मुंबई में लगातार हो रही मॉनसून की बारिश की वजह से हाल बहुत ही खराब है. शनिवार को भी तेज बारिश के बीच सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं. बीच ट्रैफिक गाड़ियां गहरे पानी में फंसकर बंद पड़ रही हैं. बाइक से लेकर कार सवारों तक सभी को बहुत ज्यादा परेशानी हो रही है. मुंबई का मोगरा नाला लबालब भरकर बह रहा है, और मोगरा नाला प्रणाली से जुड़े छोटे नाले भी उफान पर हैं. लगातार हो रही बारिश के कारण पानी की निकासी में देरी हो रही है. वहीं अंधेरी सबवे समेत कई अहम रास्ते बंद कर दिए गए हैं. आज हाई टाइड का अलर्ट भी जारी किया गया था.
चेंबूर में गाड़ी पर फिर गिरा पेड़
तेज बारिश के बीच पेड़ गिरने की घटनाए भी लगातार बढ़ रही हैं. मुंबई के चेंबूर इलाके में फिर से एक पेड़ कार पर गिर गया. गनीमत ये रही कि किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा. चेम्बूर इलाके में ही पेड़ गिरने के हादसे में 11 साल के छात्र विहान श्रीवास्तव की जान चली गई थी. हादसे के बाद खतरनाक पेड़ों को काटने की शुरू हुई थी इस बीच भी पेड़ गिरने के हादसे बरकरार हैं.

मोगरा गाला उफान पर, अंधेरी सबवे बंद
मोगरा नाला मुंबई के पश्चिमी उपनगरों विशेषकर अंधेरी, वर्सोवा और जोगेश्वरी में स्थित एक प्रमुख और बड़ा खुला हुआ तूफानी जल निकासी नाला Storm Water Drain है. यह भूमिगत रूप से अंधेरी सबवे के नीचे से बहता हुआ मालाड खाड़ी और अंततः अरब सागर में गिरता है. भारी बारिश के दौरान, जब नाले के पानी का स्तर बढ़ जाता है, तो अक्सर इसके उफान पर आने से अंधेरी सबवे और आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ आ जाती है. BMC मोगरा नाले की क्षमता बढ़ाने और इसे चौड़ा करने की परियोजनाओं पर काम करती रही है.
मुंबई के ये रास्ते यातायात के लिए बंद
- चेंबूर स्थित नूर-ए-इलाही सर्विस रोड
- अंधेरी स्थित वीरा देसाई रोड
- महानगरपालिका मार्केट रोड
- अंधेरी स्थित स्वामी विवेकानंद मार्ग
- अंधेरी सबवे (भूमिगत मार्ग)
- विक्रोली हुमा मॉल जंक्शन
- गांधीनगर जंक्शन
- परेश पार्क मार्केट के रास्ते
महानगरपालिका प्रशासन नागरिकों से अपील कर रही है कि वे इन सड़कों पर यात्रा करने से बचें. वरना वह यहां फस सकते हैं. तेज बारिश के बीच उनको और भी ज्यादा परेशानी हो सकती है.

बारिश के बीच मेट्रो में खराबी
बारिश के बीच भीड़भाड़ के समय मेट्रो लाइन 2ए पर तकनीकी खराबी आ जाने से ट्रेनें देरी से चलीं, जिससे बारिश के कारण पहले से ही परेशानी का सामना कर रहे यात्रियों की मुसीबतें और बढ़ गईं. महा मुंबई मेट्रो परिचालन निगम लिमिटेड (एमएमएमओसीएल) ने पुष्टि की कि सेवाएं लगभग 90 मिनट तक बाधित रहीं, लेकिन तकनीकी टीमों ने खराबी को दूर कर दिया, जिसके बाद पूरे गलियारे के दोनों ट्रैक पर ट्रेनों का सामान्य परिचालन बहाल हो गया. जलभराव की वजह से लगने वाले ट्रैफिक जाम से बचने के लिए मॉनसून के दौरान यात्री बड़े पैमाने पर मेट्रो सेवाओं का उपयोग करते हैं.

मुंबई में आज बारिश का रेड अलर्ट
मुंबई में आज अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है. नागरिकों को सुरक्षित रखने और मदद के लिए BMC के 10,000 कर्मचारी ऑन-फील्ड तैनात हैं. सभी 26 सहायक आयुक्तों को अपने-अपने वॉर्ड में मौजूद रहकर स्थिति नियंत्रित करने का आदेश दिया गया है. BMC कमिश्नर अश्विनी भिड़े 10 हजार CCTV कैमरों के जरिए डिजास्टर मैनेजमेंट सेल से रख रहे हैं.





