पूरे बिहार में आज सुबह से ही आंधी-बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने सभी जिलों के लिए आज अलर्ट भी जारी किया था। शुक्रवार को पटना, खगड़िया,रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, छपरा समेत 20 जिलों में सुबह पहले अंधेरा छा गया फिर तेज बारिश हुई।
काले बादलों की वजह से सुबह में गाड़ियों की लाइट जलाकर लोग सफर करते देखे गए। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
औरंगाबाद में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक शिक्षक और किसान की मौत हुई है। गयाजी में भी बिजली से एक मौत हुई है। पटना में बिजली से 2 बच्चियों की जान गई है।
- CM ने कृषि और आपदा प्रबंधन विभाग को फसलों को हुए नुकसान का सर्वे करने का निर्देश दिया है।
- पटना में आंधी-बारिश से कई VVIP इलाकों में पेड़ गिरे हैं। JCB की मदद से उन्हें हटाया जा रहा है।
- पटना में बारिश के बाद जलजमाव से निपटने के लिए नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
- भोजपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, पटना, नालंदा, पूर्वी चंपारण, सारण और सीवान में बारिश का रेड अलर्ट है।
आकाशीय बिजली से 5 लोगों की मौत
- औरंगाबाद के रफीगंज में सरकारी स्कूल के टीचर की बिजली गिरने से जान चली गई। 43 साल के सुनील कुमार सिंह भेखनपुरा प्राइमरी स्कूल में तैनात थे। स्कूल कैंपस में ही उनके ऊपर बिजली गिर गई।
- औरंगाबाद के दाउदनगर थाना क्षेत्र के केशराड़ी गांव में शुक्रवार सुबह वज्रपात से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान केशराड़ी गांव के 55 साल के केदार यादव के रूप में हुई है। वे सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे, तभी बिजली की चपेट में आ गए।
- गया जिले के बरवाडीह गांव में बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बरवाडीह गांव के दिनेश यादव के रूप में हुई है। दिनेश सुबह 8 बजे किसी काम से बाहर निकले थे, तभी वो बिजली की चपेट में आ गए।
- पटना के परसा बाजार के सकरैचा गांव में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। ये बच्चियां बकरी चराने खेत की ओर गई थी। दोनों की पहचान सिमरन कुमारी (12) और स्वीटी कुमारी (10) के तौर पर हुई है।
- पटना के मनेर में तेज गरज के साथ गिरे ठनका से एक फूस घर जलकर राख हो गया, जिसमें 20 हजार रुपये नकद, अनाज और कपड़े समेत सारा सामान नष्ट हो गया और दो बकरियां भी जल गईं।
आंधी-बारिश से राजगीर मेले में नुकसान
नालंदा में तेज आंधी और बारिश से राजगीर में लगा मलमास मेला भी प्रभावित हुआ। सड़कों पर लगे तोरण द्वार हवा के झोंके के बीच गिर गए हैं। तो वहीं मलमास मेले में लगाए गए बैनर पोस्टर को भी नुकसान हुआ हैं।
सासाराम सदर अस्पताल के बाहर घुटने तक पानी भरा
शुक्रवार सासाराम में तेज बारिश हुई। इसकी वजह से सदर अस्पताल में घुटने भर पानी जमा हो गया। जलजमाव के कारण मरीजों और परिजनों को भारी परेशानी हो रही है। लोगों ने नगर निगम से स्थाई समाधान की मांग की।
समस्तीपुर में मूसलाधार बारिश
समस्तीपुर में मूसलाधार बारिश हो रही है। तेज हवा की वजह से लोगों को सड़क पर चलने में परेशानी हो रही है। मौसम विभाग ने आज जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था।
शिवहर में तेज बारिश
शिवहर में दिन में ही अंधेरा छा गया है और बारिश शुरू हो रही है। मौसम बदलने की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
बिहार के इन 23 जिलों में रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राज्य के बड़े हिस्से में भारी मौसम खराब होने की चेतावनी जारी की है। जिन प्रमुख जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पटना, गया, मुजफ्फरपुर, नालंदा, अररिया, अरवल, औरंगाबाद, बांका, बेगूसराय, भभुआ, भागलपुर, भोजपुर, गोपालगंज, सारण, सीवान, पूर्वी चंपारण, जहानाबाद, नवादा, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, वैशाली और शेखपुरा शामिल हैं। विशेषकर गया, पटना, नालंदा और पूर्वी चंपारण के सभी प्रखंडों में तेज हवाओं का ज्यादा खतरा मंडरा रहा है।







