राजधानी पटना में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विशेष निगरानी इकाई (SVU) की टीम ने चर्चित ठेकेदार रिशु श्री के ठिकाने पर छापेमारी शुरू की. सुबह-सुबह पहुंची SVU की टीम ने मीठापुर स्थित कामता राम सखी अपार्टमेंट के पांचवें तल्ले पर मौजूद रिशु श्री के फ्लैट को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया. अपार्टमेंट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बाहरी लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है.
सुबह-सुबह फ्लैट पहुंची SVU की टीम
जानकारी के मुताबिक SVU के अधिकारी सुबह ही फ्लैट पर पहुंचे और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी. टीम के साथ तकनीकी विशेषज्ञ और पुलिस बल भी मौजूद है. अपार्टमेंट के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो.
सरकारी ठेकों में गड़बड़ी का आरोप
सूत्रों के अनुसार रिशु श्री पर सरकारी ठेकों में कथित हेराफेरी कर अपनी कंपनी को करोड़ों रुपये का फायदा पहुंचाने का आरोप है. बताया जा रहा है कि टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता और प्रभाव का इस्तेमाल कर कई परियोजनाओं में लाभ लेने की शिकायतें जांच एजेंसियों तक पहुंची थीं.
दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही एजेंसी
SVU की टीम फ्लैट में मौजूद दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड, लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है. अधिकारियों को शक है कि जांच के दौरान कई अहम वित्तीय दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य हाथ लग सकते हैं. तकनीकी टीम डेटा रिकवरी और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की भी जांच में जुटी हुई है.
कई घंटे चल सकती है कार्रवाई
SVU के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि तलाशी अभियान लंबा चल सकता है. एजेंसी पूरे मामले में वित्तीय लेन-देन और सरकारी विभागों से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रही है. शुरुआती जांच के आधार पर आगे अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.
इलाके में जुटी लोगों की भीड़
छापेमारी की खबर फैलते ही मीठापुर इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. अपार्टमेंट के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है. हालांकि अभी तक SVU की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले घंटों में इस मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं.







