लद्दाख के तर्तुक सेक्टर में एक वाहन दुर्घटना में अब तक भारतीय सेना के 7 जवानों की जान चली गई। इस हादसे में कई जवानों को गंभीर चोटें भी आईं हैं। घायलों के लिए बेहतर से बेहतर इलाज के लिए प्रयास जारी हैं। जो जवान ज्यादा बुरी तरह घायल हुए हैं, उन्हें पश्चिमी कमान में स्थानांतरित करने के लिए भारतीय वायुसेना द्वारा हवाई प्रयास जारी हैं।
लद्दाख के तुरतुक सेक्टर में एक वाहन दुर्घटना में भारतीय सेना के 7 जवानों की जान चली गई, अन्य को भी गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं, गंभीर रूप से घायलों को वायुसेना द्वारा पश्चिमी कमान स्थानांतरित किया जा रहा है: भारतीय सेना के सूत्र
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 27, 2022
हादसे में 7 जवानों की मौत
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 26 भारतीय सैनिकों की एक टुकड़ी परतापुर स्थित एक ट्रांजिट कैंप से हनीफ सब सेक्टर में एक फॉरवर्ड लोकेशन पर जा रही थी, तभी उनका वाहन फिसलकर श्योक नदी में गिर गया। इस हादसे में अभी तक 7 जवानों की मौत की खबर है। घटना स्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
#UPDATE तुरतुक दुर्घटना में घायल सभी 19 सैनिकों को एयरलिफ्ट करके वेस्टर्न कमांड के चंडी मंदिर कमांड अस्पताल पहुंचाया गया है: भारतीय सेना के सूत्र
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 27, 2022
कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा है कि 26 जवानों का एक दल परतापुर के ट्रांजिट कैंप से सब सेक्टर हनीफ के एक फॉरवर्ड पोस्ट की ओर बढ़ रहा था। सुबह 9 बजे के आसपास थोइस से लगभग 25 किमी दूर, सेना का वाहन सड़क से फिसल गया और श्योक नदी में गिर गया। इस नदी की गहराई लगभग 50-60 फीट तक बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक सभी घायल जवानों को परतापुर के 403 फील्ड अस्पताल में पहुंचाया गया है और लेह से सर्जिकल टीमों को परतापुर भेजा गया है।
सेना के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अब तक सात लोगों को मृत घोषित किया जा चुका है। अन्य लोगों को भी गंभीर चोटें आई हैं। अन्य घायल जवानों को बेहतर से बेहतर इलाज के प्रयास जारी हैं। हादसे में जो जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं, उन्हें पश्चिमी कमान में स्थानांतरित करने के लिए वायु सेना से एयरलिफ्ट करके ले जा रही है।







