अगमकुआं थाना अंतर्गत बड़ी पहाड़ी के समीप राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 30 पर शुक्रवार की सुबह एक तेज रफ्तार यात्री बस ने एक युवक को कुचल दिया।
मृतक की पहचान स्थानीय 26 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई। घटना से आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना को अंजाम देने वाली बस में आग लगा दिया। यात्री जान बचाकर भाग निकले। पुलिस की दो गाड़ियों में भी आग लगा दी।
लोगों ने एनएच से गुजर रहे कई अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की। सूचना पाकर पहुंची कई थानों की पुलिस भी भीड़ के आगे कुछ नहीं कर सकी। भीड़ ने पुलिस को भी खदेड़ दिया।
मीडियाकर्मी के साथ मारपीट की गई। उसकी गाड़ी में भी आग लगा दी गई। आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे दमकल और फायर कर्मियों को भी जान बचाकर भागना पड़ा।
घटनास्थल पर मौत के बाद भड़का आक्रोश
हंगामे के कारण एनएच पर जाम लग गया है। वाहनों की कतार लग गई है। कड़ी धूप के बीच यात्री गाड़ियों में फंसे हुए हैं। लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।
पटना में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ। एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए लोगों ने बस में आग लगा दी। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तो उनको भी खदेड़ दिया। फिर गुस्साई भीड़ ने 2 पुलिस गाड़ियों, बसों और बाइक समेत 10 वाहनों में आग लगा दी। ट्रैफिक पुलिस पोस्ट जला दी। नेशनल हाईवे-30 को जाम कर दिया।







