बिहार के बांकीपुर में हो रहे उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को सुबह 7 बजे से वोट डाले जा रहे हैं। शाम छह बजे तक मदतान केंद्र पहुंच जाने वाले मदताता वोट कर सकेंगे। वोटिंग को लेकर कई मदतान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतार देखी जा रही है। पटना की इस विधानसभा सीट के लिए 6 से 13 जुलाई के बीच नामांकन हुआ था। बीजेपी का गढ़ कही जाने वाली इस सीट पर मुकाबला जनसुराज के प्रत्याशी और संस्थापक प्रशांत किशोर, बीजेपी के प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा और आरजेडी की प्रत्याशी रेखा गुप्ता समेत अन्य उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी समेत कई प्रत्याशियों का नामांकन रद्द हो गया था। जबकि एक ने अपना नाम वापस ले लिया था।
मतदान ने थोड़ी रफ्तार पकड़ी है। दोपहर 1 बजे तक 20.1% वोटिंग हुई है। जो पिछले विधानसभा चुनाव से 10 प्रतिशत कम है, 2025 में दोपहर 1 बजे तक 31.05 % वोटिंग हुई थी। प्रशांत किशोर ने दावा किया कि पुलिस उनके कार्यकर्ताओं और पोलिंग एजेंट को परेशान कर रही है। लोगों को पुलिस डरा रही है। जनसुराज के हेल्प डेस्क को हटाया जा रहा है। किदवईपुरी में बीजेपी-जनसुराज के समर्थकों में पुलिस के सामने धक्का-मुक्की हुई। जनसुराज कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बंटी बूथ पर दबंगई कर रहे हैं। लोगों को वोट डालने से रोक रहे हैं।
PNT कॉलोनी में PK के समर्थकों ने हंगामा किया है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बूथ के अंदर कुछ लोग वोटर्स से भाजपा के पक्ष में वोट करने को कह रहे हैं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार करे। इधर, बीजेपी ने जनसुराज पर फर्जी वोट डालने की कोशिश का आरोप लगाया है। इसे लेकर राज्य महासचिव नितिन अभिषेक ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में वोटरों के वेरिफिकेशन को सख्ती से लागू करने के लिए रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखा है। बांकीपुर उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जनसुराज के प्रशांत किशोर के बीच है।
शुरुआत में इस सीट के लिए 40 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था. जांच के दौरान पर्चे में गड़बड़ी के कारण 14 उम्मीदवारों का नामांकन रद्द हो गया. इसके अलावा एक प्रत्याशी ने अपना नाम वापस ले लिया. इस तरह मैदान में कुल 25 उम्मीदवार ही बचे हैं. क्षेत्र में निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
बांकीपुर विधानसभा में कुल 3,79,471 मतदाता हैं. इनमें पुरुष मतदाता 2,00,060 और महिला मतदाता 1,79,533 हैं. वहीं, थर्ड जेंडर 23, 85 वर्ष से अधिक उम्र के 3,166 और 1,024 दिव्यांग वोटर शामिल हैं. मतदान के लिए कुल 422 बूथ बनाए गए हैं. जहां से लाइव स्ट्रीमिंग होगी. इसमें 247 सरकारी और 175 निजी भवनों में बने बूथों के साथ 9 चलंत केंद्र भी शामिल हैं. हर उम्मीदवार को अपने एजेंट और कार्यकर्ताओं के लिए केवल 3 गाड़ियों की ही अनुमति मिली है और हर गाड़ी में अधिकतम 5 लोग ही बैठ सकते हैं.
बांकीपुर उपचुनाव के बीच BJP का बड़ा आरोप
बांकीपुर में पूर्वाह्न 11 बजे तक 11.50 प्रतिशत मतदान
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मतदान करने की अपील की
प्रशांत किशोर ने कहा- पुलिस ने जन सुराज के 16 से ज्यादा नेताओं को हिरासत में लिया
बांकीपुर उपचुनाव के बीच 1.17 लाख रुपये बरामद
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,17,000 रुपये नकद बरामद किए हैं. यह रकम एक व्यक्ति के पास से जब्त की गई है. मामला पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने भवर पोखर स्थित पशु अस्पताल के पास जांच के दौरान यह कार्रवाई की. प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद रुपये का इस्तेमाल मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता था. पुलिस को उपचुनाव के दौरान पैसों के लेन-देन की सूचना मिली थी.इसके बाद इलाके में सघन जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति के पास से 1.17 लाख रुपये बरामद हुए. पुलिस को यह भी संदेह है कि कुछ बाहरी लोग चुनाव के दौरान वोटरों को प्रलोभन देने की कोशिश कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस जब्त राशि के स्रोत और उसके इस्तेमाल के उद्देश्य की जांच कर रही है.
मतदान के दौरान एग्जिट पोल पर रोक
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने अपील की है कि मतदान के दौरान एग्जिट पोल पर पूरी तरह से रोक रहेगी और शिकायत मिलने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने मतदाताओं को निर्देश दिया है कि वे मतदान के समय अपने सही और वैध पहचान पत्र के साथ ही बूथों पर पहुंचें, क्योंकि गलत दस्तावेजों का इस्तेमाल कर वोटिंग करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.







