बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए वोटिंग खत्म हो गई है। चुनाव के नतीजे आज रात 8 बजे से आने शुरू हो जाएंगे। बांग्लादेश में करीब 12.7 करोड़ मतदाताओं ने आज अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस चुनाव में युवाओं की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि लगभग आधे मतदाता 18 से 37 साल के हैं। करीब 45.7 लाख मतदाताओं ने पहली बार वोट डाला। देश के 36 हजार वोटिंग सेंटर्स पर 47.91% मतदान हुआ। इस दौरान कई जगहों पर झड़पें भी हुई। खुलना में एक वोटिंग सेंटर के बाहर जमात-ए-इस्लामी कार्यकर्ताओं के साथ झड़प में एक BNP नेता मोहिबुज्जमान कोच्चि की मौत हो गई। दूसरी ओर बांग्लादेश के मुंशीगंज-3 और गोपालगंज सदर इलाके में वोटिंग सेंटर के बाहर देसी बम फेंके गए। गोपालगंज सदर इलाके में धमाके से 3 लोग घायल हो गए थे।
बांंग्लादेश में चुनाव का आधिकारिक समय समाप्त, कुछ जगहों पर मतदान जारी
बांंग्लादेश में चुनाव का आधिकारिक समय समाप्त हो गया है। कुछ जगहों पर मतदान जारी होने की खबरें हैं। मुंशीगंज पोलिंग सेंटर पर कच्चे बम धमाके की खबर के बाद वोटिंग में थोड़ी देर रुकावट भी आई। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया कि धमाका एक हाई स्कूल में बनाए गए पोलिंग स्टेशन पर हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। चुनाव में तैनात अधिकारी मसुदुर रहमान ने इसे मामूली घटना बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस वालों को तुरंत अलर्ट किया गया, जिसके बाद मतदान कराए गए।
पोस्टल बैलेट पर चुनाव आयोग ने क्या बताया? पोलिंग बूथ पर BNP नेता की मौत
बांग्लादेश में जारी मतदान के बीच निर्वाचन आयोग ने कहा कि चुनाव में लगे अधिकारी देशभर से 6,48,000 पोस्टल बैलेट रिसीव कर चुके हैं। हैं। स्थानीय अखबार प्रोथोम आलो के मुताबिक, बांग्लादेश चुनाव आयोग के सीनियर सेक्रेटरी अख्तर अहमद ने कहा, रिटर्निंग ऑफिसर्स के पास कुल 6,48,000 पोस्टल बैलेट पहुंचे हैं।
मतदान केंद्र पर BNP नेता की मौत, पार्टी ने जमात समर्थकों पर हमले का आरोप लगाया
बांग्लादेश में चुनाव लड़ रहे 60 साल के BNP नेता मोहिबुज्जमां कोच्चि की मौत, खुलना के पोलिंग स्टेशन पर वोट डालने जाते समय हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना सुबह करीब 9 बजे की है। BNP के मुताबिक, वोट देने के लिए पोलिंग स्टेशन पहुंचने के बाद मतदान केंद्र पर विरोधी जमात के सदस्यों ने कथित तौर पर उन्हें धक्का दिया। इस दौरान वह नीचे गिर गए और उनके सिर में चोट लग गई। उन्हें एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक लंबे समय से दिल की बीमारी से भी जूझ रहे थे और आज मतदान के दौरान वे तनाव में भी थे।
बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव के लिए जारी मतदान के बीच, जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार खालिदोज जमान ने कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान में अनियमितताओं का आरोप लगाया। जमान बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, हालात अच्छे नहीं हैं क्योंकि मतदानकर्मी दलों के किसी प्रतिनिधि की गैरमौजूदगी में एक अलग कमरे में कागजात सील कर रहे हैं। यह बेहद निराशाजनक है और कई जगहों पर हो रहा है। हमें उम्मीद थी कि जमात-ए-इस्लामी चुनाव जीतेगी, लेकिन अगर ऐसा ही चलता रहा तो हम निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद कैसे रख सकते हैं?
नतीजों की घोषणा के बाद संसद सत्र चलने की उम्मीद
दूसरी तरफ बीएनपी सरकार के कार्यकाल में मंत्री रहीं सरवरी रहमान ने चुनावी प्रक्रिया की सराहना की। सकारात्मक परिणाम की उम्मीद जताते हुए वोट डालने के बाद रहमान ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, सब कुछ बहुत अच्छे और व्यवस्थित ढंग से हो रहा है। महिलाएं स्वतंत्र रूप से मतदान कर रही हैं… मुझे बहुत खुशी हो रही है। इतने वर्षों बाद आखिरकार सही तरीके से चुनाव हो रहे हैं। उम्मीद है कि चुनाव के बाद सब कुछ ठीक हो जाएगा। नतीजों की घोषणा के बाद संसद का सत्र भी चलेगा।
यूरोपीय संघ ने चुनाव की तारीफ की
ईयू चुनाव पर्यवेक्षण मिशन के प्रमुख इवार्स इजैब्स ने बांग्लादेश के चुनाव को लोकतंत्र के लिए बड़ा दिन बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव “सक्रिय, भरोसेमंद और विश्वसनीय” होने की उम्मीद है। 394 अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक और 197 विदेशी पत्रकार इस चुनाव की निगरानी कर रहे हैं, जो 2024 की तुलना में दोगुना है। प्रारंभिक रिपोर्ट 14 फरवरी को जारी की जाएगी।
तारीक रहमान का वादा- भ्रष्टाचार खत्म करेंगे
इस चुनाव में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और बीएनपी नेता तारीक रहमान ने कहा कि उनकी पार्टी जीतने पर देश में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी। उनका वादा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाकर बांग्लादेश को नई, साफ राजनीति की राह पर लाया जाएगा।
दोपहर तक 32.88% मतदान, किसी भी केंद्र पर मतदान नहीं रुका
बांग्लादेश में जारी आम चुनाव के दौरान दोपहर 12 बजे तक 32.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। यह जानकारी चुनाव आयोग के वरिष्ठ सचिव अख्तर अहमद ने दी। उन्होंने राजधानी ढाका स्थित चुनाव आयोग मुख्यालय में मीडिया को बताया कि दोपहर तक देशभर के 32,789 मतदान केंद्रों से यह आंकड़ा मिला है, जो कुल केंद्रों का लगभग 77 प्रतिशत है। देशभर में कुल 42,651 मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी है। चुनाव आयोग के अनुसार, अब तक किसी भी मतदान केंद्र से मतदान रुकने या किसी बड़ी गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है। चुनाव अधिकारियों का कहना है कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आयोग ने उम्मीद जताई है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी हो सकती है।







