बिहार में अपराधियों ने आतंकवादियों की तरह निहत्थे और बेकसूर लोगों पर गोलियों की बौछार की गई। जिन लोगों को गोली मारी गई उनमें कोई बाजार से घरेलू सामान खरीदकर घर लौट रहा था तो कई अपने रिश्तेदारों से मिलने कहीं जा रहा था। कुछ वैसे लोग भी हैं जो लोकल बाजार पर ठेला लगाकर आइसक्रीम बेच रहे थे तो कई चाय की दुकान पर खड़ा था। मतलब रास्ते में जो मिला, उसे गोली मार दी गई। आमतौर पर इस तरह की वारदात को अंजाम आतंकी देते हैं। चूंकि उनका मकसद दशहत फैलाना रहता है। उनका न तो किसी से दुश्मनी होती है और ना ही किसी से लेना-देना। अब इस गोलीकांड पर सियासत उबल रही है।
‘पंजाब और कश्मीर में आतंकवादी करते थे’
नौ लोगों को गोली मारने और एक की हत्या करने के बाद बिहार में राजनीति तेज हो गई है। पूर्व मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन रात 12.15 बजे सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। इस दौरान शाहनवाज हुसैन ने बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बेगूसराय में उद्योग लगाने के लिए वो प्रयास कर रहे थे। अब गोलियों की बौछार ऐसे हो रही जैसे पंजाब और कश्मीर में आतंकवादी करते थे। इतने सारे लोगों को गोली मारकर घायल किया गया है, जो बिहार की ये बड़ी घटना है। अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है। अपराधियों का मनोबल बढ़ाने वालों लोगों को जनता माफ नहीं करेगी। बिहार किस दिशा में जा रहा है? बिहार की क्या छवि देश में जाएगी? नीतीश कुमार को इस पर लगाम लगाने की जरूरत है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और एक्सेसरीज पर बंपर छूट, महज 99 रुपये से शुरू |
आइसक्रीम बेच रहे जीतू को मारी गोली
मल्हीपुर चौक पर आइसक्रीम बेच रहे जीतू पासवान ने बताया कि हम अपने चौक पर आइसक्रीम बेच रहे थे ठेला लगाकर। वो आया, किधर से आया पता नहीं चला। तड़तड़ाकर गोली मारकर चला गया। हम गिर गए। फिर लोग जुट गए। हमको पकड़ा। शोर होने लगी कि गोली लग गई, गोली लग गई। एक और आदमी को गोली लगी है। उसके कमर में गोली मारी गई। गोली मारने के बाद चलते बना। अगल-बगल बहुत लोग थे। मारने वाले को नहीं देख पाया। मुझे गोली लगी और मैं गिर गया।
चाय लाने जा रहे शख्स को किया घायल
वहीं, दूसरे घायल ने बताया कि हम पिरौली में चाय लाने जा रहे थे, तब हमको मारा। इधर हम जा रहे थे, उधर बछवाड़ा तरफ से आया और मारते निकल गया। दो लोग मोटरसाइकिल पर सवार थे। मंगलवार शाम सवा पांच बजे की आसपास की घटना है। एक टैंकर चालक को भी बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी।
तीन घायलों को पटना किया गया रेफर
फायरिंग की घटना में घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। वहीं, फायरिंग करने वाले अपराधियों का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक दोनों के चेहरे ढंके हुए थे, इसीलिए उनकी पहचान में दिक्कत हो रही है। अपराधियों के फायरिंग रूट में लगे हुए और सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।
बेगूसराय समेत 6 जिलों में नाकेबंदी
इस वारदात के बाद पुलिस ने पूरे शहर को सील कर दिया। एसपी से लेकर आईजी तक सड़कों पर दिख रहे। पास के जिलों को भी अलर्ट किया गया। कई जगहों पर नाकेबंदी की गई। पुलिस ने ताबड़तोड़ छापे भी मारे, लेकिन बाइक सवार इन बदमाशों तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है। पटना, समस्तीपुर, खगडिया, नालंदा, लखीसराय जिलों में नाकेबंदी की गई है। चंदन कुमार की मौत के बाद उनके परिजनों और स्थानीय लोगों ने बरौनी थाना के पास मोती चौक पर जाम कर दिया। सूचना पर एसपी योगेंद्र कुमार खुद मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि दहशत फैलाने के लिए इस पूरी घटना को अंजाम दिया गया है।
फिलहाल अभी बिहार पुलिस की 3 टीमें बदमाशों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही हैं। एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि इस घटना में पिस्टल का इस्तेमाल किया गया, शुरुआती जांच में दहशत फैलाने के लिए बात सामने आ रही है, 10 लोगों को गोली लगी थी, जिसमें से एक चंदन कुमार की मौत हो गई है जबकि 9 लोगों का इलाज चल रहा है।







