महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा और कर्नाटक में सियासी गरमाहट के बीच राज्यसभा की 16 सीटों के लिए वोटिंग जारी है। वोटिंग सुबह नौ बजे शुरू हुई और शाम चार बजे तक चलेगी। वोटों की गिनती शाम पांच बजे शुरू की जाएगी। इस चुनाव में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, कांग्रेस उम्मीदवार रणदीप सुरजेवाला, जयराम रमेश, मुकुल वासनिक और शिवसेना के संजय राउत की किस्मत का फैसला होगा। हालांकि, इनके आसानी से जीत दर्ज करने की उम्मीद है। उधर राजस्थान में पहला वोट मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने डाला। उन्होंने कांग्रेस के तीनों उम्मीदवारों की जीत का भरोसा जताया। महाराष्ट्र में राज्यसभा की छह सीटों के लिए कुल सात उम्मीदवार हैं। उधर हरियाणा और कर्नाटक में भी वोटिंग जारी है।
चारों राज्यों में वोटिंग को लेकर उठापटक देखी जा रही है। राजस्थान में भाजपा की शोभारानी ने कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद तिवारी को वोट दिया है।
उधर कर्नाटक में भी के. श्रीनिवास गौड़ा ने कहा, ‘मैंने कांग्रेस को वोट दिया है क्योंकि मुझे वह पार्टी पसंद है।’ हरियाणा में कांग्रेस के दो वोट रद्द हो गए हैं। किरण चौधरी और बीबी बत्रा ने एजेंट के अलावा दूसरे व्यक्ति को वोट दिखाया था।की
दरअसल, राज्यसभा की 57 पर चुनाव होने थे, लेकिन 41 सीटों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
राजस्थान: राज्यसभा सीटें- 4
राजस्थान में बीजेपी को झटका लगा है। धौलपुर से बीजेपी विधायक शोभारानी कुशवाह ने वोट डालने में गलती कर दी है। चर्चा है कि शोभारानी ने कांग्रेस के प्रमोद तिवारी को वोट दे दिया है।सूत्रों के मुताबिक भाजपा के दो वोट खारिज हो सकते हैं। शोभारानी के अलावा बांसवाड़ा के गढ़ी से भाजपा विधायक कैलाश चंद मीणा से भी वोट डालने में गलती हुई है। उनका वोट खारिज हो सकता है, सीसीटीवी देखकर फैसला होगा।
इसके पहले विधायकों की खरीद-फरोख्त की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने आमेर क्षेत्र में 12 घंटे के लिए इंटरनेट बंद कर दिया है। एक और मामला था बसपा से कांग्रेस में आए 6 विधायकों की वोटिंग का। सुप्रीम कोर्ट में राजस्थान का रिजल्ट रोकने की याचिका दायर की गई है।
कर्नाटक: राज्यसभा सीटें- 4
कर्नाटक में जद (एस) नेता व पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है, जीत के लिए भाजपा कांग्रेस से मदद मांग रही है। उन्होंने कहा, सीटी रवि भाजपा महासचिव हैं, तो वह कैसे कांग्रेस के दफ्तर में पहुंच गए? यह दिखाता है कि सीटी रवि भाजपा उम्मीदवार की जीत के लिए सिद्दारमैया से उनका सहयोग मांगने गए थे।
महाराष्ट्र: राज्यसभा सीटें- 6
महाराष्ट्र में जेल में बंद नवाब मलिक को बॉम्बे हाईकोर्ट से भी राहत नहीं मिली, राज्यसभा चुनाव में वोटिंग के लिए याचिका में संशोधन करने को कहा है। मलिक की ओर से विधान भवन जाने के लिए पुलिस एस्कॉर्ट की मांग की गई थी। वहीं महाराष्ट्र में BJP को हराने के लिए ओवैसी की पार्टी AIMIM ने कांग्रेस के उम्मीदवार इमरान प्रतापगढ़ी को समर्थन देने का फैसला किया। हालांकि, इसका फायदा शिवसेना को मिलेगा जिससे AIMIM दो-दो हाथ करती आई है।
इसके पहले राज ठाकरे की पार्टी मनसे ने शिवसेना पर हमला बोला है। मनसे ने कहा है कि शिवसेना ने ओवैसी से समर्थन लिया, इससे उनका हिंदुत्व उजागर हो गया है। वे निजाम के वंशजों से भी समर्थन लेने में नहीं हिचकिचाते हैं। शिवसेना नेता संजय राउत ने दावा किया है कि महाविकास अघाड़ी के सभी उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा, हमारे पास पर्याप्त समर्थन है।
पुणे से भाजपा विधायक मुक्ता तिलक को एम्बुलेंस में विधान भवन लाया गया।

हरियाणा: 2 सीट
दो कांग्रेसी विधायकों के वोट रद्द होने की जानकारी मिल रही है। सूत्रों के मुताबिक दोनों ने अपना वोट अपने एजेंट के अलावा जजपा पार्टी के एजेंट दिग्विजय चौटाला को दिखा दिया। विधायक बलराज कुंडू ने कहा कि प्रदेश हित में मैं किसी को वोट नहीं डालूंगा। मैं अनुपस्थित हो रहा हूं। मुझे पैसों का लोभ दिया गया। परंतु मुझे कोई खरीद नहीं सकता। कुंडू के इस फैसले से कांग्रेस के अजय माकन की राह और मुश्किल हो गई है।
शिवसेना का दावा- AIMIM के 2 विधायकों का संजय पवार को वोट
शिवसेना सूत्रों ने ऐसा दावा किया है कि AIMIM के 2 विधायकों ने शिवसेना उम्मीदवार संजय पवार को वोट किया, दोनो विधायकों का पहला प्रेफरेंस वोट संजय पवार थे।
मुंबई: राज्यसभा के लिए सभी 285 लोगो की वोटिंग हुई
कांग्रेस-NCP-शिवसेना ने अपने उम्मीदवार को 42 वोट देने का दावा किया। बाकी बचे हुए वोट शिवसेना के दूसरे उम्मीदवार को देने का दावा किया।
हरियाणा: जेजपी ने कांग्रेस के दो विधायकों का वोट रद्द करने की मांग की
जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने कांग्रेस के 2 विधायकों बीबी बतरा और किरण चौधरी का वोट रद्द करने की मांग की है। जेजेपी ने आरोप लगाया गया है कि इन दोनों विधायकों ने कांग्रेस के द्वारा अधिकृत एजेंट को वोट डालने के बाद बैलट पेपर दिखाने की बजाय किसी और को दिखाया।
राजस्थान : बीजेपी विधायक कैलाश मीणा का वोट खारिज करने की मांग
कांग्रेस ने डग से बीजेपी विधायक कैलाश मीणा का वोट खारिज करने की मांग की है। कैलाश मीणा ने वोटिंग के बाद अपने एजेंट को अपना मत दिखाया था तभी कांग्रेस एजेंट गोविंद सिंह डोटसरा ने दावा किया कि कैलाश मीणा का वोट उन्हें दिख गया। डोटसरा ने कैलाश मीणा का मत खारिज करने की मांग की। अब सीसीटीवी और चुनाव आयोग की वीडियो रिकॉर्डिंग देखने के बाद होगा फैसला।
राजस्थान में सभी 200 विधायकों ने किया मतदान
राजस्थान में राज्यसभा चुनाव में में सभी 200 विधायकों ने अपना वोट डाल दिया है। प्रदेश में दोपहर 2 बजे तक मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई। प्रदेश में 4 सीटों पर 5 प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें सुभाष चंद्रा निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे थे। वोटों की गिनती शाम पांच बजे होगी।
भाजपा ने एमवीए के तीन विधायकों के वोट अमान्य करने की मांग की
राज्यसभा चुनाव पर भाजपा नेता पराग अलावानी ने कहा कि भाजपा की ओर से आपत्ति इसलिए उठाई गई क्योंकि दो विधायकों ने अपने दलों के मतदान एजेंटों को अपना मतपत्र दिया जो नियमों का उल्लंघन है। वे अपने मतपत्र केवल अपने एजेंटों को दिखा सकते हैं और किसी को नहीं सौंप सकते। एमवीए के तीन वोटों- कांग्रेस की यशोमती ठाकुर, एनसीपी के जितेंद्र आव्हाड और शिवसेना के सुहास कांडे पर भाजपा ने आपत्ति जताई है। भाजपा ने रिटर्निंग ऑफिसर से उनके वोटों को अमान्य रखने का अनुरोध किया है।







