बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए इस बार घर-घर तक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाता पर्ची वितरित करने के साथ मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित भी करेंगे। खासकर शहरी क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम मतदान को देखते हुए कम मतदान वाले बूथों पर विशेष स्वीप (सिस्टेमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) अभियान चलाया जाएगा।
अभियान चला लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा
स्वीप के वरीय पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त शुभम कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रमुख स्थलों पर बैनर-पोस्टर लगाए जाएंगे। मतदाता जागरूकता रैली, कॉलेज में कार्यक्रम, विभिन्न समूहों के बीच संवाद, जागरूकता रथ, मतदान की शपथ, रंगोली, स्लोगन, सेल्फी प्वाइंट व सोशल मीडिया पर अभियान चला लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। उप विकास आयुक्त ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक मतदान जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक स्तर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाकर मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने का प्रयास किया जाएगा।
16 जुलाई से शुरू होगा मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण
विधानसभा उपचुनाव से जुड़े अधिकारियों और कर्मियों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। मंगलवार को समाहरणालय में मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण आरंभ हुआ, जो 15 जुलाई तक चलेगा। इसके बाद यही प्रशिक्षक मतदान दल के अधिकारियों और कर्मियों को प्रशिक्षण देंगे।
मतदान दल के कर्मियों (पी-1, पी-2, पी-3 और पीठासीन पदाधिकारी) का प्रथम चरण का प्रशिक्षण 16, 17 व 18 जुलाई को पटना हाई स्कूल गर्दनीबाग में होगा। दूसरा चरण 23 और 24 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। वहीं, 29 जुलाई को ईवीएम संग्रहण दल व मतगणना कर्मियों का पहला प्रशिक्षण होगा।







