राज्यसभा की बिहार कोटे से दो सीटों पर तीन सितम्बर को होने वाले उप चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन की प्रक्रिया समाप्त हो गयी। बिहार विधानसभा सचिव सह निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में भाजपा से मनन कुमार मिश्रा जबकि राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने नामांकन दाखिल किया।
दो सीटों के लिए दो ही उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से निर्विरोध निर्वाचन तय है। नाम वापसी के अंतिम दिन 27 अगस्त को दोपहर बाद तीन बजे निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा कर दी जायेगी तथा निर्वाचन प्रमाण पत्र भी उपलब्ध करा दिया जायेगा। उपेंद्र कुशवाहा का कार्यकाल 27 जुलाई 2028 तक होगा जबकि भाजपा के मनन मिश्रा का कार्यकाल नौ अप्रैल 2026 तक ही होगा। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच २२ जुलाई को की जायेगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि २७ अगस्त जबकि मतदान की तिथि तीन सितंबर निर्धारित है।
राजद की मीसा भारती और भाजपा के विवेक ठाकुर के लोकसभा सदस्य चुने जाने के कारण दोनों सीटों पर उप चुनाव कराये जा रहे हैं। मीसा भारती का कार्यकाल 27 जुलाई 2028 तक जबकि विवेक ठाकुर का कार्यकाल नौ अप्रैल २०२६ तक बचा हुआ था। उपेंद्र कुशवाहा ने राजद की मीसा भारती वाली सीट पर नामांकन किया जबकि मनन मिश्रा ने भाजपा के विवेक ठाकुर की सीट पर।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव के लिए एनडीए के दोनों प्रत्याशियों के नामांकन में शामिल हुये। नामांकन के दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित मंत्री विजय कुमार चौधरी‚ बिजेन्द्र प्रसाद यादव‚ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल‚ हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन‚ श्रवण कुमार‚ मंगल पांडेय‚ जमा खान‚ लेशी सिंह‚ राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा के अलावा कई सांसद‚ विधायक‚ विधान पार्षण एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।







