बांकीपुर विधासभा उपचुनाव जीतकर विधायक बने जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर इन दिनों जनता से किए वादे और नए-नए ऐलान को लेकर चर्चा में है। हाल ही में प्रशांत किशोर ने बांकीपुर जनता से कहा था कि वो 10 हजार युवाओं को साल भर के अंदर प्राइवेट क्षेत्र में नौकरी दिलवाने की कोशिश करें। अब पीके यानी प्रशांत किशोर ने सरकारी आवास को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। पीके ने कहा कि पटना में जो सरकारी आवास मिला है, उसमें वो नहीं रहेंगे।
हमको घर-बर नहीं चाहिए, वो बांकीपुर की जनता के लिए: प्रशांत किशोर
बांकीपुर के वार्ड नंबर 18 में आयोजित आभार सभा में पहुंचे प्रशांत किशोर ने वार्ड के सभी वोटरों को उन पर भरोसा करने के लिए आभार जताया। इसी दौरान विधायक प्रशांत किशोर ने सरकारी आवास को लेकर ऐलान कर दिया। पीके ने कहा, ‘विधायक बनने पर सरकार ने हमको पटना में विधायकों वाला सरकारी घर दिया है, लेकिन हमको घर-बर नहीं चाहिए। वो घर बांकीपुर की जनता के लिए ही है।’
बता दें, प्रशांत किशोर को पटना में विधायकों को मिलने वाला डुप्लेक्स बंगला आवंटित किया गया है। ये दो मंजिला बंगला है। इस बंगले में कई सारी सुविधाएं हैं। ये बंगला मंत्री रामकृपाल के बंगले के पास में है।
सरकारी आवास में बांकीपुर की जनता के लिए कार्यालय बनाया जा रहा: पीके
विधायक प्रशांत किशोर ने कहा कि पटना में जो सरकारी आवास मिला है, वहीं पर कार्यालय बनाया जा रहा है। आप वहां जा सकते हैं, आपकी कोई शिकायत है तो वहां आप बता सकते हैं। संपर्क सूत्र हमारा वही रहेगा। उन्होंने कहा कि हमारे साथ यहां जो लोग जुड़े हुए हैं, उनके जरिए हम आप लोगों से जुड़े रहेंगे।
हम ‘आश्रम’ में ही रहेंगे: विधायक प्रशांत किशोर
पीके ने कहा, ‘हम रहते हैं आश्रम में, बिहटा में। हम वहीं पर रहेंगे, लेकिन यहां पर जो घर, बंगला मिला हुआ है, वो बांकीपुर की जनता के लिए ही है। आपके काम के लिए ही है। वहीं पर आपके लिए व्यवस्था बनाई जा रही है, जो अगले पांच-सात दिन में चालू हो जाएगी। अगर आप पर कोई संकट आ जाता है, कोई परेशाना आ जाती है तो वहां पर कॉल कर सकते हैं। आपकी मदद की जाएगी।’
बता दें, प्रशांत किशोर का बिहटा में घर बना है, जिसका नाम ‘बिहार नवनिर्माण आश्रम’ है।







