बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का आज से पांचवां चरण शुरू हो गया है। सीएम नीतीश आज यानी सोमवार को सबसे पहले जहानाबाद जाएंगे, वहां लगभग 300 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे अरवल जाएंगे। यात्रा का समापन 26 मार्च को पटना में होगा।
नीतीश कुमार सुबह लगभग 10 बजे हेलीकॉप्टर से जहानाबाद के पुलिस लाइन मैदान पहुंचेंगे। यहां से वे विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर जाएंगे। प्रशासन ने उनके आगमन को लेकर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और प्रोटोकॉल से जुड़े सभी इंतजामों को दुरुस्त कर लिया है।
सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का करेंगे उद्घाटन
मुख्यमंत्री अपने दौरे की शुरुआत पुराने प्रखंड कार्यालय परिसर में नवनिर्मित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र के उद्घाटन से करेंगे। इस केंद्र के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश की जाएगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए यह परियोजना अहम मानी जा रही है।
46 करोड़ का अंबेडकर आवासीय बालिका विद्यालय
इसके बाद मुख्यमंत्री धराउत में 46 करोड़ रुपए की लागत से बने अंबेडकर आवासीय बालिका विद्यालय का उद्घाटन करेंगे। यह विद्यालय जिले की बालिकाओं के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम साबित होगा। इससे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी।
नगर परिषद में 56 करोड़ की सड़क और नाला योजना
मुख्यमंत्री नगर परिषद क्षेत्र में 56 करोड़ रुपए की लागत से तैयार सड़क और नाला का भी उद्घाटन करेंगे। इन योजनाओं से शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। उद्घाटन कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री का काफिला गांधी मैदान जहानाबद पहुंचेगा। यहां वे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री गांधी मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए विशेष प्रबंध किए हैं।
पुरानी योजनाओं की प्रगति का लेंगे जायजा
मुख्यमंत्री इस दौरे के दौरान अपनी पिछली प्रगति यात्रा के दौरान रखी गई योजनाओं की वर्तमान स्थिति का भी आकलन करेंगे। सीएम के इस दौरे को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को लेकर है। लंबे समय से भूमि चयन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री इस संबंध में कोई बड़ा निर्णय या घोषणा कर सकते हैं।
राज्यसभा सांसद बनने के बाद यात्रा का अंतिम दौर
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद उन्होंने ‘समृद्धि यात्रा’ के चौथे चरण में चार दिन दौरे किए थे। अब वे इस यात्रा के अंतिम चरण में चार दिन में आठ जिलों का दौरा करेंगे।
जहानाबाद को नीतीश कुमार से आशा
जहानाबाद में लोगों को आशा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी इस यात्रा के दौरान जहानाबाद में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को लेकर कोई घोषणा कर सकते हैं। यहां मेडिकल कॉलेज की निर्माण लंबे समय से जमीन विवाद के कारण अटका हुआ है। यहां नीतीश बुनियादी ढांचे के शिलान्यास के बाद गांधी मैदान में एक सभा को संबोधित करेंगे। नीतीश जनसंवाद कार्यक्रम से पहले जिला-स्तरीय समीक्षा बैठक के जरिए ‘सात निश्चय-2’ योजना की प्रगति का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री इस यात्रा के माध्यम से दिल्ली जाने से पहले राज्य की विकास परियोजनाओं की जमीनी हकीकत सुनिश्चित करना चाहते हैं, ताकि उनके द्वारा किए गए वादे समय पर पूरे हो सकें।
नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दो दौर जनवरी में चले थे। इसके बाद बिहार विधानसभा के बजट सत्र के कारण इसा यात्रा पर विराम लगा रहा। यह सत्र समाप्त होने के बाद मार्च में वे तीसरे और चौथे चरण की यात्रा कर चुके हैं। अब पांचवां चरण शुरू हो रहा है।







