प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्रा से जुड़े कार्यक्रम को लेकर सरकार की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि मेलबर्न में पीएम मोदी के दौरे का आज अंतिम दिन है। ऑस्ट्रेलिया में निर्धारित सभी कार्यक्रमों में शरीक होने के बाद पीएम मोदी यहीं से न्यूजीलैंड दौरे पर रवाना हो जाएंगे। न्यूजीलैंड में भी भारत के साथ द्विपक्षीय संबंध और व्यापारिक गठजोड़ से जुड़े अहम मुद्दों पर बातचीत प्रस्तावित है।
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से एक दिन पहले न्यूजीलैंड के पीएम लक्सन ने भारत के साथ व्यापारिक संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया था। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर कहा था कि इस समझौते से न्यूजीलैंड के कारोबार को जबरदस्त गति मिलेगी और भारतीय बाजार में उसके निर्यातकों के लिए नए अवसर खुलेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के दौरे के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड के ऑकलैंड पहुंचने वाले हैं। उनके दौरे से पहले न्यूजीलैंड की लेबर पार्टी ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर सरकार का खुलकर समर्थन किया है।
लेबर पार्टी की विदेश मामलों की प्रवक्ता वनुशी वॉल्टर्स ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि यह समझौता दोनों देशों के रिश्तों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि एफटीए को केवल एक सरकार के कार्यकाल तक सीमित नहीं देखा जा सकता, बल्कि इसे लंबे समय तक दोनों देशों की प्रतिबद्धता के साथ लागू किया जाएगा। वॉल्टर्स ने बताया कि इस समझौते को न्यूजीलैंड की सत्तारूढ़ नेशनल पार्टी और विपक्षी लेबर पार्टी, दोनों का द्विदलीय समर्थन प्राप्त है। उनके अनुसार, अब असली चुनौती इस समझौते को जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करने की है।
उन्होंने कहा कि अगले 15 वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और बाजार तक पहुंच बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही छात्रों और कामगारों के लिए वीजा व्यवस्था को मजबूत करने तथा भारतीय श्रमिकों के कानूनी और मानवाधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर रहेगा। उन्होंने इसे भारत-न्यूजीलैंड संबंधों के नए दौर की शुरुआत बताया।







