भाकपा से कांग्रेस में शामिल हाेने के बाद पहली बार कन्हैया कुमार शुक्रवार दोपहर 1:45 बजे पटना पहुंच गए। उनके साथ गुजरात कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हार्दिक पटेल और विधायक जिग्नेश मेवाणी भी मौजूद थे। पटना एयरपोर्ट पर बिहार कांग्रेस के नेताओं ने तीनों स्टार प्रचारकों का स्वागत किया। इसके बाद तीनों कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम पहुंचे। यहां तीनों स्टार प्रचारकों का बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने स्वागत किया।
कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में प्रेस कांफ्रेस के दौरान हार्दिक पटेल बिहार में जब-जब हल्ला बोल किया है तब-तब दिल्ली में तख्ता पलट हुआ है। बिहार से पहले गुजरात में चुनाव होना है।गुजरात की जनता नरेंद्र मोदी और अमित शाह को जबाब देगी। जब तक हम जनता के हित के लिए नही लड़ेंगे तब तक देश मे विकास संभव नहीं होगा। जिग्नेश मेवानी ने कहा कि गुजरात में और बिहार में दोनों जगह कांग्रेस की सरकार बनेगी।
प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि इन तीनों नेताओं से कई लोगों को घबराहट हो रही है। लेकिन किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। कल का नेतृत्व युवाओं का ही है। उन्होंने कहा कि हम उपचुनाव में अकेले हैं दोनों सीटों पर लड़ रहे हैं इसका सबसे ज्यादा फायदा नौजवानों को ही होगा।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि 2024 के चुनाव में कांग्रेस इस देश में ऐसे तानाशाह को हटाएगी जिसने पूरे हिंदुस्तान को दबा कर रखा है। उन्होंने कहा कि बिहार में राजद अपने सबसे बड़ा दुश्मन कांग्रेस को मानती है। गठबंधन की राजनीति के नाम पर जिस कांग्रेस का शोषण वर्षों तक करती रही उसे लग रहा है कि उसका खात्मा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 2025 में कांग्रेस बिहार में सरकार बनाएगी।

कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा ने कहा कि बिहार में राजद के साथ गठबंधन टूटा है कांग्रेस के सारे कार्यकर्ता इसका इंतजार कर रहे थे। कांग्रेस अगर विधानसभा उपचुनाव की दोनों सीटें जीती है आने वाले समय में बिहार में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
सदाकत आश्रम के कन्हैया कुमार पटना सिटी में अशफाकउल्ला खां की स्मृति सभा में भी शामिल होंगे। वह तारापुर में 23, 24, 25 अक्टूबर को चुनाव प्रचार में जाएंगे और कुशेश्वरस्थान में 26, 27, 28 अक्टूबर को रहेंगे।

बड़ी संख्या में कांग्रेस की सदस्यता लेंगे छात्र नेता
कन्हैया कुमार की उपस्थिति में सदाकत आश्रम में कई राजनीतिक कार्यकर्ता कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इसमें MLC का निर्दलीय चुनाव लड़ चुके रजनीकांत पाठक, CPI से जुड़े रहे मैथिली फिल्म अभिनेता विजय कुमार मिश्र, AICF के ज्वाइंट सकेट्री जनमेजय कुमार, AISF के ट्रेजरर करुण प्रियम, बेला से विधानसभा चुनाव लड़ चुके AISF के कुमार जितेन्द्र, युवा नेता बलराज यादव, चाणक्य डिफेंस एकेडमी के एच.के. त्यागी आदि दर्जनों लोग शामिल हैं।
पहली बार हुआ कि किसी छात्र नेता को सीधे राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह दी गईः डी. राजा
एक ओर कन्हैया पटना आ रहे हैं और दूसरी तरफ भाकपा महासचिव डी. राजा ने कहा है कि कन्हैया को पार्टी ने पद और प्रतिष्ठा दी, लेकिन उन्होंने पार्टी को अंधेरे में रखा। धोखा दिया। डी राजा पार्टी के 82 वें स्थापना दिवस पर गुरुवार को पटना में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाकपा में ऐसा पहली बार हुआ कि किसी छात्र नेता को सीधे राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह दी गई। यही नहीं लोकसभा का उम्मीदवार बनाया गया। डी. राजा ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया और कहा कि कांग्रेस में अंतर्विरोध है। कन्हैया के कांग्रेस में जाने से भाकपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा।







