आज चैती छठ के दूसरे दिन खरना पूजा होगी। खरना के दिन कृत्तिका नक्षत्र और सर्वार्थ सिद्धि योग का संयोग बन रहा है। व्रती आज पूरे दिन निराहार रह कर संध्या में खरना का पूजा कर प्रसाद ग्रहण करेंगी।
खरना की पूजा में दूध और गुड़ से बनी खीर, रोटी, मौसमी फल का प्रसाद बनेगा, जिसे ग्रहण करने के बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा।
सूर्य को आरोग्य देवता के रूप में पूजा की जाती है और समस्त जगत के जीवन शक्ति के प्रदाता सूर्य को ही माना गया है।
खरना पूजा और अर्घ्य मुहूर्त
खरना का पूजा: संध्या 06:01 बजे 07:29 बजे तक
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य : शाम 06:02 बजे तक
प्रातः कालीन सूर्य को अर्घ्य: प्रातः 05:57 बजे के बाद दिया जायेगा
खरना के प्रसाद से दूर होते कष्ट
आचार्य राकेश झा ने बताया कि छठ महापर्व के चतुर्थ दिवसीय अनुष्ठान के अंतर्गत आज दूसरे दिन खरना के प्रसाद में ईख के कच्चे रस, गुड़ के सेवन से त्वचा रोग, आंख की पीड़ा, शरीर के दाग-धब्बे समाप्त हो जाते है। वहीं, इसके प्रसाद से तेजस्विता, निरोगिता व बौद्धिक क्षमता में वृद्धि होती है।

संतान के लिए उत्तम है छठ व्रत
ज्योतिषी राकेश झा के मुताबिक सूर्य षष्ठी का व्रत आरोग्यता, सौभाग्य व संतान के लिए किया जाता है। स्कंद पुराण के मुताबिक राजा प्रियव्रत ने भी यह व्रत रखा था। उन्हें कुष्ठ रोग हो गया था।
भगवान भास्कर से इस रोग की मुक्ति के लिए उन्होंने छठ व्रत किया था। स्कंद पुराण में प्रतिहार षष्ठी के तौर पर इस व्रत की चर्चा है। वर्षकृत्यम में भी छठ का वर्णन मिलता है।
बिहार में आस्था के महापर्व चैती छठ का दूसरा दिन है। दूसरे दिन भगवान सूर्य नारायण की चैती छठ को लेकर पटना में ट्रैफिक रूट में बदलाव भी किया गया है। गंगा पथ और अशोक राज पथ पर बदलाव हुआ है। पटना जिला प्रशासन ने ट्रैफिक में बदलाव करते हुए व्रतियों के लिए कई सूचनाएं जारी की हैं।
पटना में चैती छठ को लेकर बड़ी तैयारी
जिला प्रशासन, पटना द्वारा चैती छठव्रतियों तथा श्रद्धालुओं के प्रति सौजन्यता, प्रोटोकॉल एवं विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से सभी प्रबंध किया गया है। जिला स्तर से 164 स्थानों पर 18 सेक्टर पदाधिकारियों/दंडाधिकारियों के नेतृत्व में 287 दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों को तैनात किया गया है। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग के साथ स्पॉट ब्रीफिंग भी की गई है। विनम्र व्यवहार के साथ दृढ़तापूर्वक आधिकारिक उत्तरदायित्व निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है। चैती छठ महापर्व के अवसर पर अधिकारियों को यातायात प्रबंधन, विधि-व्यवस्था संधारण तथा भीड़ प्रबंधन हेतु सजग और तत्पर रहने का निदेश दिया गया है।
22 से 25 मार्च तक नदियों में प्राइवेट नाव पर रोक
22 मार्च की शाम से 25 मार्च को चैती छठ के समापन तक पटना जिला प्रशासन ने नदियों में निजी नावों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी है। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों तथा अंचल अधिकारियों को इसका अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख़्त दंडात्मक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया है। नदी घाटों पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ टीम तथा गोताखोरों को सक्रिय रखने, रिवर पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने, मेडिकल टीम क्रियाशील रखने और सीसीटीवी कैमरा एवं ड्रोन से निगरानी करने का निदेश दिया गया है। जिलाधिकारी, पटना और SSP ने सभी अनुमण्डल पदाधिकारियों, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारियों को पेट्रोलिंग पर रहकर व्यवस्था को देखते रहने का निर्देश दिया है।
मोटर बोटों के साथ SDRF, NDRD की टीम रहेगी तैयार
पटना में चैती छठ के लिए विभिन्न अनुमंडलों में स्थित नदी घाटों को कई सेक्टर में विभाजित कर 2-2 मोटर बोट एवं अन्य आवश्यक संसाधनों सहित गोताखोरों एवं जवानों के साथ 8 एसडीआरएफ टीम को तैनात किया गया है। जिलाधिकारी के निदेश पर ग्राम रक्षा दल एवं सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को भी तैनात किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत नदियों एवं तालाबों के घाटों पर लाइफ जैकेट, महाजाल एवं अन्य सभी संसाधनों के साथ परिचालन योग्य निबंधित नावों, नाविकों एवं गोताखोरों को तैनात रखने का निर्देश दिया है। किसी भी प्रकार की आवश्यकता पड़ने पर 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810/2219234), डायल 112 या जिला आपातकालीन संचालन केन्द्र (0612-2210118) पर सूचना दी जा सकती है।
जान लीजिए, कैसा रहेगा पटना का ट्रैफिक
- नई ट्रैफिक व्यवस्था 24 मार्च की दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक और 25 मार्च की रात 2 बजे से सुबह 8 बजे तक प्रभावी
- कारगिल चौक से दीदारगंज तक सभी प्रकार की गाड़ियों का आना-जाना पूरी तरह बंद रहेगा
- अशोक राजपथ के सभी एंट्री प्वाइंट सील, सिर्फ छठव्रतियों की गाड़ियां खजांची रोड के जरिए पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज कैम्पस पार्किंग तक जाएंगी
- दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ (उत्तर से दक्षिण) की ओर गाड़ियों के परिचालन पर रोक
- कारगिल चौक से शाहपुर तक छठव्रतियों की गाड़ियों को अनुमति
- गायघाट जाने वाले वाहनों को पुराने या नए बाईपास के जरिए एंट्री
- जेपी गंगा पथ पूरी तरह रहेगा बंद
- कंगन घाट से मरीन ड्राइव की ओर पश्चिम दिशा में ट्रैफिक बंद
- जेपी सेतु पर नहीं चलेंगी भारी गाड़ियां
- जेपी सेतु से पटना आने वाली गाड़ियों को गंगा पथ पर उतरने की इजाजत नहीं, दीघा होकर आगे बढ़ना होगा
- 24 मार्च दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक और 25 मार्च सुबह 2 बजे से 9 बजे तक सोनपुर, छपरा और हाजीपुर जाने के लिए महात्मा गांधी सेतु से जाएं
- अटल पथ से जेपी सेतु/सोनपुर की ओर सामान्य गाड़ियों का परिचालन बंद
- दीघा से R-ब्लॉक की ओर भी गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह बंद
- इमरजेंसी वाली गाड़ियों को अशोक राजपथ और रूपसपुर नहर रोड के जरिए दूसरा रूट दिया गया
- जेपी गंगा पथ पर किसी भी प्रकार की पार्किंग या गाड़ियों के आने-जाने पर रोक







