बिहार में महागठबंधन में तोड़फोड़ के बीजेपी के दावों के बीच डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन कभी टूटने वाला नहीं है। हम लोग सब एक हैं। एक साथ मिलकर हमने सर्जरी शुरू की तो बीजेपी के लोग कहां फेंकाएंगे पता भी नहीं चलेगा।
तेजस्वी रविवार को विदेश से पटना लौटे थे जहां उन्होंने ये बयान दिया। उनके साथ लालू यादव भी पटना पहुंचे थे।
CBI के केस में दम नहीं
तेजस्वी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। CBI की चार्जशीट पर पहली बार डिप्टी सीएम ने कहा केस में दम नहीं है। यह कोई पहली चार्जशीट नहीं है। हम लोगों ने जब से भाजपा को भगाया है, तभी से बीजेपी साजिश रच रही है। हम अब बीजेपी की सर्जरी करेंगे।
RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद भी ब्लड की जांच के लिए दिल्ली गए थे। तेजस्वी के साथ लालू प्रसाद भी पटना आए।
इतने सालों तक एजेंसियां कहां थीं?
तेजस्वी यादव ने कहा कि इतने सालों से एजेंसियां कहां थी। पहली चार्जशीट 2017 में दर्ज की गई थी। 2017 से अब 2023 हो गया। इतने सालों तक एजेंसियां क्या कर रही थी। यह सब को पता है। बिहार और देश की जनता जानती है। जब-जब हम लोग भाजपा को हराते और भगाते हैं, तब-तब केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर चार्जशीट और रेड करवाती है।

बीजेपी सरकार को बदनाम कर रही है
तेजस्वी ने महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां के नेता जब बीजेपी में शामिल हो गए तो भ्रष्टाचारी नहीं रहे। वह राजा हरिश्चंद्र हो गए। इस सब से हम लोगों को कोई फर्क नहीं पड़ता। इस केस में दम नहीं है। कुछ नहीं होने वाला है। यह केवल टीआरपी के लिए है। बदनाम करने की साजिश हैं। जनता ने हमेशा उनको जवाब दिया है और आगे भी जवाब देगी।
महागठबंधन देशहित के लिए है
तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार मजबूती से चल रही है। ये महागठबंधन बना इसलिए है कि देश के लोकतंत्र को बचाया जाए। देश हित के लिए यह महागठबंधन बना है। देश में विपक्षी दलों को एकजुट किया जा रहा है। पटना में जो बैठक हुई, इसके बाद बीजेपी काफी बेचैन और डर गई है। भाजपा के लोग सबसे ज्यादा लालू प्रसाद से डरते हैं। हम और नीतीश कुमार जानते हैं कि प्रोपेगैंडा फैलाया जा रहा है।
भाजपा का मतलब ही बड़का झूठा पार्टी है। महागठबंधन टूटने वाला नहीं है। नीतीश कुमार और लालू प्रसाद लोहिया और कर्पूरी के शिष्य रहे हैं। बीजेपी से डरने वाले नहीं है। हम एकजुट होकर जब सर्जरी करेंगे तो बीजेपी के लोग कहां फेंकाएंगे पता भी नहीं चलेगा।







