मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार में आधारभूत संरचनाओं के विकास पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत राज्य में शहरी क्षेत्रों का विस्तार एवं नागरिक सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। साथ ही, राज्य में नए आधुनिक नियोजित शहरों का विकास किया जा रहा है। वहीं, ग्रामीण सड़कें 2 लेन की होंगी। मुख्यमंत्री ने शनिवार को वैशाली में समृद्धि यात्रा के दौरान पानापुर बटेश्वरनाथ धाम परिसर में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की। इसके पहले उन्होंने जनसंवाद के दौरान लोगों को संबोधित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों में सुलभ संपर्कता के लिए 5 नई एक्सप्रेस-वे सड़कों का निर्माण और ग्रामीण सड़कों का चरणबद्ध तरीके से 2 लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके अतिरिक्त बिजली से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। सभी इच्छुक लोगों के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही राज्य के पर्यटन स्थलों को विकसित कर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थलों के रूप में स्थापित किया जा रहा है। पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले सर्किट में सभी प्रकार की पर्यटकीय सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। साथ ही इको टूरिज्म के विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स सिटी के निर्माण के साथ ही राज्य के सभी जिलों में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना हो रही है।
प्रगति यात्रा की स्वीकृत योजनाओं को तेजी से पूरा करें
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से करें। सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं, उनका बेहतर क्रियान्वयन करें। सात निश्चय-3 के तहत निर्धारित योजनाओं पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें।
बिहार में पर्यटकीय सुविधाएं बढ़ेंगी : सीएमसमृद्धि यात्रा : मुख्यमंत्री ने वैशाली में 152 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में पर्यटकीय सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। इको टूरिज्म के विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। हमलोगों ने राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने हेतु सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया है।
मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान पानापुर बटेश्वरनाथ धाम परिसर में वैशाली जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की।
इसके पहले उन्होंने जनसंवाद के दौरान लोगों को संबोधित भी किया। साथ ही 152 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय सबका सम्मान-जीवन आसान का मुख्य मकसद राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को और भी आसान बनाना है। सीएम ने महुआ में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज अस्पताल का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार व डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार आदि उपस्थित थे।’
उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए बनी स्टार्टअप नीति
सीएम ने कहा कि सरकार लोगों के हित में कार्य कर रही है, इसे लेकर कई योजनाएं चलायी जा रही हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बिहार में उद्योगों को और ज्यादा बढ़ावा मिले, बिहार के युवा दक्ष एवं आत्मनिर्भर हों तथा उन्हें अधिक से अधिक रोजगार मिल सके एवं उनका भविष्य सुरक्षित हो। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप नीति बनाई गई है ताकि युवा अपना रोजगार शुरू कर सकें।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति भवन में स्व. कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस अवसर पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में मुख्यमंत्री शामिल हुए और वहां स्व. कर्पूरी ठाकुर के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने गोखुल-कर्पूरी-फुलेश्वरी महाविद्यालय जाकर जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। साथ ही स्व. कर्पूरी ठाकुर के पुत्र एवं केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर द्वारा लिखित पुस्तक संसद और मैं, मेरे संसदीय स्वर का विमोचन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी स्व. कर्पूरी ठाकुर के परिवार के सदस्यगण और पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।







