पटना के बोरिंग कैनाल रोड स्थित पंचमुखी मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में सावन की दूसरी सोमवारी पर सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और मनोकामना मांगी। मुजफ्फरपुर में सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ के जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। रात 12 बजे से मंदिर में जलाभिषेक जारी है। रविवार शाम से ही पहलेजा घाट से जल लेकर कांवरियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। करीब 3 लाख कांवरियों के बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलार्पण करने का अनुमान है। स्थानीय श्रद्धालुओं और कांवरियों को मिलाकर करीब 5 लाख भक्तों के बाबा मंदिर पहुंचने की उम्मीद है।
कांवरिया पहलेजा घाट से गंगाजल लेकर तुर्की, रामदयालु होते हुए बाबा गरीबनाथ धाम की ओर बढ़ रहे हैं। रास्ते में हर-हर महादेव और जय बाबा गरीबनाथ के जयकारों से पूरा इलाका गूंज रहा है। कई स्थानों पर कांवरिया विश्राम के लिए बनाए गए शिविरों में रुक रहे हैं। पैदल यात्रा पूरी कर श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान कठिन साधना करते हुए दंडी कांवरियों को आगे बढ़ाने और उनकी सहायता के लिए जगह-जगह सेवादल के सदस्य पूरी निष्ठा से तत्पर दिखे।
भागलपुर में सावन की दूसरी सोमवारी पर सुबह से ही सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बाबा बूढ़ानाथ, बाबा भूतनाथ और शिवशक्ति मंदिर में भक्तों ने जलार्पण किया। भीड़ को देखते हुए मंदिरों में सुरक्षा और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
बेगूसराय के हरिगिरीधाम गढ़पुरा में 2 किलोमीटर लंबी लाइन है। अहले सुबह से मंदिर में पूजा हो रही है। वहीं, भागलपुर के सुल्तानगंज से लेकर झारखंड के देवघर तक करीब 105 किलोमीटर तक सड़क केसरिया रंग के कपड़े पहने भक्तों से रंगा है। झारखंड के देवघर में कांवरियों की भारी भीड़ है। आज करीब साढ़े 3 लाख भक्तों के जलाभिषेक करने का अनुमान है। नालंदा में एक छोटा बच्चा मंदिर की सीढ़ियां चढ़ता नजर आया।
लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भीड़
सावन की दूसरी सोमवारी पर लखीसराय के सुप्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं।
दरभंगा के बाबा कुशेश्वर नाथ मंदिर में 3 किमी लंबी कतार
सावन की दूसरी सोमवारी पर दरभंगा के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मिथिलांचल के प्रसिद्ध तीर्थस्थल और मिथिला के बैद्यनाथ धाम के नाम से प्रसिद्ध बाबा कुशेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। रात करीब 12 बजे से ही मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई थी। सुबह होते-होते यह कतार करीब तीन किलोमीटर तक पहुंच गई। मंदिर परिसर, शिवगंगा घाट और आसपास का पूरा इलाका शिवभक्तों से पट गया।
हरिहरनाथ मंदिर में दो अरघा से जलाभिषेक
दूसरी सोमवारी के मौके पर सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। ज्यादा भीड़ को देखते हुए मंदिर कमेटी और प्रशासन द्वारा दो अरघा लगाया गया है। जिसमें श्रद्धालु जल अर्पित कर रहे हैं।
सुल्तानगंज से 5 घंटे में 1 लाख कांवरिया जल भरकर देवघर रवाना
सावन की दूसरी सोमवारी पर सुल्तानगंज से 5 घंटे में 1 लाख कांवरिया जल भरकर देवघर रवाना हुए हैं। आज साढ़े तीन लाख कांवरियों के देवघर पहुंचने की संभावना है।
राजगीर में बाबा सिद्धनाथ मंदिर भक्तों लगी कतार
सावन की दूसरी सोमवारी पर राजगीर के शिवालयों में ‘हर-हर महादेव’ की गूंज सुनाई दे रही है। शिव तीर्थ के रूप में विख्यात, राजगीर के वैभारगिरि पर्वत पर स्थित बाबा सिद्धनाथ (सोमनाथ महादेव) मंदिर में जलाभिषेक के लिए भक्तों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा है। दूर-दराज के इलाकों से पहुंच रहे श्रद्धालुओं ने असीम आस्था के साथ पर्वत की कठिन चढ़ाई कर महादेव के दर्शन की। करीब 536 सीढ़ियों की चढ़ाई कर भक्त महादेव के दर्शन कर रहे हैं। एक बच्चा भी दर्शन के लिए सीढ़ी चढ़ता दिखा
बक्सर के ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में 50 हजार भक्त करेंगे जलाभिषेक
बक्सर के ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर जलाभिषेक के लिए अहले सुबह से ही शिव भक्तों की कतार लगी हुई है।अभी तक 10 हजार से ऊपर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर लिया है। अनुमान है कि आज पूरे दिन में 50 हजार से ज्यादा जलाभिषेक करेंगे।







