बिहार में मानसून के तय समय (13-15 जून) पर आने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मानसून मंगलवार को उत्तरी बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार से पांच दिनों में मानसून के बिहार पहुंचने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। बिहार में मानसून का प्रवेश बंगाल की खाड़ी की दक्षिण-पश्चिमी मानसूनी हवाओं के जरिए होता है और यह सबसे पहले पूर्णिया और किशनगंज जिले में दस्तक देता है।
मौसम विभाग ने मंगलवार को बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून सिक्किम और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में और आगे बढ़ गया है। केरल में मानसून तीन दिन की देरी से 4 जून को पहुंचा था। हालांकि, देरी से पहुंचने के बावजूद मानसून काफी तेजी से आगे बढ़ा। 13 जून तक उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. आनंद शंकर का मानना है कि जनवरी से मार्च के बीच उत्तरी गोलार्ध में हिम आवरण सामान्य से थोड़ा कम रहा है। इस साल 1 जून से 8 जून के बीच भारत में कुल बारिश सामान्य से 12 फीसदी कम रही है।
सामान्य से कम बारिश होगी
पूर्वानुमान के अनुसार बिहार में भले ही समय पर मानसून के आने की संभावना है। लेकिन, लगातार पांचवें वर्ष जून से सितंबर के बीच सामान्य से कम बारिश होगी। इससे पहले 2021 में सामान्य से 5.27 प्रतिशत अधिक हुई थी। 2022 से 2025 के बीच सामान्य से 31 प्रतिशत तक कम बारिश हुई। मानसून के दौरान अल-नीनो के विकसित होने की प्रबल संभावना है, जो बारिश को प्रभावित करेगा और तपिश बढ़ेगी।
बगहा में झमाझम बारिश; 33 जिलों में अलर्ट:12 से 15 जून के बीच हेवी रेन की संभावना
बिहार में भीषण गर्मी के बीच मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 24 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि 9 जिलों में यलो अलर्ट है। इस बीच बुधवार सुबह बगहा में सुबह झमाझम बारिश हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक, 10 से 15 जून तक कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। जबकि 10 से 12 जून के बीच कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की भी संभावना है। आकाशीय बिजली की भी चेतावनी जारी की गई है।
अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है। रोहतास, पटना, गया और सारण में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
इधर, पटना समेत दक्षिण बिहार के जिलों में तेज धूप और उमस भरी गर्मी का सिलसिला जारी है। पटना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.2° C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक है। जबकि रोहतास का पारा 42.4° C रहा।
10 जिलों में बारिश, गर्मी से मिली राहत
पिछले 24 घंटे में 10 जिलों में तेज हवा के साथ झमामझ बारिश हुई। इन जिलों में बेतिया, मोतिहारी, बेगूसराय, लखीसराय, खगड़िया, भागलपुर, सहरसा, मधेपुरा, अररिया और मुंगेर में तेज हवा के साथ बारिश हुई है। बेगूसराय में एक ऑटो के ऊपर पोल गिर गया। ड्राइवर बाल-बाल बच गया।
अगले 5 दिनों में कैसा रहेगा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले पांच दिनों तक बिहार में अधिकतम तापमान 36 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। जिन जिलों में बारिश होगी, वहां का तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
जबकि दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ इलाकों में 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। सप्ताह के अंत तक अधिकांश जिलों में गर्मी से कुछ राहत मिलने के संकेत हैं।
राजधानी में आज हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। दिन का तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच रह सकता है। शाम और रात के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने के आसार है।
बिहार में मानसून कब तक पहुंचेगा
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। पूर्वी भारत की ओर उसकी प्रगति जारी है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए बिहार में अगले कुछ दिनों के भीतर मानसून के प्रवेश की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि 12 से 15 जून के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून दस्तक दे सकता है, जिसके बाद बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।







