।
उनकी पार्टी के एमएलसी विनोद जायसवाल ने भी कुछ सप्ताह पहले उनसे सिंगापुर में मुलाकात की थी और ट्वीट कर कहा था कि ‘ लालू प्रसाद फरवरी माह के दूसरे सप्ताह में लोगों के बीच होंगे।’ लालू प्रसाद को किडनी ट्रांसप्लांट के बाद कई तरह की सावधानियां भी रखने की सलाह डॉक्टरों की तरफ से है। उन्हें धूल वाली जगह से बच कर रहना है। परहेज में रहते हुए भोजन करना है।







