झारखंड की राजधानी रांची से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां अज्ञात शरारती तत्वों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के दफ्तर को निशाना बनाने का प्रयास किया। चुटिया थाना क्षेत्र स्थित आरएसएस कार्यालय परिसर में देर रात करीब साढ़े बारह बजे दो संदिग्ध बोतलें फेंकी गईं, जिन्हें पेट्रोल बम बताया जा रहा है। इस घटना के बाद से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस के आला अधिकारी तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। इस सूचना के बाद बाबूलाल मरांडी, सीपी सिंह और संजय सेठ समेत कई दूसरे नेता भी रांची आरएसएस ऑफिस पहुंचे।
देर रात पेट्रोल बम से हमले का प्रयास
शुरुआती जानकारी के अनुसार, ये पूरी घटना देर रात लगभग 12:30 बजे की है, जब कार्यालय के आसपास सन्नाटा था। अपराधियों ने दफ्तर को नुकसान पहुंचाने की नीयत से ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल किया। बताया जा रहा है कि फेंके गए दो पेट्रोल बमों में से एक में विस्फोट भी हुआ, जिससे वहां मौजूद लोग सहम गए।
सूचना मिलते ही सदर डीएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में पेट्रोल बम फेंके जाने की बात सामने आई है. हालांकि घटना के पीछे की वजह क्या थी, इसका पता अभी नहीं चल पाया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
बाउंड्री वॉल के पास गिरी संदिग्ध बोतलें
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। शुरुआती जांच और मौके की स्थिति के आधार पर पुलिस ने घटना को लेकर शुरुआती जानकारियां साझा की हैं। रांची पुलिस के अनुसार, देर रात इस वारदात को अंजाम देने में दो अज्ञात अपराधी शामिल थे। आरोपियों ने सॉस (Sauce) की दो बोतलों में पेट्रोल भरकर उसे आरएसएस दफ्तर के अंदर फेंकने की कोशिश की थी। राहत की बात ये रही कि दोनों बोतलें कार्यालय के मुख्य भवन तक नहीं पहुंच पाईं और बाउंड्री से ठीक पहले ही जमीन पर गिर गईं। फिलहाल, पुलिस इसे एक सोची-समझी साजिश मानकर चल रही है और सभी संभावित एंगल से इसकी बारीकी से जांच की जा रही है।
एफएसएल की टीम और तकनीकी सेल एक्टिव
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी गई है। इस हाई-प्रोफाइल मामले के खुलासे के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया है, जिसने साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही पुलिस की तकनीकी सेल (Technical Cell) को भी एक्टिव कर दिया गया है ताकि अपराधियों का सुराग जल्द से जल्द मिल सके।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी रांची पुलिस
वारदात को अंजाम देकर फरार हुए असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए पुलिस आरएसएस कार्यालय और उसके आसपास के इलाकों में लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। सिटी एसपी ने दावा किया है कि पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं और घटना में शामिल दोनों युवकों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।







