JDU की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में नीतीश कुमार को PM मैटेरियल बताया गया। साथ ही, प्रस्ताव पास किया गया कि नीतीश कुमार में PM बनने के सारे गुण हैं। वह प्रधानमंत्री बनने की योग्यता रखते हैं, लेकिन फिलहाल प्रधानमंत्री के दावेदार नहीं हैं। इस पर JDU के संसदीय बोर्ड के चेयरमैन उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को खुलकर बात की।
कुशवाहा ने साफ कहा- ‘मैंने पहले ही कहा था कि नीतीश कुमार PM मैटेरियल हैं। अभी फिलहाल NDA के साथ हैं। NDA के प्रधानमंत्री के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी हैं तो नीतीश कुमार की कोई दावेदारी नहीं है, लेकिन भविष्य के बारे में कोई कुछ नहीं जानता। कुछ भी हो सकता है।’
उपेंद्र कुशवाहा से जब पूछा गया कि ललन सिंह ने कल बयान दिया था कि कई ऐसी पार्टियां हैं, जो नीतीश कुमार के चेहरे को पसंद नहीं करती हैं तो, उन्होंने कहा- ‘कुछ बातें ऐसी होती हैं जो बिना कहे समझी जाती हैं और यह बात सही है।’ साथ ही जब पूछा गया कि तेजस्वी यादव यह कह रहे हैं कि UPA की तरफ से राहुल गांधी प्रधानमंत्री के उम्मीदवार हैं तो कुशवाहा ने कहा- ‘दूसरे दल के लोग क्या कहते हैं इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। हमारे दल ने जो निर्णय लिया है हम उस मिशन पर चलते हैं।
पूरे देश में ‘मिशन नीतीश’ चलाया जाएगा
कल की बैठक में नीतीश कुमार प्रधानमंत्री कैसे बनेंगे?, इस पर चर्चा हुई थी। इसे सार्वजनिक तो नहीं किया गया लेकिन, उसका एक एजेंडा ‘मिशन नीतीश’ है। आज इसका खुलासा करते हुए कुशवाहा ने बताया- ‘मिशन नीतीश के तहत पूरे देश में नीतीश कुमार के व्यक्तित्व का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उनकी देश में जो स्वीकार्यता है उसे बढ़ाने को लेकर मिशन नीतीश जारी किया जाएगा।’
अभी नंबर नहीं है, लेकिन भविष्य में कोई बड़ी बात नहीं: उपेंद्र
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा- ‘फिलहाल हमारे पास कोई नंबर नहीं है, लेकिन भविष्य में इससे इनकार नहीं किया जा सकता है कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे। फिलहाल, यह भविष्य की बात है। हम लोग प्रधानमंत्री बनने के लिए कोई नंबर जुटाने नहीं जा रहे हैं। NDA के प्रधानमंत्री अभी नरेंद्र मोदी हैं।’
जदयू की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में आरसीपी सिंह ने सबसे पहले अपनी पार्टी को मजबूत करने की बात कही तो उपेंद्र कुशवाहा लगातार कह रहे हैं कि उनके नेता पीएम के लिए योग्य हैं। पीएम मैटेरियल की चर्चा के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या नीतीश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देंगे। ऐसे सवाल जदयू और भाजपा के नेताओं से लगातार पूछे जा रहे हैं। ऐसे ही एक सवाल पर ललन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार में प्रधानमंत्री बनने के लिए पूरी काबिलियत है। जदयू की राष्ट्रीय परिषद ने इस बाबत प्रस्ताव भी पास किया है, लेकिन उनके नेता प्रधानमंत्री पद के लिए दावेदारी नहीं करने जा रहे हैं। इसके पीछे वजह यह है कि नीतीश कुमार को देश का कोई भी दूसरा राजनीतिक दल पसंद नहीं करता है। उनके चेहरे को कोई राजनीतिक दल स्वीकार नहीं करता है।
भाजपा और लोजपा की एक जैसी राय
भाजपा का कहना है कि फिलहाल प्रधानमंत्री पद के लिए कोई वैकेंसी नहीं है। भाजपा के एमएलसी नवल किशोर यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री पद पर नरेंद्र मोदी जब तक चाहेंगे, जनता उन्हें बनाए रखेगी। वे जब खुद चाहेंगे, तभी प्रधानमंत्री पद पर वैकेंसी होगी। उन्होंने कहा कि हर दल को अपने नेता की ब्रांडिंग का अधिकार है। जदयू नेता अगर नीतीश कुमार के पीएम मैटेरियल बता रहे हैं, तो इसमें कोई हाय तौबा मचाने की जरूरत नहीं है। जदयू ने पहले ही साफ कर दिया है कि वे प्रधानमंत्री पद के लिए दावेदारी नहीं कर रहे हैं। खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी ऐसी चर्चाओं को फिजुल बता चुके हैं। लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने भी कहा कि फिलहाल पीएम पद के लिए कोई वैकेंसी नहीं है।







