भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का बिहार विधानसभा में जबर्दस्त स्वागत हुआ। पटना के बांकीपुर से विधायक नितिन नवीन हाल ही में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए हैं। जब भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सदन में प्रवेश किया तो भारत माता के जयकारे लगने लगे। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी के साथ जैसे ही वे सदन के भीतर पहुंचे, पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ के नारों से गुंजायमान हो उठा। एनडीए के विधायकों ने खड़े होकर अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। नितिन नवीन की इस नई जिम्मेदारी को बिहार की राजनीति के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। सदन में मौजूद विभिन्न दलों के नेताओं ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उन्हें बधाई दी।
सदन में ‘भारत माता की जय’ के जयकारे
पटना के बांकीपुर से विधायक और नवनियुक्त बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के बिहार विधानसभा पहुंचते ही एनडीए खेमे में भारी उत्साह देखा गया। विधायकों ने नारेबाजी करते हुए उनका अभिनंदन किया। संजय सरावगी के साथ उनकी मौजूदगी ने एनडीए के भीतर एकजुटता का संदेश दिया। नवनियुक्त अध्यक्ष को बधाई देने के लिए विधायकों की होड़ मच गई, जिससे कुछ देर के लिए सदन का माहौल उत्सव जैसा हो गया।’
सदन में नितिन को इनसे मिली तारीफ
- विजय चौधरी (जेडीयू)
- सम्राट चौधरी (डिप्टी सीएम)
- राजू तिवारी (एलजेपी-आर)
- माधव आनंद (आरएलएम)
- ज्योति देवी (हम)
- संजय सरावगी (बीजेपी)
- विजय सिन्हा (विजय सिन्हा)
- प्रेम कुमार (स्पीकर)
दिग्गज नेताओं ने की प्रशंसा की बौछार
नितिन नवीन के नेतृत्व कौशल की सदन में मौजूद कई वरिष्ठ नेताओं ने सराहना की। जदयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनकी कार्यशैली की जमकर तारीफ की। नेताओं ने कहा कि नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बिहार के युवाओं और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का विषय है।







