सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए अब जेईई और नीट की तैयारी का रास्ता आसान हो जाएगा। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों में संध्याकालीन निशुल्क (फ्री) अनुशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसको लेकर तैयारी अंतिम चरण में है।
इच्छुक विद्यार्थियों की सूची 14 अगस्त तक तैयार होगी, जबकि अन्य विद्यालयों में 16 अगस्त से कोचिंग शुरू करने की योजना है। इस संबंध में समिति के अध्यक्ष ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। कक्षा 11वीं और 12वीं के इच्छुक विद्यार्थियों को 14 अगस्त तक चिह्नित किया जाएगा।
अलग से होगा एक कक्ष 50 के बैठने की व्यवस्था
प्रत्येक विद्यालय में जेईई और नीट की संध्याकालीन कक्षाओं के संचालन के लिए विद्यालयों में कम से कम 50 विद्यार्थियों के बैठने की क्षमता वाला एक कक्ष तैयार रखने का निर्देश दिया गया है।
कक्षा में इंटरनेट के साथ स्मार्ट टीवी या स्मार्ट बोर्ड की सुविधा उपलब्ध करानी होगी। इसके अलावा बिजली और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी।
तैयारी करने वाले विद्यार्थियों की अलग-अलग सूची बनाई जाएगी। सूची की एक प्रति बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं, जेईई-नीट की कोचिंग के साथ सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों में कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए इंटरेक्टिव लर्निंग प्रोग्राम भी शुरू किया जाएगा। इसके जरिए विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञों से जुड़कर पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।
स्कूल के शिक्षक संभालेंगे कार्यक्रम की जिम्मेदारी
कार्यक्रम के संचालन के लिए विद्यालय के किसी शिक्षक को नामित किया जाएगा। यदि विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षक उपलब्ध हैं, तो उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है। जेईई और नीट के विभिन्न विषयों की कक्षाओं के लिए समिति की और से वीडियो लिंक उपलब्ध कराया जाएगा।
विद्यालयों में लगे स्मार्ट टीवी या स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से विशेषज्ञों की कक्षाएं प्रसारित की जाएगी। समिति की ओर से आधुनिक स्टूडियो का निर्माण भी कराया जा रहा है, जिसके तैयार होने के बाद विद्यार्थियों के लिए लाइव क्लासेज शुरू की जाएंगी।







