कमजोर वैश्विक संकेतों को देखते हुए भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को भारी गिरावट के साथ खुले। शुरुआती कारोबार में ही बीएसई का सेंसेक्स 1155 अंक टूट गया। विदेशी निवेशकों द्वारा पैसों की लगातार निकासी और क्रूड ऑयल की बढ़ती कीमतों के कारण भी बाजार धारणा कमजोर हुई है। खबर लिखे जाते समय बीएसई का सेंसेक्स 1.84 प्रतिशत यानी 994.38 अंकों की गिरावट के साथ 53,214.15 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। शुरुआती कारोबार के दौरान एनएसई का निफ्टी भी 335.65 अंकों की गिरावट के साथ 15,904.65 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। खबर लिखे जाते समय निफ्टी 306.55 अंकों की गिरावट के साथ 15933.75 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
निवेशकों के डूबे 5 लाख करोड़
बाजार में बड़ी गिरावट आने से निवेशकों के झटके में 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक डूब गए हैं। दरअसल, 18 मई को जब बाजार बंद हुआ थो तो बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का पूंजीकण 2.55 लाख करोड़ रुपये अधिक था जो 19 मई को बाजार में बड़ी गिरावट आने के बाद घटकर 2.50 लाख करोड़ रह गया। इस तरह निवेशकों को 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान उठाना पड़ा है।
इन कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट
सेंसेक्स में टेक महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, इंफोसिस, विप्रो, टाटा स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस और भारतीय स्टेट बैंक शुरुआती कारोबार में गिरने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर केवल आईटीसी ही हरे निशान में था। पिछले कारोबारी सत्र में, बीएसई सेंसेक्स 109.94 अंक यानी 0.20 प्रतिशत गिरकर 54,208.53 अंक पर आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 19 अंक यानी 0.12 प्रतिशत के नुकसान से 16,240.30 अंक पर बंद हुआ था। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.61 प्रतिशत बढ़कर 110.87 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया। शेयर बाजारों से उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,254.64 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
कल भी बाजार टूट कर बंद हुआ था
वैश्विक बाजारों के मिले-जुले रुख के बीच निवेशकों द्वारा ऊर्जा, आईटी और बैंक शेयरों की बिकवाली से बुधवार को शेयर बाजारों ने शुरुआती लाभ गंवा दिया और सेंसेक्स 109.94 अंक टूटकर बंद हुआ था। कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया फिसलकर रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया है। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 109.94 अंक यानी 0.20 प्रतिशत गिरकर 54,208.53 अंक पर आ गया। दिन में कारोबार के दौरान यह एक समय 54,786 अंक के उच्चस्तर तक गया और 54,130.89 अंक के निचले स्तर तक भी आया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 19 अंक यानी 0.12 प्रतिशत के नुकसान से 16,240.30 अंक पर बंद हुआ।
महंगाई से बाजार की चिंता बढ़ी
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, यूरोपीय बाजारों के गिरावट में खुलने से पहले फार्मा और एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में बढ़त से घरेलू बाजार में तेजी देखी गई। हालांकि, ब्रिटेन में बढ़ती मुद्रास्फीति और फेडरल रिजर्व के मुद्रास्फीति को नीचे लाने के लिए कदम उठाने का भरोसा दिलाए जाने के बाद निवेशकों की धारणा पर असर पड़ा।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में सिर्फ ITC हरे निशान में
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से सिर्फ ITC के शेयर हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। जिन प्रमुख शेयरों में गिरावट दर्ज की गई उनमें टेक महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, इन्फोसिस, विप्रो, टाटा स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एसबीआई और बजाज फाइनेंस शामिल हैं।
बुधवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे अमेरिकी शेयर बाजार
बुधवार को अमेरिकी शेयर 19 अक्टूबर 1987 जिसे ब्लैक मंडे कहा जाता है, के बाद की सबसे बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। NASDAQ 566.37 अंकों की जबरदस्त गिरावट के साथ 11418.15 के स्तर पर बंद हुआ। बुधवार को अमेरिका की डिपार्टमेंट स्टोर चेन की जानी मानी कंपनी Target के नतीजे आए और देखते ही देखते इसका मार्केट कैप एक-चौथाई स्वाहा हो गया। Target के शेयरों में 25 फीसद की गिरावट दर्ज की गई। S&P 500 और Dow Jones Industrial Average के लिए भी बुधवार का दिन जून 2020 के बाद का सबसे बुरा दिन रहा। S&P 500 में बुधवार को 4.04 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
बाजार में आई गिरावट पर क्या है विशेषज्ञों की राय
पीटीआइ ने हेम सिक्योरिटीज के हेड-पीएमएस मोहित निगम के हवाले से कहा है कि महंगाई की चिंता बढ़ने की वजह से अमेरिकी शेयर बाजार में जून 2020 के बाद की सबसे बड़ी बिकवाली देखी गई। इस बीच ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में भी 1.61 फीसद का उछाल दर्ज किया गया और यह 110.87 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
FII लगातार भारतीय बाजार में कर रहे हैं बिकवाली
बुधवार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 1,254.64 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की। बुधवार को बीएसई का सेंसेक्स 109.94 अंकों की गिरावट के साथ 54208.53 के स्तर पर बंद हुआ था। एनएसई का निफ्टी भी 19 अंकों की गिरावट के साथ 16240.30 पर बंद हुआ था।







