पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजे देखने के बाद यूपी के मुसलमानों में भी 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर विकल्प की तलाश शुरू हो गई है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबु्द्दीन रजवी बरेलवी ने कहा है कि समाजवादी पार्टी ने सिर्फ बीजेपी का खौफ दिखाकर मुसलमानों का वोट लिया है जबकि, वास्तव इसके नेता बीजेपी से मिले हुए हैं।
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबु्ददीन रजमी बरेलवी ने यूपी के मुसलमानों को आगाह किया है कि 2027 के यूपी विधानसभा चुनावों के लिए वह अभी से समाजवादी पार्टी का विकल्प तलाशना शुरू कर दें। उन्होंने आरोप लगाया है कि सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के दो चेहरे हैं।
‘बीजेपी के नाम पर मुसलमानों को डराते हैं अखिलेश यादव ‘
मौलाना बरेलवी ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि ‘2027 का यूपी चुनाव मुसलमानों के लिए बहुत अहम है। अब बहुत हो गया समाजवादी पार्टी को वोट देते हुए। लोकसभा का चुनाव हो या विधानसभा का, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भाजपा की तस्वीर दिखाकर हमेशा मुसलमानों को डराने का काम करते हैं।’
‘बीजेपी का डर दिखाकर मुसलमानों का वोट लेती है सपा’
उन्होंने कहा, ‘सपा के लोग गली-गली जाकर मुसलमानों को यह कहकर डराने का काम करते हैं कि अगर तुमने सपा को वोट नहीं दिया, तो बीजेपी तुम्हें खा जाएगी, बीजेपी तुम पर जुल्म करेगी। सपा के लोग मुसलमानों को भाजपा का डर, भय और खौफ दिखाकर के वोट हासिल करते हैं। जबकि, उनको मुसलमानों के मुद्दों से कोई मतलब नहीं है। वे खुद भाजपा के लोगों से दोस्ती करते हैं। खाना खाते हैं…। हमारे पास सैकड़ों उदाहरण हैं।’
…मेरे कौम के लोगों आपको याद होगा, मुलायम सिंह यादव ने नरेंद्र मोदी से खुद कहा था, मैं आपको दोबारा और तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते देखना चाहता हूं।
मौलाना शहाबु्ददीन रजमी बरेलवी,राष्ट्रीय अध्यक्ष,ऑल इंडिया मुस्लिम जमात
‘सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के दो चेहरे हैं’
बरेलवी की शिकायत है कि योगी आदित्यनाथ जब सीएम बनकर पहली बार लखनऊ पहुंचे तो अखिलेश यादव ने उनसे मिलकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मौलाना ने कहा कि अखिलेश यादव ने सीएम योगी से यहां तक कहा कि ‘जबतक आपका घर तैयार नहीं होता, आप मेरे घर चलिए और मेरे घर में रहिए।’
‘मेरे कौम के लोगों ने नोएडा की वो तस्वीरें भी देखी होंगी, जिसमें बीजेपी और सपा के बड़े नेता मिलकर खाना खा रहे हैं, गलबहियां कर रहे हैं और ठट्टे मार रहे हैं।’
मैं बताना चाहता हूं कि समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के दो चेहरे हैं। वे खुद भाजपा से दोस्ती किए हुए हैं और दूसरी तरफ मुसलमानों को भाजपा का खौफ और डर दिखा रहे हैं। अब ऐसा नहीं चलेगा।
मौलाना शहाबु्ददीन रजमी बरेलवी,राष्ट्रीय अध्यक्ष,ऑल इंडिया मुस्लिम जमात
मेरे कौम के लोगों 2027 का चुनाव बहुत अहम है। इसमें आपको सपा के अलावा किसी विकल्प को तलाश करना होगा,विकल्प ढूंढ़ना होगा। और उस विकल्प को मजबूत करना होगा, तब मुद्दे हल होंगे।
मौलाना शहाबु्ददीन रजमी बरेलवी,राष्ट्रीय अध्यक्ष,ऑल इंडिया मुस्लिम जमात
बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद कुछ रिपोर्ट आई हैं, जिसमें बताया गया है कि कुछ सीटों पर ममता बनर्जी की टीएमसी के परंपरागत वोटर पूरी तरह से इस बार साथ नहीं रहे हैं और यही वजह से उनकी इतनी करारी हार हुई है। ऐसे में यूपी के एक मुस्लिम नेता ने सपा के विकल्प की जो बात कही है, वह अखिलेश यादव के लिए बहुत बड़े खतरे की घंटी साबित हो सकती है।







