Warning: getimagesize(https://ubindianews.com/wp-content/uploads/2022/06/jahanabad.jpg): Failed to open stream: HTTP request failed! HTTP/1.1 404 Not Found in /home/oglinuxc/ubindianews.com/wp-content/plugins/easy-social-share-buttons3/lib/modules/social-share-optimization/class-opengraph.php on line 612

बिहार बंद में बस फूंकी, पुलिस पर पथराव ,15 जिलों में 22 सोशल साइट्स पर बैन LIVE Updates

RELATED POSTS

भारतीय सेना में बहली की अग्निपथ योजना के विरोध में हो रहे हिंसक प्रदर्शन का दौर जारी है। इस कड़ी में शनिवार को आहूत बिहार बंद (Bihar Bandh against Agneepath Army Recruitment Scheme) में सुबह-सुबह जहानाबाद में बस फूंक दी गई तो पुलिस पर पथराव भी हुआ। उत्पात और बढ़ने की आशंका है। बिहार में इस बंद को राष्‍ट्रीय जनता दल (RJD), वाम दलों (Left Parties), हिंदुस्‍तानी अवाम मोर्चा (HAM) एवं विकासशील इनसान पार्टी (VIP) ने समर्थन किया है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने आंदोलनकारियों को दंगाई बताते हुए विपक्ष पर उनके कंधे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। आंदोलन के दौरान इंटरनेट मीडिया के दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए सरकार ने राज्‍य के 15 जिलों में इंटरनेट व विभिन्‍न सोशल मीडिया साइट्स (Internet and Social Media Sites) पर रविवार तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। शुक्रवार को हुई हिंसा को देखते हुए सरकार ने अब सख्‍ती का मूड बनाया है। पुलिस मुख्यालय ने विभिन्न जिलों में 45 कंपनी अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की है। उपद्रवी तत्‍वों की पहचान कर उन्‍हें सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित कर दिया जाएगा। इस बीच अग्निपथ ने पटना से दिल्‍ली एयर फेयर में भी आग लगा दी है।
Bihar News Today LIVE Updates:

 

 

  • 10:41 AM, 18 Jun 2022

    पप्‍पू यादव के नेतृत्‍व में पटना का डाक बंगला चौराहा जाम

    पप्‍पू यादव के नेतृत्‍व में पटना का डाक बंगला चौराहा जाम

     

    पटना के डाक बंगला चौराहा पर यातायात ठप। जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बंद समर्थकों का नेतृत्‍व कर रहे पप्‍पू यादव। आयकर गाेलंबर व बोरिंग रोड में अभी तक यातायात सामान्‍य।

     

  • 10:25 AM, 18 Jun 2022

    जमुई, जहानाबाद व अररिया में सड़क जाम व प्रदर्शन

     

    जमुई में अग्निपथ के विरोध में आरजेडी और वाम मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कचहरी चौक पर जाम कर दिया है। धरना व प्रदर्शन जारी है। अररिया के रानीगंज काली मंदिर चौक पर सड़क पूरी तरह से जाम कर दिया गया है। जहानाबाद के परस बीघा थाना के चैनपुरा गांव के समीप बभना-शकूराबाद रोड को भी बंद समर्थकों ने जाम कर दिया है।

     

  • 10:16 AM, 18 Jun 2022

    अग्निपथ ने हवाई यात्रियों की जेब में लगाई आग, पटना टू दिल्ली किराया 27 हजार पहुंचा

     

    अग्निपथ योजना के विरोध के कारण पटना से दिल्ली का हवाई किराया आल टाइम हाई हो गया है। सामान्यत: इस समय पटना से दिल्ली जाने का अधिकतम किराया 12 हजार रुपये तक रहता आया है। जबकि अभी यह किराया 26880 रुपये हो गया है। इसका कारण पटना की दर्जनों ट्रेनें रद होने व ट्रेलों पर आंदोलनकारियों के हमले के कारण असुरक्षित यात्रा को बताया जा रहा है।

     

  • 10:08 AM, 18 Jun 2022

    बिहार बंद का गया में छिटपुट प्रभाव

     

    बिहार बंद को लेकर गया में प्रभाव छिटपुट दिख रहा है। गया से होकर गुजरने वाले जीटी रोड पर बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित है। छोटी गाड़ियां चल रही हैं। गया के ग्रैंड कार्ड लाइन पर मालगाड़ी का आना-जाना सामान्य है। फतेहपुर से मिली सूचना के मुताबिक धनबाद से आने वाली पैसेंजर ट्रेन सुबह गया के लिए गई है। कई ट्रेनें रद कर दी गई हैं। झारखंड से सटे इमामगंज बाजार पर बंद का कोई असर नहीं है।

     

  • 10:03 AM, 18 Jun 2022

    लखीसराय में बिहार बंद को लेकर हाई अलर्ट, रेलवे स्टेशनों की बढ़ाई गई सुरक्षा

    लखीसराय में बिहार बंद को लेकर हाई अलर्ट, रेलवे स्टेशनों की बढ़ाई गई सुरक्षा

     

    लखीसराय में बिहार बंद को लेकर जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। मुख्यालय स्थित लखीसराय, किऊल के अलावा बड़हिया सहित सभी रेलवे स्टेशनों पर अर्धसैनिक बल, जिला पुलिस और रेल पुलिस सुबह से ही गश्‍त लगा रही है। बंदी का असर रेल परिचालन पर भी पड़ा है। जनशताब्दी, विक्रमशिला, भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित दर्जन भर ट्रेनें रद कर दी गई हैं। लखीसराय स्टेशन पर सन्नाटा पसरा हुआ है। जबकि, किऊल स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में यात्री बैठे हैं।

     

  • 09:51 AM, 18 Jun 2022

    शिवहर में नवाब हाईस्कूल के पास प्रदर्शन शुरू

     

    शिवहर शहर के नवाब हाईस्कूल के पास पोस्टर लेकर प्रदर्शनकारी पहुंचे हैं, जिन्‍हें डीएम, एसपी और एडीएम समझा रहे हैं। नवाब हाईस्कूल के पास शिवहर-मुजफ्फरपुर पथ पर प्रदर्शन शुरू हो चुका है।

     

  • 09:49 AM, 18 Jun 2022

    भोजपुर में इंटरनेट सेवा बंद, आरा स्‍टेशन पहुंची संघमित्रा एक्‍सप्रेस

     

    भोजपुर में आज संघमित्रा एक्‍सप्रेस आरा आई है। इंटरनेट सेवा पूरी तरह बंद है। भोजपुर जिले के सभी स्‍टेशनों पर सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किए गए हैं। शहर में भी पूरी चौकसी है। इसके पहले शुक्रवार के प्रदर्शन के कारण रद ट्रेनों के 4.33 लाख टिकट आरा स्‍टेशन पर वापस कराए गए हैं।

     

  • 09:45 AM, 18 Jun 2022

    सिवान में प्रदर्शन शुरू, रेलवे जंक्‍शन की सुरक्षा कड़ी

    सिवान में प्रदर्शन शुरू, रेलवे जंक्‍शन की सुरक्षा कड़ी

     

    बिहार बंद को लेकर सिवान में सड़क पर उतरे आंदोलनकारी। जीरादेई के विधायक अमरजीत कुशवाहा व माले कार्यकर्ता सड़कों पर उतर गए हैं। उधर, सिवान जंक्शन की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

     

  • 09:41 AM, 18 Jun 2022

    बिहार से होकर गुजरने वाली अधिकांश ट्रेनें रद

     

    अग्‍न‍िपथ योजना के विरोध में बिहार बंद के दौरान उपद्रव की आशंका को देखते हुए शनिवार को चलने वाली तीन सौ से अधिक ट्रेनें रद कर दी गई हैं। बिहार से गुजरने वाली ज्‍यादातर महत्‍वपूर्ण ट्रेनें रद हैं। इस बीच पटना से खुलने वाली तमाम ट्रेनों को रद कर दिया गया है। पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और गया से कुछ ही ट्रेनें चलेंगी। बिहार से होकर कौन-कौन ट्रेनें चलेंगी, जानने के लिए करें क्लिक

     

  • 09:32 AM, 18 Jun 2022

    बिहार बंद को लेकर सहरसा रेल खंड की सभी ट्रेनें रद

     

    बिहार बंद को लेकर सहरसा रेल खंड से चलनेवाली सभी ट्रेनों का परिचालन रद कर दिया गया है। हर स्टेशन पर सुरक्षा को लेकर पुलिस बल को तैनात किया गया है। बंदी को लेकर शहर के चौक- चौराहों पर भी पुलिस जवान तैनात हैं।

     

  • 09:21 AM, 18 Jun 2022

    शिवहर में बिहार बंद को लेकर प्रशासन अलर्ट

     

    शिवहर में बिहार बंद को लेकर सुबह से ही प्रशासन अलर्ट है। एसडीओ मो. इश्तियाक अली अंसारी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम गश्‍त कर रही है। चप्‍पे-चप्‍पे पर पुलिस बल तैनात है।

     

  • 08:57 AM, 18 Jun 2022

    पटना में बंद का अभी तक असर नहीं

    पटना में बंद का अभी तक असर नहीं

     

    पटना की बात करें तो मोकामा में फिलहाल बंद का कोई असर नहीं है। रेलवे स्टेशन पर एहतियातन सुरक्षा बढ़ाई गई है। अथमलगोला में स्थिति अभी सामान्य है। धनरुआ में बंद का कोई असर नही है। मनेर में भी बंद की स्थिति नहीं है। सभी दुकानें खुली हैं। बख्तियारपुर में बंद का अभी तक कोई असर नहीं है। बाजार खुला है, स्टेशन पर एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में जवान मौजूद हैं। हां, दुल्हिन बाजर में बंद का असर दिख रहा हैं। वहां की करीब 70 फीसद दुकानें बंद हैं। बंद समर्थक अभी सड़क पर नहीं आए हैं। मसौढ़ी मे भी दुकानें बंद हैं। ट्रेनो का परिचालन बंद है।

     

  • 08:53 AM, 18 Jun 2022

    दरभंगा में बंद शांतिपूर्ण, सड़क यातायात सामान्‍य

     

    दरभंगा में भी बंद शांतिपूर्ण। दरभंगा में उपद्रवियों पर लगाम कसने को भारी संख्या में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। जिले के तीनों अनुमंडलों व रेलवे स्टेशनों पर निषेधाज्ञा लागू करने के साथ इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई है। दरभंगा से सभी ट्रेनों का परिचालन बंद है। शहर की सभी सड़कों पर आवागमन सामान्य है। यहां पढ़ें पूरी खबर

     

  • 08:49 AM, 18 Jun 2022

    पटना जंक्शन पर अगले आठ घंटे में केवल सात ट्रेनों का परिचालन

     

    रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट बता रही है कि पटना जंक्शन पर अगले आठ घंटे में केवल सात ट्रेनें आनी या जानी हैं। ये सभी ट्रेनें वैसी हैं, जो कल ही खुल चुकी थीं और लेट चल रही हैं।

     

  • 08:34 AM, 18 Jun 2022

    जहानाबाद में बस फूंकी, पुलिस पर पथराव

     

    अग्निपथ के विरोध में बिहार बंद में प्रदर्शन आरंभ। शेखपुरा नगर के कालेज मोड़ पर सड़क जाम।
    जहानाबाद के टेहटा ओपी में खड़ी बस ट्रक में बंद समर्थकों ने लगाई आग। बंद समर्थकों ने पुलिस पर किया पथराव। घटना स्थल पर पहुंचे डीएम व एसपी।

     

  • 08:32 AM, 18 Jun 2022

    भागलपुर में इंटरनेट सेवा प्रभावित

     

    भागलपुर में सुबह से ही लगातार इंटरनेट सेवा बाधित रही है। माना जा रहा है कि अग्निपथ योजना के विरोध में हो रहे आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने इंटरनेट सेवा बाधित किया है। हालांकि, गृह विभाग की सूची में भागलपुर जिले में इंटरनेट सेवा बाधित करने का निर्देश नहीं है। बीच-बीच में इंटरनेट सेवा बहाल भी कर दी जा रही है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। जिले के सभी निजी विद्यालय बंद हैं। सरकारी विद्यालय खुले हुए हैं।

     

  • 07:58 AM, 18 Jun 2022

    आंदोलनकारी दंगाई, उनके कंधे पर राजनीति कर रहा विपक्ष: बीजेपी

     

    अग्निपथ के खिलाफ बिहार बंद को विपक्षी दलों ने समर्थन दिया है तो बिहार बीजेपी ने कहा है कि आंदोलनकारी छात्रों के वेश में दंगाई हैं। बीजेपी ने उनकी पहचान कर अविलंब कार्रवाई की मांग की है। विदित हो कि आंदोलन के दौरान बीजेपी कोटे से उपमुख्‍यमंत्री रेणु देवी तथा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल के घरों पर हमला किया गया है। इसके अलावा दो बीजेपी विधायकों पर भी हमले हो चुके हैं। कई जिलों में बीजेपी कार्यालयों में तोड़-फाेड़ भी की गई है। बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने कहा है कि अग्निपथ योजना की आड़ में विपक्षी दल बीजेपी नेताओं पर हमला करा रहे हैं। वे छात्रों के कंधों पर राजनीति कर रहे हैं।

     

  • 07:42 AM, 18 Jun 2022

    लालू, मांझी व मुकेश सहनी की पार्टियों ने दिया बंद को समर्थन

     

    अग्निपथ स्कीम के विरोध में आज के बिहार बंद को लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी, मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी और जीतनराम मांझी की पार्टी हम ने समर्थन दिया है। एहतियाती तौर पर राज्‍य के 15 जिलों में इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है। इससे अफवाहों के प्रसार को रोका जा सकेगा। अग्निपथ स्कीम के खिलाफ चार दिनों से लगातार प्रदर्शन हो रहा है। बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं हरियाणा सहित कई राज्यों में इसके विरोध में प्रदर्शन हाे रहा है।

     

  • 07:29 AM, 18 Jun 2022

    कटिहार में बिहार बंद को लेकर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था

     

    कटिहार में बिहार बंद को लेकर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। सुबह में सेना भर्ती कार्यालय की सुरक्षा का जायजा लेने डीएम, एडीएम व एसडीओ पहुंचे।

     

  • 06:57 AM, 18 Jun 2022

    लखीसराय में अर्धसैनिक बलों की तैनाती

     

    अग्निपथ स्कीम के विरोध में शुक्रवार को हुए बवाल को देखते हुए लखीसराय में अर्धसैनिक बलों की एक कंपनी को भेजा गया है।

     

  • 06:47 AM, 18 Jun 2022

    सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित किए जाएंगे उपद्रवी

     

    अग्निपथ योजना के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन करने पर उपद्रवियों को बिहार में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित कर दिया जाएगा। इस बीच संवेदनशील इलाकों में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दिया गया है। पटना सहित पूरे बिहार के सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने इलाकों में भ्रमणशील रहने का आदेश दिया गया है। किसी भी तरह के उपद्रव की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाएगी। चौक-चौराहों पर सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

     

  • 06:38 AM, 18 Jun 2022

    अग्निपथ उपद्रव में कोचिंग संस्थानों की भूमिका की भी जांच

     

    अग्निपथ के खिलाफ शुक्रवार को बिहार में उपद्रव मचाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई। पटना के दानापुर, मनेर व पालीगंज में 170 लोगों की पहचान की गई है। पुलिस ने अब तक 46 लोगों को किया गिरफ्तार। शुक्रवार को हुए उपद्रव में कोचिंग संस्थानों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

     

  • 06:24 AM, 18 Jun 2022

    अग्निपथ स्‍कीम पर लोक गायिका नेहा सिंह राठौड़ ने रखी अपनी राय

     

    अग्निपथ स्‍कीम पर लोक गायिका नेहा सिंह राठौड़ ने रखी अपनी राय: कहा- रेलवे, एलआइसी व सेना …तीनों हमारी व्यवस्था के मजबूत आधार हैं। इनके साथ खतरनाक प्रयोग किए जा रहे हैं। हम नोटबंदी जैसे प्रयोगों के बुरे परिणाम देख चुके हैं। उन्‍होंने आगे कहा है कि नीति-निर्माताओं को अपनी प्राथमिकताओं पर पुनर्विचार करने की जरूरत है।

     

  • 06:12 AM, 18 Jun 2022

    अग्निपथ योजना वासप लेने के लिए पीएम मोदी सरकार को अल्‍टीमेटम

     

    अग्निपथ योजना के विरोध में बिहार के छात्र-युवा संगठन आईसा-इनौस, रोजगार संघर्ष संयुक्त मोर्चा और सेना भर्ती जवान मोर्चा ने बिहार बंद की घोषणा की है। इन संगठनों ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि अग्निपथ को वापस नहीं लिया गया तो आगे भारत बंद किया जाएगा।

     

  • 06:06 AM, 18 Jun 2022

    चौक-चौराहों पर पुलिस तैनात, सड़कों पर गश्‍त

     

    सेना में बाली की नई स्‍कीम के खिलाफ बिहार बंद को देखते हुए सुबह से ही पुलिस अलर्ट दिख रही है। चौक-चौराहाें पर पुलिस बल की तैनीती की गई है। सड़कों पर गश्‍त भी हो रही है।

     

  • 01:15 AM, 18 Jun 2022

    पुलिस की दिखेगी सख्ती, 45 कंपनी अतिरिक्त बल तैनात

     

    अग्निपथ योजना के विरोध में शनिवार को बिहार बंद को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने विभिन्न जिलों में 45 कंपनी अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को अलर्ट करते हुए उपद्रवियों से सख्ती से निबटने का निर्देश दिया है। इसके अतिरिक्त उत्पात करने वालों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

     

  • 01:14 AM, 18 Jun 2022

    अग्निपथ योजना के विरोध में बिहार बंद में गर्म रहेगा माहौल

     

    अग्निपथ योजना के विरोध में बिहार के विपक्षी दलों ने विभिन्न संगठनों के बिहार बंद का समर्थन किया है। स्पष्ट है कि विरोध-प्रतिरोध की राजनीति बिहार में शनिवार को भी गर्म रहेगी। आरजेडी सहित बंद को समर्थन दे रहे दलों से जुड़े नेता-कार्यकर्ता बिहार बंद को प्रभावी बनाने की कोशिश करेंगे। इस दौरान तोड़फोड़ की घटनाएं बढ़ सकती हैं। बिहार के विपक्षी दलों के साथ जेडीयू ने भी अग्निपथ योजना से असहमति जताई है।

     

  • 12:59 AM, 18 Jun 2022

    बिहार में हिंसक हुआ आंदोलन, रेलवे को भारी नुकसान

     

    अग्निपथ योजना के विरुद्ध बिहार में आक्रोशित युवा हिंसक उपद्रव पर उतर गए। आंदोलन के तीसरे दिन शुक्रवार को रेलवे साफ्ट टारगेट रही। विक्रमिशला एक्सप्रेस, लोहित एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति एक्‍सप्रेस, अमरनाथ एक्सप्रेस सहित कुल 14 ट्रेनें फूंक दी गईं। दानापुर स्‍टेशन सहित कई स्‍टेशनों पर आग लगा दी गई। रेलवे ने कई ट्रेनें रद कीं तो कइयों के मार्ग बदले गए। इस दौरान यात्री परेशान रहे।

     

  • 12:51 AM, 18 Jun 2022

    15 जिलों में इंटरनेट सेवा व 22 सोशल मीडिया साइट्स बैन

     

    अग्निपथ स्‍कीम के विरोध में जारी हिंसा को देखते हुए बिहार सरकार ने शुक्रवार अपराह्न दो बजे से रविवार 19 जून तक कैमूर, भोजपुर, औरंगाबाद, रोहतास, बक्सर, नवादा, पश्चिमी चंपारण, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मोतिहारी, लखीसराय, बेगूसराय, वैशाली और सारण में इंटरनेट सेवा पर प्रतिबंध लगा दिया है। गृह विभाग की विशेष शाखा ने इसे लेकर आदेश जारी कर दिया है, जिसमें कहा गया है कि असामाजिक तत्व इंटरनेट सेवा का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे अराजक स्थिति उत्पन्न हो रही है। निम्‍नलिखित 22 सोशल मीडिया साइट्स को भी बैन किया गया है-

    1. Facebook
    2. Twitter
    3. Whatsapp
    4. QQ
    5. Wechat
    6. Qzone
    7. Tublr
    8. Google+
    9. Baidu
    10. Skype
    11. Viber
    12. Line
    13. Snapchat
    14. Pinterest
    15. Telegram
    16. Reddit
    17. Snaptish
    18. Youtube (upload)
    19. Vinc
    20. Xanga
    21. Buaanet
    22. Flickr

     

  • 12:45 AM, 18 Jun 2022

    बिहार के 15 जिलों में 22 सोशल साइट्स पर प्रतिबंध

     

    अग्निपथ स्‍कीम के खिलाफ 18 जून के बिहार बंद से पहले राज्य सरकार ने 15 जिलों में इंटरनेट सेवा पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही फेसबुक, ट्वीटर, व्हाट्सएप व यू-ट्यूब सहित 22 सोशल मीडिया साइट्स और एप्स पर रविवार तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया है।

     

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Send this to a friend