बिहार विधानमंडल का आगामी बजट सत्र 2 फरवरी से शुरू होने वाला है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में सत्र के दौरान सुरक्षा, सुचारू ट्रैफिक, चिकित्सा, स्वच्छता और पार्किंग जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के कड़े निर्देश दिए गए। विधानसभा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि इस बार का बजट सत्र काफी विस्तृत होगा, जिसमें कुल 19 बैठकें निर्धारित की गई हैं।
सत्र की कार्यवाही को लेकर बुलाई गई थी सर्वदलीय बैठक
सत्र की कार्यवाही को बिना किसी व्यवधान के संचालित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। बैठक में सत्ता पक्ष और विपक्ष के शीर्ष नेताओं ने हिस्सा लिया। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य सदन में उत्तेजना को कम करना और स्वस्थ चर्चा को बढ़ावा देना है। विपक्षी दलों ने भी सदन चलाने में सहयोग का आश्वासन दिया, लेकिन साथ ही यह शर्त रखी कि सरकार को जनहित के सवालों पर गंभीर होना होगा।







