बिहार में वोटर अधिकार यात्रा का आज शनिवार को 7वां दिन है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव शनिवार सुबह कटिहार के सिमरिया पहुंचे। यहां राहुल गांधी ने मखाना किसानों से मुलाकात की। मखाने की खेती देखने के लिए वो घुटने भर पानी से भरे तालाब में उतरे। राहुल पैंट को घुटने तक चढ़ाया और तालाब में उतरे। उन्होंने किसानों से बात की और मखाने की खेती कैसे होती है, ये जाना।
आनेवाले दिनों में वोटर अधिकार यात्रा में कांग्रेस के कई बड़े नेता शामिल होंगे। प्रियंका गांधी 26-27 अगस्त को इस यात्रा का हिस्सा होंगी। कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने X पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, ‘मतदाता अधिकार यात्रा वोट चोरी के खिलाफ एक ऐतिहासिक आंदोलन बन गई है, जो न केवल बिहार, बल्कि पूरे भारत के लोगों को आकर्षित कर रही है।’
‘आने वाले हफ्ते में भारत और कांग्रेस के प्रमुख नेता इस यात्रा में शामिल होंगे। 26-27 अगस्त – प्रियंका गांधी, 27 अगस्त – तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, 29 अगस्त को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, 30 अगस्त को उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव इस यात्रा में शामिल होंगे।’ ‘इसके अलावा आने वाले दिनों में झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेवंत रेड्डी, हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखू सुखविंदर के अलावा विपक्ष के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।’
कुर्सेला से सिमरिया पहुंची यात्रा
शनिवार सुबह 8 बजे वोटर अधिकार यात्रा कुर्सेला चौक से शुरू होकर समेली, डूमर और गेड़ाबारी होते हुए कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र के सिमरिया पहुंची। यहां एक घंटे का लंच ब्रेक होगा। इसके बाद शाम 4 बजे यात्रा कारगिल चौक से फिर से शुरू होगी। यह यात्रा अंबेडकर चौक, मोंगरा फाटक चौक, डंडखोरा और सौनैली मार्ग से होते हुए कदवा कुम्हरी पहुंचेगी। शाम 7:30 बजे राहुल गांधी यहां जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद काफिला पूर्णिया जिले के लिए रवाना होगा।
तेजस्वी यादव का नीतीश सरकार पर तंज
तेजस्वी यादव ने बिहार में एसआईआर पर कथित वोट चोरी को लेकर तंज कसा है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- लोकतंत्र में इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा कि वोटर को अपना वोट बचाने की लड़ाई लड़नी पड़ रही है?
तेजस्वी यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ को संबोधित करते हुए कहा, “यह जो 20 साल की NDA सरकार है, वह खटारा हो चुकी है, उन्होंने हमारे युवाओं का जीवन पेपर लीक करके और बेरोजगार बढ़ाकर बर्बाद कर दिया है. हमारे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जो बार-बार पलटी मारते हैं, इस बार यह उनका अंतिम चुनाव होने जा रहा है. इस बार वे बिहार के मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे.
जो नीतिश चचा बार-बार पलटी मार देते हैं इस बार का चुनाव उनका आखिरी चुनाव है, फिर कभी वो बिहार के मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे. तेजस्वी यादव ने कहा कि जो घोषणाएं हम जनता के लिए कर रहे हैं उसी को ये लोग दोहरा रहे हैं. ये नकलची सरकार है. इनकी अपनी कोई सोच नहीं है. वादे भी चोरी करते हैं. मैं आपसे पूछता हूं कि डुप्लीकेट सीएम चाहिए या ऑरिजनल सीएम चाहिए. उन्होंने पीएम मोदी के बिहार दौरे को लेकर कहा कि पीएम आए और जुमलों की बारिश करके गए. इस दौरान उन्होंने लोगों से यह भी अपील किया कि राहुल गांधी के संविधान बचाने की मुहिम में लोग शामिल हों.
तेजस्वी यादव के खिलाफ महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में FIR, पीएम मोदी से जुड़ा है मामला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट करने के आरोप में राजद नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में एफआईआर दर्ज की गई है. गढ़चिरौली से भाजपा के विधायक मिलिंद रामजी नरोटे की शिकायत पर राजद नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. आरोप है कि सोशल मीडिया साइट एक्स पर पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ तेजस्वी यादव ने कथित तौर पर आपत्तिनक और अपमानजनक पोस्ट शेयर किया था. गढ़चिरौली पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 196(1)(ए)(बी), 356(2)(3), 352, 353(2) जैसी विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
‘वोट चोर महाराज बिहार आए थे’
शुक्रवार को वोटर अधिकार यात्रा के छठे दिन राहुल गांधी भागलपुर पहुंचs। यहां घंटा घर चौक पर राहुल गांधी ने कहा, ‘सरकार ने आम लोगों के लिए सभी रास्ते बंद कर दिए हैं। पहले OBC को दबाया जाता था। आपको मौका नहीं दिया जाता था।’
राहुल गांधी ने बीच सभा में संविधान की किताब मांगी और फिर कहा, ‘आजादी के बाद संविधान बना। इसमें लिखा है कि हिन्दुस्तान के सभी लोग एक जैसे हैं। हर व्यक्ति को संविधान एक वोट देने की आजादी देता है। वन मैन वन वोट, लेकिन पीएम मोदी और चुनाव आयोग मिलकर आपका वोट चोरी कर रहे हैं।
उन्होंने पीएम पर तंज कसते हुए कहा, ‘वोट चोर महाराज बिहार आए थे।’
सभा के दौरान लाइट नहीं होने पर राहुल गांधी ने कहा, ‘देखिए लाइट काट दी गई है, लेकिन लाइट काटने से आवाज नहीं दबा सकते। बिहार में एक भी वोट चोरी नहीं होने देंगे, यहां की जनता ने वोटर अधिकार यात्रा में यह बात साबित कर दिया।’







